Homeमनोरंजनभूत बंगला से धमाल 4 तक… बॉक्स ऑफिस पर कॉमेडी की 'हैट्रिक',...

भूत बंगला से धमाल 4 तक… बॉक्स ऑफिस पर कॉमेडी की ‘हैट्रिक’, क्या बदल रहा ट्रेंड?

इस साल की सबसे दिलचस्प बात यह रही कि ‘वेलकम टू द जंगल’ और ‘धमाल 4’ के बीच रिलीज का अंतर सिर्फ दो सप्ताह था। पहले माना जाता था कि एक जैसी दो बड़ी फिल्मों के बीच पर्याप्त दूरी होनी चाहिए, वरना दोनों का कारोबार प्रभावित होगा। लेकिन इन दोनों फिल्मों ने मजबूत शुरुआत कर यह धारणा कमजोर कर दी।

मुंबईः पिछले कुछ सालों में बॉलीवुड बॉक्स ऑफिस पर बड़े बजट की एक्शन फिल्मों, डार्क कंटेंट और पैन इंडिया फिल्मों का दबदबा रहा। लेकिन 2026 में तस्वीर कुछ बदली हुई नजर आ रही है। महज तीन महीनों के भीतर भूत बंगला, वेलकम टू द जंगल और धमाल 4 की सफलता ने कॉमेडी फिल्मों को फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है। सवाल यह है कि क्या यह सिर्फ तीन फिल्मों की कामयाबी है या फिर दर्शकों की पसंद में बड़ा बदलाव आ रहा है।

फिल्मों के कारोबार पर करीब से नजर रखने वाले तरण आदर्श ने इन तीन फिल्मों को कॉमेडी की “हैट्रिक” बताया है। उनका कहना है कि 2026 में कॉमेडी सबसे भरोसेमंद जॉनर बनकर उभरी है। उनके मुताबिक, इन फिल्मों की सफलता इस बात का भी सबूत है कि साफ-सुथरे, पूरे परिवार के साथ देखे जा सकने वाले मनोरंजन की मांग आज भी बरकरार है।

इस साल की सबसे दिलचस्प बात यह रही कि ‘वेलकम टू द जंगल’ और ‘धमाल 4 के बीच रिलीज का अंतर सिर्फ दो सप्ताह था। पहले माना जाता था कि एक जैसी दो बड़ी फिल्मों के बीच पर्याप्त दूरी होनी चाहिए, वरना दोनों का कारोबार प्रभावित होगा। लेकिन इन दोनों फिल्मों ने मजबूत शुरुआत कर यह धारणा कमजोर कर दी। तरण आदर्श का कहना है कि दर्शक फिल्म का जॉनर नहीं, उसका कंटेंट देखते हैं। अगर कहानी और मनोरंजन दमदार हो तो वे दोनों फिल्मों को स्वीकार करते हैं।

तीनों फिल्मों की ओपनिंग एक जैसी रही!

तीनों फिल्मों की ओपनिंग भी लगभग एक जैसी रही। ‘भूत बंगला’ ने पहले वीकेंड में 65.25 करोड़ रुपये, ‘वेलकम टू द जंगल’ ने 65.83 करोड़ रुपये और ‘धमाल 4’ ने 67.21 करोड़ रुपये का नेट कारोबार किया। इससे साफ है कि कॉमेडी फिल्मों के लिए दर्शकों का उत्साह किसी एक फिल्म तक सीमित नहीं रहा।

‘धमाल 4’ ने अपनी फ्रेंचाइजी का भी नया रिकॉर्ड बनाया है। 2007 में आई पहली ‘धमाल’ का ओपनिंग वीकेंड महज 8 करोड़ रुपये था। 2011 में ‘डबल धमाल’ ने 22.78 करोड़ और 2019 में ‘टोटल धमाल’ ने 62.40 करोड़ रुपये कमाए थे। अब ‘धमाल 4’ ने 67.21 करोड़ रुपये के साथ फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी ओपनिंग दर्ज की है। करीब दो दशक पुरानी इस सीरीज का लगातार बढ़ता शुरुआती कारोबार बताता है कि दर्शकों का भरोसा अभी भी बना हुआ है।

