Homeभारतप्रचंड जीत की ओर एनडीए, अमित शाह ने कहा- घुसपैठियों को बचाने...

प्रचंड जीत की ओर एनडीए, अमित शाह ने कहा- घुसपैठियों को बचाने वालों को जनता का करारा जवाब

बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों में एनडीए को मिली भारी बढ़त पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसे देश के चुनावी इतिहास का एक अहम पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि यह नतीजे विकास आधारित राजनीति की जीत हैं और तीन चौथाई बहुमत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और सुशासन पर जनता के भरोसे को साबित करते हैं।

Bihar Election Result: बिहार के रुझानों ने एनडीए को प्रचंड जीत मिलती दिख रही है। एनडीए ने 200 का आंकड़ा पार कर लिया है। वहीं महागठबंधन को 32 सीटें मिलती दिख रही हैं। जारी मतगणना के बीच केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ नेताओं ने जनता के प्रति आभार जताया है। गृहमंत्री अमित शाह से लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा तक, सभी ने इस जीत को विकास और सुशासन से जोड़कर देखा है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एनडीए की बढ़त पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार की जनता ने जिस बड़े भरोसे के साथ जनादेश दिया है, वह राज्य में विकास, महिलाओं की सुरक्षा, सुशासन और गरीब कल्याण के एजेंडे पर उनकी मुहर है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के लिए लगातार काम किया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य को जंगलराज के दौर से बाहर निकाला। शाह ने इस जनादेश को “विकसित बिहार” के सपने पर भरोसा बताया और कहा कि यह हर उस नागरिक की जीत है जो विकास की राह में विश्वास रखता है।

अब बिहार का मतदाता केवल कामकाज पर जनादेश देता हैः अमित शाह

अमित शाह ने अपने बयान में कहा कि जंगलराज और तुष्टीकरण की राजनीति करने वालों को प्रदेश की जनता ने स्पष्ट संदेश दे दिया है। उन्होंने कहा, अब बिहार का मतदाता केवल कामकाज और प्रदर्शन के आधार पर जनादेश देता है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए के सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को बधाई दी। साथ ही भाजपा के बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक के हर कार्यकर्ता का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने नतीजों को जमीन पर उतारने में मेहनत की।

गृह मंत्री ने कहा कि बिहार की माताओं और बहनों ने जिस भरोसे के साथ एनडीए को मजबूत समर्थन दिया है, मोदी के नेतृत्व में सरकार उससे भी अधिक समर्पण के साथ काम करेगी। शाह के अनुसार, बिहार का हर वोट उन घुसपैठियों और उनके समर्थकों के खिलाफ सरकार की कड़ी नीति पर जनता के विश्वास का संकेत है। उन्होंने कहा कि वोटबैंक की राजनीति के लिए ऐसे तत्वों को बचाने की कोशिश करने वालों को बिहारवासियों ने कड़ा जवाब दिया है।

अपने बयान में शाह ने यह भी दावा किया कि बिहार ने पूरे देश का रुझान साफ कर दिया है कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण जरूरी है और इसके खिलाफ खड़ी राजनीति की अब कोई प्रासंगिकता नहीं बची है। उन्होंने कहा कि इसी कारण कांग्रेस, राहुल गांधी के नेतृत्व में, राज्य में आखिरी पायदान पर पहुंच गई है।

देश के चुनावी इतिहास में ‘सुनहरा अध्याय’: राजनाथ

बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों में एनडीए को मिली भारी बढ़त पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसे देश के चुनावी इतिहास का एक अहम पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि यह नतीजे विकास आधारित राजनीति की जीत हैं और तीन चौथाई बहुमत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और सुशासन पर जनता के भरोसे को साबित करते हैं। राजनाथ सिंह ने इसे एक ऐतिहासिक क्षण बताते हुए एनडीए नेतृत्व को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने जो जनादेश दिया है, वह एनडीए सरकार को और अधिक निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने की प्रेरणा देता है। राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अनुभव और प्रशासनिक क्षमता की भी सराहना की। साथ ही उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को उनके लगातार परिश्रम और भूमिका के लिए धन्यवाद दिया।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी रुझानों में मिली प्रचंड जीत पर प्रधानमंत्री मोदी और बिहार की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह नतीजे डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, सुशासन और विकास पर जनता के भरोसे की पुष्टि करते हैं। नड्डा ने कहा कि बिहार के मतदाताओं ने महागठबंधन के भ्रष्टाचार और अराजकता को खारिज कर स्थिरता और प्रगति को चुना है।

नितिन गडकरी ने कहा- जनता ने फिर विकास को चुना

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार की जनता ने फिर एक बार विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा नेतृत्व को जीत की बधाई दी। गडकरी ने कहा कि एनडीए की जीत साबित करती है कि जनता ने चहुंमुखी विकास के एजेंडे पर भरोसा जताया है और आने वाले समय में बिहार की प्रगति की रफ्तार और तेज होगी।

गौरतलब है कि एनडीए ने अब तक 98 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है। वहीं 104 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हे। महागठबंधन 10 सीटें जीत चुकी है और 26 पर आगे चल रही है। इस बार महागठबंधन को 74 सीटों का नुकसान होता दिख रहा है।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
Anil Sharma, Anil Anuj, Anil anuj articles, bole bharat, बोले भारत, अनिल शर्मा, अनिल अनुज,
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular