Homeविश्वबांग्लादेश: पेट्रोल के पैसे मांगने पर हिंदू युवक की वाहन से कुचलकर...

बांग्लादेश: पेट्रोल के पैसे मांगने पर हिंदू युवक की वाहन से कुचलकर हत्या; एक महीने में 10वीं मौत

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक मृतक की पहचान 30 वर्षीय रिपन साहा के रूप में हुई है, जो राजबारी के गोलंदा मोड़ के पास ‘करीम फिलिंग स्टेशन’ पर काम करता था।

ढाका: बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, विशेषकर हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला राजबारी जिले के सदर उपजिला से सामने आया है, जहां एक हिंदू युवक को महज इसलिए वाहन से कुचलकर मार डाला गया क्योंकि उसने पेट्रोल के पैसे मांगे थे।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक मृतक की पहचान 30 वर्षीय रिपन साहा के रूप में हुई है, जो राजबारी के गोलंदा मोड़ के पास ‘करीम फिलिंग स्टेशन’ पर काम करता था। बांग्लादेशी समाचार पत्र ‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना शुक्रवार तड़के की है।

बांग्लादेश के प्रमुख अखबार द डेली स्टार के अनुसार, फिलिंग स्टेशन के कर्मचारियों ने बताया कि एक काली लैंड क्रूजर कार में 5,000 टका का पेट्रोल भरवाया गया। जब रिपन साहा ने पैसे मांगा, तो चालक ने पैसे देने से इनकार कर दिया और भागने की कोशिश की। रिपन ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने बेरहमी से उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बीएनपी नेता और चालक गिरफ्तार, एक महीने में 10 हिंदुओं की हत्या

राजबारी सदर थाना के प्रभारी खोंडकर जियाउर रहमान ने घटना की पुष्टि करते हुए इसे महज एक दुर्घटना मानने से इनकार किया है। पुलिस ने शुक्रवार दोपहर सदर उपजिला स्थित आवास से वाहन मालिक अबुल हाशेम को गिरफ्तार कर लिया है। हाशेम बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की राजबारी जिला इकाई का पूर्व कोषाध्यक्ष है। इसके अलावा, वाहन चालक कमल हुसैन को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारी रहमान ने स्पष्ट किया कि यह एक हत्या है और पुलिस जल्द ही हत्या का मामला दर्ज करेगी।

बता दें कि रिपन साहा की हत्या पिछले एक महीने के भीतर हिंदू समुदाय के किसी व्यक्ति की दसवीं हत्या है। इसी हफ्ते की शुरुआत में, फेनी जिले के दागनभुइयां उपजिला में एक अन्य हिंदू युवक समीर दास (27) की बदमाशों ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। समीर पेशे से ऑटो-रिक्शा चालक था और उसका शव सोमवार को एक खेत से बरामद हुआ था।

हिंदुओं की हत्याओं पर भारत ने क्या कहा था?

बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे लगातार हमलों पर भारत सरकार ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। 9 जनवरी को भारत ने आधिकारिक तौर पर अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों के बार-बार होने वाले पैटर्न पर गहरी चिंता व्यक्त की थी। भारत ने कहा था कि वह पड़ोसी देश की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और उम्मीद करता है कि अंतरिम सरकार सांप्रदायिक हिंसा की इन घटनाओं पर निर्णायक कार्रवाई करेगी।

मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के दौरान बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा और भेदभाव के मामले तेजी से बढ़े हैं। वैश्विक स्तर पर कई मानवाधिकार संगठनों और नागरिक समूहों ने इन हत्याओं पर आक्रोश व्यक्त किया है। आरोप लग रहे हैं कि राजनीतिक अस्थिरता के बीच हिंदू समुदाय को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है, जिससे वहाँ का अल्पसंख्यक समाज असुरक्षित महसूस कर रहा है।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
Anil Sharma, Anil Anuj, Anil anuj articles, bole bharat, बोले भारत, अनिल शर्मा, अनिल अनुज,
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular