अपने हालिया ट्रैक ‘टटीरी’ (Titiri/Tateeree) को लेकर चौतरफा विरोध का सामना कर रहे मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह ने आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ी है। गाने के बोल और फिल्मांकन को लेकर उपजे विवाद के बाद, बादशाह ने न केवल सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है, बल्कि इस गाने को सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म से वापस लेने का भी फैसला किया है।
शनिवार को इंस्टाग्राम पर जारी एक वीडियो संदेश में बादशाह ने कहा कि उन्हें पता चला है कि गाने के एक हिस्से और उसके विजुअल्स से कई लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, खासकर हरियाणा के लोगों की। उन्होंने कहा कि वह खुद हरियाणा से हैं और अपनी पहचान को लेकर बेहद गर्व महसूस करते हैं।
बादशाह ने कहा कि जो लोग उन्हें जानते हैं, वे यह भी जानते हैं कि उनकी भाषा, खान-पान, जीवनशैली और पहचान हरियाणा से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि उनका कभी भी किसी बच्चे या महिला के बारे में गलत तरीके से कुछ कहने का इरादा नहीं था।
बादशाह ने सफाई देते हुए कहा कि वह हिप-हॉप म्यूजिक शैली से आते हैं, जहां अक्सर गीतों के बोल प्रतिद्वंद्वी को नीचा दिखाने या प्रतिस्पर्धा के रूप में लिखे जाते हैं। उन्होंने कहा कि गाने के बोल किसी महिला या बच्चे के लिए नहीं थे और वह कभी ऐसा करने की सोच भी नहीं सकते।
उन्होंने यह भी कहा कि वह हमेशा कोशिश करते रहे हैं कि हरियाणा की संस्कृति और बोली को अपने संगीत के जरिए दुनिया तक पहुंचाएं। बादशाह ने कहा कि अगर उनके गाने से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह दिल से माफी मांगते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि उन्हें हरियाणा का बेटा समझकर माफ कर दें। विवाद के बाद उन्होंने यह भी बताया कि गाने को सभी प्लेटफॉर्म से हटाया जा रहा है।
गाने के वीडियो पर उठा था विवाद
दरअसल, गाने की एक लाइन “आया बादशाह डोली चढ़ाने, इन सबकी घोड़ी बनाने” को लेकर आपत्ति जताई गई थी। टटीरी गाना 1 मार्च को रिलीज हुआ था। हरियाणवी हिप-हॉप स्टाइल में बने इस ट्रैक के कुछ लिरिक्स और वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म वाली लड़कियों के विजुअल्स को लेकर सोशल मीडिया पर भारी आलोचना हुई।
आरोप लगाया गया कि वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहनी लड़कियों को हरियाणा रोडवेज की बस में चढ़ते और बैग फेंकते हुए दिखाया गया है, जिससे अश्लीलता और महिलाओं के प्रति अपमानजनक संदेश जाता है।
मामले के तुल पकड़ने के बाद हरियाणा में 3 मामले दर्ज हुए हैं। पंचकूला के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज एक शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गाने की भाषा और दृश्य युवाओं पर गलत प्रभाव डाल सकते हैं। हरियाणा पुलिस ने बादशाह की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। साथ ही लुक आउट सर्कुलर करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस गाने पर रील बनाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
उधर, इस मामले में हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी बादशाह को नोटिस जारी कर 13 मार्च को पेश होने के लिए कहा है। यह नोटिस पानीपत की ‘नारी तू नारायणी संस्था’ की अध्यक्ष सविता आर्या और शिव आरती फाउंडेशन के प्रमुख शिव कुमार की शिकायत के बाद जारी किया गया।