तरण आदर्श का मानना है कि इन फिल्मों ने एक और धारणा को भी गलत साबित किया है। पिछले कुछ समय से यह चर्चा थी कि दर्शक अब फ्रेंचाइजी फिल्मों से ऊबने लगे हैं। लेकिन ‘वेलकम टू द जंगल’ और ‘धमाल 4’ की शुरुआती सफलता बताती है कि अगर कहानी नई हो और मनोरंजन भरपूर हो तो फ्रेंचाइजी होना फिल्म के लिए अतिरिक्त फायदा भी बन सकता है।

उन्होंने बॉक्स ऑफिस के बदलते ट्रेंड की ओर भी ध्यान दिलाया है। उनके मुताबिक, अब सिर्फ एडवांस बुकिंग देखकर किसी फिल्म के प्रदर्शन का अनुमान लगाना आसान नहीं रहा। ‘वेलकम टू द जंगल’ और ‘धमाल 4’ दोनों में रिलीज के बाद स्पॉट बुकिंग तेजी से बढ़ी और उसी ने शुरुआती कारोबार को नई रफ्तार दी। यानी अब दर्शक पहले दिन की एडवांस बुकिंग से ज्यादा फिल्म की प्रतिक्रिया देखने के बाद टिकट खरीद रहे हैं।

ये भी पढ़ेंः 500 से ज्यादा मुकाबले, एक भी हार नहीं… अखाड़े से ‘रामायण’ के हनुमान बनने तक ऐसा रहा दारा सिंह का सफर

मल्टीप्लेक्स के इतर भी अच्छा रहा कारोबार

एक और दिलचस्प पहलू यह है कि इन फिल्मों का कारोबार सिर्फ मल्टीप्लेक्स तक सीमित नहीं रहा। ‘धमाल 4’ को महानगरों के साथ-साथ सिंगल स्क्रीन थिएटरों, टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी शानदार प्रतिक्रिया मिली। ‘धुरंधर 2’, ‘बॉर्डर 2’, ‘भूत बंगला’, ‘वेलकम टू द जंगल’ और अब ‘धमाल 4’ ने यह साबित किया है कि छोटे शहर और मास सर्किट आज भी हिंदी फिल्मों के थिएटर कारोबार की सबसे बड़ी ताकत हैं।

अगर पिछले कुछ वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो यह ट्रेंड और स्पष्ट हो जाता है। 2022 में ‘भूल भुलैया 2’ ने करीब 186 करोड़ रुपये का नेट कारोबार किया। 2023 में ‘डंकी’ ने 212 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाए। 2024 में ‘स्त्री 2’ ने 627 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी कॉमेडी फिल्मों में जगह बनाई, जबकि ‘भूल भुलैया 3’ ने लगभग दुनिया भर में 400.35 करोड़ का कारोबार किया जिसमें भारत में कुल 311.35 करोड़ केलक्शन किया। 2025 में ‘हाउसफुल 5’ ने भी 160 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की। इनमें से कई फिल्मों ने उसी दौर में रिलीज हुई बड़े सितारों वाली एक्शन फिल्मों के बराबर या उससे बेहतर प्रदर्शन किया।

इस ट्रेंड को कुछ शोध भी मजबूती देते हैं। 1994 से 2019 के बीच बॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों पर किए गए एक पीयर-रिव्यू अध्ययन में पाया गया कि बदलते दौर के बावजूद कॉमेडी उन चुनिंदा जॉनर में रही जिसने लगातार अपनी लोकप्रियता बनाए रखी। वैश्विक स्तर पर भी महामारी के बाद फैमिली एंटरटेनर फिल्मों की मांग बढ़ने की बात कई उद्योग रिपोर्टों में सामने आई है। कहना न होगा कि साल की इन तीनों कॉमेडी फिल्मों की सफलता से वे फिल्म निर्माता भी खुश होंगे जो पिछले कुछ समय से ऐसी फिल्मों को लेकर चिंतित नजर आ रहे थे।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
Anil Sharma, Anil Anuj, Anil anuj articles, bole bharat, बोले भारत, अनिल शर्मा, अनिल अनुज,
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular