Homeभारतभीषण गर्मी के बीच बारिश के बन रहे आसार? भारत की ओर...

भीषण गर्मी के बीच बारिश के बन रहे आसार? भारत की ओर बढ़ रहा मजबूत पश्चिमी विक्षोभ

INSAT-3DS मौसम उपग्रह द्वारा 21 मई को ली गई ताजा थर्मल इन्फ्रारेड तस्वीरों में अफगानिस्तान, पाकिस्तान और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी भारत के ऊपर एक विशाल बादल समूह और चक्रवाती सर्कुलेशन दिखाई दे रहा है।

नई दिल्ली: भारत के बड़े हिस्से में भीषण गर्मी की मार जारी है। आलम ये है कि रात के समय भी तापमान असामान्य रूप से अधिक बना हुआ है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) द्वारा प्राप्त ताजा सैटेलाइट तस्वीरों से पता चला है कि एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) भारत की ओर बढ़ रहा है। इससे आने वाले दिनों में उत्तर भारत का मौसम बदल सकता है और बारिश की संभावना बनेगी। इससे भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद जगी है।

INSAT-3DS मौसम उपग्रह द्वारा 21 मई को ली गई ताजा थर्मल इन्फ्रारेड तस्वीरों में अफगानिस्तान, पाकिस्तान और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी भारत के ऊपर एक विशाल बादल समूह और चक्रवाती सर्कुलेशन दिखाई दे रहा है। तस्वीरों में घने सफेद बादल पट्टियों के रूप में स्पष्ट रूप से हिमालयी क्षेत्र और उत्तरी मैदानों की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं।

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में भी बादलों का जमावड़ा

उपग्रह से ली गई तस्वीर में अरब सागर में भी व्यापक नमी का प्रवेश और उत्तर पूर्वी भारत और बंगाल की खाड़ी में बादलों का जमाव भी स्पष्ट दिख रहा है। मानसून की स्थिति धीरे-धीरे अनुकूल होने से ये बादल समूह बनने लगे हैं। मौसम विशेषज्ञों का मानना ​​है कि आने वाला पश्चिमी विक्षोभ इस नमी के साथ मिल सकता है, जिससे कई क्षेत्रों में गरज के साथ तूफान, तेज हवाएं, बिजली गिरने और बारिश की संभावना बढ़ सकती है।

सबसे तीव्र बादल की गतिविधि उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के ऊपर केंद्रित है। पूर्वोत्तर भारत के ऊपर भी बादलों के अतिरिक्त समूह दिखाई दे रहे हैं, जो यह दर्शाते हैं कि देश के पूर्वी हिस्से में मानसून से पहले की आंधी-तूफान की गतिविधि पहले से ही सक्रिय है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले कुछ दिनों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। हालांकि इसकी तीव्रता अभी अनिश्चित है। कुछ क्षेत्रों में धूल भरी आंधी और छिटपुट ओलावृष्टि भी संभव है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बारिश से पूरे उत्तर भारत में चल रही भीषण गर्मी तुरंत समाप्त नहीं होगी, लेकिन इससे तापमान में गिरावट जरूर होगी। खासकर रात के तापमान में कमी आएगी जो खतरनाक रूप से अधिक बना हुआ है।

भीषण गर्मी की चपेट में है अभी भारत के कई हिस्से

इन दिनों उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत कई दिनों से भीषण गर्मी की चपेट में है। दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच रहा है। जबकि रात का तापमान भी लगातार अधिक बना हुआ है, जिससे सूरज डूबने के बाद भी तापमान में कोई खास कमी नहीं आती। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि असामान्य रूप से गर्म रातें विशेष रूप से खतरनाक हैं क्योंकि मानव शरीर को ठंडा होने का लगभग कोई समय नहीं मिलता।

बहरहाल, मौसम का बदलाव आने वाले दिनों में लाखों लोग को लिए अस्थायी राहत ला सकता है जो पिछले कई दिनों से उमस भरी रातों से जूझ रहे हैं। वैसे, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम की चरम स्थितियां और भी तीव्र हो रही हैं, ऐसे में भारत को लंबे समय तक चलने वाली लू से जूझते रहने के लिए तैयार रहना होगा।

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular