Homeखेलकूदटी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं आना चाहती बांग्लादेश की टीम,...

टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं आना चाहती बांग्लादेश की टीम, BCCI ने क्या कहा?

पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होगी, जिसका फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की सह मेजबानी में खेला जाना है।

मुंबई: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के टी20 वर्ल्ड कप में उसके मैच को भारत से श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग पर प्रतिक्रिया दी है। बांग्लादेश के खेल मंत्रालय ने देश के क्रिकेट बोर्ड को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से अपने मैच भारत से बाहर करवाने का अनुरोध करने की सलाह दी है। यह घटनाक्रम तब हुआ है जब कोलकाता नाइट राइडर्स ने BCCI के निर्देशों के बाद बांग्लादेश के खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज कर दिया है।

इस मुद्दे ने अब दोनों देशों में विवाद खड़ा कर दिया है। अगर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड भारत में खेलने से मना करता रहा तो वर्ल्ड कप भी इस विवाद में फंस सकता है। BCB अगले महीने शुरू होने वाले वर्ल्ड कप के अपने मैचों को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए ICC को लिखेगा। हालांकि, BCCI को भरोसा है कि टूर्नामेंट प्लान के मुताबिक ही होगा।

बहरहाल, बीसीबी ने रविवार को अपने विस्तृत बयान में कहा, ‘बोर्ड ने पिछले 24 घंटों के घटनाक्रम को ध्यान में रखते हुए स्थिति की विस्तार से समीक्षा की और भारत में खेले जाने वाले विश्व कप मुकाबलों में बांग्लादेश की भागीदारी से जुड़ी समग्र परिस्थितियों पर गहरी चिंता व्यक्त की। मौजूदा स्थिति का गहन मूल्यांकन और भारत में बांग्लादेशी दल की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं और बांग्लादेश सरकार की सलाह पर विचार करते हुए, निदेशक मंडल ने फैसला किया है कि बांग्लादेश नेशनल टीम मौजूदा परिस्थितियों में टूर्नामेंट के लिए भारत की यात्रा नहीं करेगी।’

BCCI ने BCB की हाइब्रिड मॉडल की मांग पर क्या कहा?

पाकिस्तान वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं आएगा और वे अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेंगे। बांग्लादेश भी इसी तरह के सिस्टम के लिए जोर दे रहा है, लेकिन BCCI का कहना है कि इस समय प्लान बदलना लगभग नामुमकिन होगा।

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, ‘आप किसी की मर्जी के हिसाब से मैच नहीं बदल सकते। यह लॉजिस्टिक्स के लिहाज से बहुत मुश्किल होगा। विरोधी टीमों के बारे में सोचिए। उनके हवाई टिकट, होटल बुक हो चुके हैं। साथ ही, सभी दिनों में तीन-तीन मैच हैं, जिसका मतलब है कि एक मैच श्रीलंका में है। ब्रॉडकास्ट क्रू भी है। इसलिए यह कहना आसान है, करना मुश्किल होगा।’

बता दें कि हाल के महीनों में बांग्लादेश में अशांति की कई तस्वीरें सामने आई हैं और अगस्त 2024 में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से हटाए जाने के बाद से भारत के साथ उसके संबंधों पर भी असर पड़ा है।

भारत का बांग्लादेश का एक तय दौरा भी इन हंगामों के बीच 2025 से 2026 तक के लिए टाल दिया गया था। हाल में पड़ोसी देश में सुरक्षा हालात की वजह से इसे एक बार फिर रोक दिया गया है। अब, बांग्लादेश का बोर्ड भी वर्ल्ड कप के अपने मैच को भारत से बाहर ले जाने की बात कहते हुए सुरक्षा चिंताओं का हवाला दे रहा है।

बांग्लादेश के वर्ल्ड कप में चार शेड्यूल लीग मैच हैं। इसमें पहला वेस्टइंडीज (7 फरवरी) के खिलाफ, दूसरा इटली (9 फरवरी) के खिलाफ, तीसरा इंग्लैंड (14 फरवरी) के खिलाफ कोलकाता में और उसके बाद उनका आखिरी मैच नेपाल (17 फरवरी) के खिलाफ मुंबई में होना है। मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होगी, जिसका फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की सह मेजबानी में खेला जाना है।

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular