Table of Contents
अलीगढ़ लोकसभा सीटः तालों का शहर अलीगढ़ उत्तर प्रदेश राजनीति में अपनी विशेष पहचान रखता है। ताला और तालीम के साथ ही यहां की राजनीति भी चर्चा में रहती है। अलीगढ़ लोकसभा में कुल 7 विधानसभा सीटें हैं जिनपर भाजपा का कब्जा है। वहीं पिछले दो लोकसभा चुनाव (2014 और 2019) में यहां से भाजपा के सतीश कुमार गौतम सांसद चुने गए। 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने फिर से गौतम पर ही दांव लगाया है।
अलीगढ़ में कुल 7 विधानसभा सीटें हैं। इनमें अलीगढ़, छर्रा, बरौली, अतरौली, इगलास, कोल और खैर। लोकसभा सीट के चुनावी आंकड़े को देखें तो 5 साल (2014-2019) में यहां भाजपा का वोट शेयर 8% बढ़ा है। 2014 के चुनाव में भाजपा का वोट शेयर 48.6% था जो 2019 में 8 प्रतिशत बढ़कर 56.4% हो गया। वहीं पांच सालों में कांग्रेस के वोट शेयर में 1.5% की गिरावट आई।
2014 में कांग्रेस का वोट शेयर 5.9 प्रतिशत था जो 2019 में 4.4% तक आ गया। सपा और बसपा की बात करें तो 2014 में बसपा का वोट शेयर 21.5 प्रतिशत, वहीं सपा का 21.4% वोट शेयर था। 2019 में सपा-बसपा ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। दोनों का मिलाकर कुल वोट शेयर 36.7% रहा था।
कब किस पार्टी के हिस्से गई अलीगढ़ लोकसभा सीट”
1980 से 2019 तक हुए 10 चुनावों में भाजपा ने छह बार जीत दर्ज की। इससे पहले 1962 में रिपब्लिकन पार्टी के बुद्धप्रिय मौर्य जीते थो वहीं सन् 1967 और 71 में भारतीय क्रांति दल के शिव कुमार शास्त्री सांसद रहे। जबकि 1977 में जनता पार्टी के नवाब सिंह चौहान और 1980 में इंद्रा कुमारी ने इस सीट पर कब्जा किया था। साल 1984 में यहां से कांग्रेस ने जीत दर्ज। लेकिन 1989 में यहां जनता दल की वापसी हुई। वर्ष 2004 में कांग्रेस के बिजेंद्र सिंह जीते लेकिन 2009 में बहुजन समाज पार्टी ने यह सीट कांग्रेस से छीन ली। बसपा की राज कुमारी चौहान ने यहां से जीत दर्ज की। इसके बाद 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के सतीश कुमार लगातार जीत दर्ज करते आ रहे हैं।
भाजपा ने 2014 में 27 % मार्जिन तो 2019 में 19.7 % वोट मार्जिन से अपने प्रतिद्वंदियों को दी शिकस्त
अलीगढ़ में कितने मतदाता?
2019 के आम चुनाव के अनुसार, अलीगढ़ लोकसभा सीट पर कुल 18,47,005 मतदाता हैं जिसमें पुरुष की संख्या 9,91,883 और महिला वोटरों की संख्या 8,54,984 है। 2019 के लोकसभा चुनाव में यहां कुल मतदान 11,63,184 (63.3%) हुआ था जिसमें से कुल 62.6% वैध वोट थे। यहां जीत-हार का मार्जिन 229,261 (19.7%) रहा था।