HomeभारतCJP का 'संसद चलो' मार्च, सौरभ दास बोले- 'जेपी नड्डा ने बातचीत...

CJP का ‘संसद चलो’ मार्च, सौरभ दास बोले- ‘जेपी नड्डा ने बातचीत के लिए बुलाया,’ दिपके ने तोड़ा अनशन; सुबह से क्या कुछ हुआ

जंतर-मंतर पर सोमवार सुबह से ही हजारों समर्थक जुटने लगे थे। कुछ विपक्षी दलों के कई नेता भी प्रदर्शन में शामिल हुए। अभिजीत दिपके ने सोमवार सुबह अपना अनशन तोड़ा।

संसद के मानसून सत्र के पहले दिन राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘संसद चलो’ मार्च को रोकने के लिए पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यस्था की है। कुछ प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि संसद मार्ग के पास पुलिस ने लाठीचार्ज किया और कई लोगों को हिरासत में लिया। हालांकि दिल्ली पुलिस ने बल प्रयोग के आरोपों से फिलहाल इनकार किया है। इस बीच सरकार से बातचीत का प्रस्ताव मिलने का दावा भी सीजेपी की ओर से किया गया है। वहीं, अभिजीत दिपके ने शनिवार से चला आ रहा अपना अनशन तोड़ दिया है।

इससे पहले सोमवार सुबह से ही हजारों समर्थक जंतर-मंतर पर जुटने लगे थे। कुछ विपक्षी दलों के कई नेता भी प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारी नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले को लेकर सरकार से जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। वहीं, कुछ वीडियो जरूर सामने आए हैं जिसमें रैपिड एक्शन फोर्स के जवान मार्च में आए लोगों को हटाने और तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज करते नजर आ रहे हैं।

सरकार ने बातचीत का दिया प्रस्ताव- CJP

सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने कुछ घंटे पहले बताया कि सरकार की ओर से बातचीत का प्रस्ताव आया है और पार्टी के प्रतिनिधि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी संवाद के लिए तैयार है। सौरव दास ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा है कि सरकार ने बातचीत के लिए संपर्क किया है। उन्होंने कहा, ‘अभी सुबह के 11:52 बजे हैं। आशुतोष रांका और मैं, कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से जेपी नड्डा से मिलने जा रहे हैं। सरकार ने सुबह बातचीत के लिए संपर्क किया था। हमारी मांगें साफ हैं। युवा बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए हैं।’

इससे पहले दिल्ली पुलिस ने संसद की सुरक्षा और नई दिल्ली क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू होने का हवाला देते हुए मार्च की अनुमति नहीं दी। संसद भवन और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती की गई है। इसी दौरान जब प्रदर्शनकारी संसद की ओर बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।

अभिजीत दिपके की भूख हड़ताल खत्म

कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके ने भी सोमवार सुबह एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के कहने पर अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी। वांगचुक अभी भी अस्पताल में हैं। दिपके ने जूस पीकर अनशन खत्म किया, जिसे उन्होंने शनिवार सुबह शुरू किया था। इससे पहले वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन वाले मंच से बताया कि वांगचुक ने दिपके से अपना उपवास तोड़ने का आग्रह किया है, क्योंकि उन्हें विरोध जारी रखने के लिए एनर्जी की जरूरत है। इसके कुछ बाद दिपके और आंग्मो संसद तक जाने वाले विरोध मार्च में शामिल हो गए।

इनके साथ रिया कुमारी के पिता भी थे, जो NEET की तैयारी कर रही थीं और जिन्होंने आत्महत्या कर ली थी। दिपके और आंग्मो संसद की ओर धीरे-धीरे बढ़ रहे एक छोटे से ट्रक पर चढ़े, जबकि हज़ारों CJP समर्थक उनके साथ-साथ चल रहे थे।

खड़गे ने संसद में उठाया मुद्दा

दूसरी ओर राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने मानसून सत्र के पहले दिन इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज हुआ है। खड़गे ने कहा कि यह लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा मामला है और सरकार उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।

वहीं, सोशल मीडिया पर लाठीचार्ज और हिंसा की खबरों के बीच दिल्ली पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि प्रदर्शन के दौरान हिंसा या व्यापक बल प्रयोग की खबरें भ्रामक हैं। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केवल आवश्यक कार्रवाई की गई।

AAP नेता भी प्रदर्शन में पहुंचे

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और आतिशी भी सुबह जंतर-मंतर पहुंचे और प्रदर्शन में शामिल हुए। इससे पहले मनीष सिसोदिया ने लोगों से राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर छात्रों के समर्थन में संसद मार्च में शामिल होने की अपील की थी। इन घटनाक्रमों के बीच सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशनों के गेट अस्थायी रूप से सुबह कुछ देर के लिए बंद कर दिए थे। बाद में राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर गेट और इंटरचेंज सुविधा फिर से शुरू कर दी गई।

यह भी पढ़ें- सोनम वांगचुक ने कहा, आज तोड़ देंगे अनशन, लेकिन पहले पूरी हों ये तीन शर्तें

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular