Homeभारतबिहार में छात्रों के प्रदर्शन में AK-47 का इस्तेमाल करने वाला पुलिसकर्मी...

बिहार में छात्रों के प्रदर्शन में AK-47 का इस्तेमाल करने वाला पुलिसकर्मी निलंबित, वीडियो हुआ था वायरल

प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एक-47 के इस्तेमाल का ये वाकया बिहार के सिवान जिले का है, जहां व्यापक हिंसा और झड़प देखने को मिली थी।

नीट पेपर लीक के खिलाफ देश भर में प्रदर्शन के बीच 25 जुलाई को ‘बिहार बंद’ के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ AK-47 का इस्तेमाल करने वाले एक पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है। पुलिसकर्मी द्वारा एक-47 के इस्तेमाल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था, जिसे लेकर विपक्ष की ओर से भी सवाल उठाए गए थे। तेजस्वी यादव सहित राहुल गांधी ऐसी कार्रवाई को लेकर भाजपा पर निशाना साधा था। निलंबित पुलिसकर्मी की पहचान अभिषेक पटेल के तौर पर हुई है।

प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एक-47 के इस्तेमाल का ये वाकया बिहार के सिवान जिले का है, जहां व्यापक हिंसा और झड़प देखने को मिली थी। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बिहार पुलिस मुख्यालय ने उस वायरल फुटेज का गंभीरता से संज्ञान लिया जिसमें कथित तौर पर एक पुलिस कांस्टेबल को AK-47 से गोली चलाते हुए दिखाया गया था। इसके बाद उसे निलंबित करने का आदेश दिया गया।

वहीं, पटना के जयप्रभा मेदांता अस्पताल में इलाज करा रहे सिवान के तीन घायल प्रदर्शनकारियों की हालत स्थिर बताई जा रही है। घायलों में 15 साल का मोहम्मद आरिफ भी शामिल है, जो परिवार के अनुसार एक दुकान पर काम करता है। उसके रिश्तेदारों ने बताया कि वह बंद के दौरान दुकान बंद करके घर लौट रहा था, तभी हंगामे के बीच उसकी गर्दन में गोली लग गई। डॉक्टरों ने सर्जरी करके सफलतापूर्वक गोली निकाल दी है और अब उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

तेजस्वी यादव और राहुल गांधी ने उठाए थे सवाल

बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने इस मामले में दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और घटना का एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें एक पुलिसकर्मी छात्रों पर गोली चलाते हुए दिखाई दे रहा है। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘सिवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने छात्रों पर सीधी फायरिंग की। AK-47 से भी फायरिंग की गई। जब 7 हत्याओं का आरोपी अपराधी मुख्यमंत्री बन जाए तब लोकतंत्र में प्रदर्शन कर रहे निर्दोष छात्रों पर पुलिस ऐसे ही गोलियां चलाती है। दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो।’

वहीं, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी यह मुद्दा उठाया और कहा कि हर जगह एक ही पैटर्न देखने को मिल रहा है। राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, ‘पूरा सिस्टम छात्रों के खिलाफ जानलेवा हो गया है। खबर आ रही है कि बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर AK-47 से गोलियाँ चलाई गई हैं और सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार करके उनपर FIR की जा रही है। मोदी जी, कहाँ गया आपका वादा कि छात्रों पर कोई FIR नहीं की जाएगी और उन्हें रिहा कर दिया जाएगा? उल्टा उनपर घातक हमले और बर्बरता की जा रही है। दिल्ली में छात्रों पर पेलेट गन चली और बिहार में AK-47। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार हो या दिल्ली – हर जगह पैटर्न एक ही है। पहले भी कहा है, ये सरकार झूठी है। सुधार इनके बस का नहीं है। अपनी बातों से मुकर जाएगी और हर तरकीब से छात्रों की आवाज दबाएगी। मोदी जी, देश के छात्रों से माफ़ी मांगिए। और जिन्होंने छात्रों पर हमला किया है, उन्हें कुचला है उनपर कार्रवाई कीजिए, छात्रों पर नहीं।’

इन विवादों के बीच पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की मुख्य जिम्मेदारी है और तय नियमों का उल्लंघन होने पर उसे गंभीरता से लिया जाता है। उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। जांच से यह पता चलेगा कि क्या हथियार का इस्तेमाल पुलिस के नियमों के मुताबिक था और क्या आगे कोई अनुशासनात्मक या कानूनी कार्रवाई जरूरी है।

सिवान में हुई थी जमकर हिंसा

छात्र आंदोलन के दौरान शनिवार को बिहार बंद में सिवान में जमकर हिंसा होने की खबरें आई थी। शहर के जेपी चौक, अस्पताल मोड़ सहित कुछ और थाना क्षेत्र में प्रदर्शन काफी हिंसक हो गया था। भीड़ की ओर से पुलिस पर पथराव और फायरिंग की भी खबरें आई थी। इस हिंसा में 40 से अधिक पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी खबरें हैं। पुलिस अब उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई में जुटी है और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

यह भी पढ़ें- ‘प्रदर्शन का ये मतलब नहीं कि लाठीचार्ज हो’, सुप्रीम कोर्ट ने जंतर-मंतर के आंदोलन में पुलिसिया कार्रवाई पर क्या कहा

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular