Friday, March 20, 2026
Homeमनोरंजनदुबई में फंसी अभिनेता एमी विर्क की बेटी और पत्नी, इंस्टा पर...

दुबई में फंसी अभिनेता एमी विर्क की बेटी और पत्नी, इंस्टा पर साझा किये नोट में जाहिर की चिंता

इजराइल और अमेरिका के ईरान पर हमले के बाद पश्चिम एशिया के बिगड़ते हालातों के बीच पंजाबी स्टार एमी विर्क ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर एक बेहद इमोशनल नोट लिखा। एमी ने खुलासा किया कि उनकी पत्नी और 6 साल की मासूम बेटी इस वक्त यूएई में फंसे हैं और वहां के मौजूदा तनावपूर्ण माहौल के कारण वह एक पति और पिता के तौर पर काफी डरे हुए हैं।

एमी विर्क ने अपनी बेटी के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए लिखा कि उसकी बातें सुनकर उनका दिल बैठ गया। एमी ने बताया, “यूएई के हालात मेरे दिल पर बोझ की तरह हैं। मेरी पत्नी और 6 साल की बेटी वहां हैं। एक पिता के रूप में यह सुनना बहुत दर्दनाक है जब आपकी बेटी कहे- ‘पापा, अगर कुछ हुआ तो मैं अपने बेड के नीचे छिप जाऊंगी। मैं एक बहादुर लड़की हूं पापा, आप चिंता मत करो।’ कोई भी पिता अपनी संतान के मुंह से ऐसे शब्द नहीं सुनना चाहता।”

एमी ने आगे लिखा कि सार्वजनिक जीवन में हम चाहे कितने भी मजबूत दिखें, लेकिन दिन के अंत में हम सभी पारिवारिक लोग हैं और हर न्यूज़ अपडेट अब उन्हें निजी तौर पर प्रभावित कर रहा है।

‘खेल-खेल में’ और ‘बैड न्यूज़’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके अभिनेता ने केवल अपने परिवार ही नहीं, बल्कि वहां फंसे हर व्यक्ति के लिए दुआ की है। उन्होंने यूएई सरकार और अधिकारियों के प्रयासों की भी सराहना की।

एमी ने कहा, “मुझे बताया गया है कि वहां के अधिकारी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं, जिसके लिए मैं आभारी हूं। मेरी प्रार्थना है कि यह दौर जल्द बीत जाए और सभी परिवार सुरक्षित महसूस करें।”

अमेरिका–इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण यूएई समेत पश्चिम एशिया के कई देशों के लिए आने-जाने वाली उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं। कई क्षेत्रों में हवाई क्षेत्र बंद है। इंडिगो, अकासा एयर, कतर एयरवेज और एमिरेट्स जैसी प्रमुख एयरलाइंस ने भी अपनी कई सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी हैं।

अबू धाबी और दुबई सहित कई जगहों पर फंसे भारतीय नागरिक सोशल मीडिया पर अपनी स्थिति साझा कर रहे हैं। बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु, अभिनेता विष्णु मांचू, अभिनेत्री सोनल चौहान और ईशा गुप्ता सहित कई टीमों ने भी ऑनलाइन अपडेट साझा किए हैं।

भिनेत्री सोनल चौहान, जो हाल ही में दुबई में फंसी थीं, ने सोशल मीडिया पर अपनी सुरक्षा की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “जो लोग मुझे संदेश भेज रहे हैं और मेरी चिंता कर रहे हैं, उनका धन्यवाद। मैं सुरक्षित हूं। यहां की अथॉरिटीज़ सभी की सुरक्षा के लिए पूरा प्रयास कर रही हैं। घबराने की कोई बात नहीं है।”

सोनल ने दुबई प्रशासन की सराहना करते हुए लोगों से अफवाहें न फैलाने की अपील भी की। इससे पहले उन्होंने यात्रा बाधित होने के कारण भारत लौटने के लिए भारतीय अधिकारियों से सहायता की मांग की थी।

अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments