Homeभारतअतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे की सड़क हादसे में मौत, डिवाइडर...

अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे की सड़क हादसे में मौत, डिवाइडर से टकाराई कार

सड़क हादसे में जान गंवाने वाले अबान के बड़े भाई उमर और अली अलग-अलग मामलों में जेल में बंद हैं। वहीं, तीसरे भाई असद को अप्रैल 2023 में झांसी में एसटीएफ ने मुठभेड़ में मारा था। परिवार का एक और बेटा अहजम है, जो कोलकाता में रहकर पढ़ाई कर रहा है।

माफिया से नेता बने और 2023 में मारे जा चुके अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की मौत हो गई है। उत्तर प्रदेश के झांसी में गुरुवार को एक सड़क हादसे में अबान की जान चली गई। इस हादसे में उसके दोस्त सोनू की भी मौत हो गई। झांसी के वरिष्ठ एसएसपी ने दोनों की मौत की पुष्टि की है।

पुलिस के अनुसार हादसे के समय कार में कुल पांच लोग सवार थे। सभी लोग प्रयागराज से झांसी की ओर एक हुंडई क्रेटा कार में जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अबान और सोनू की मौके पर ही मौत हो गई।

अबान के बड़े भाई उमर और अली अलग-अलग मामलों में जेल में बंद हैं। वहीं, तीसरे भाई असद की अप्रैल 2023 में झांसी में एसटीएफ की मुठभेड़ में मौत हो गई थी। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार परिवार का एक और बेटा अहजम है, जो कोलकाता में रहकर पढ़ाई कर रहा है।

असद का एनकाउंटर और फिर अतीक अहमद की हत्या

इससे पहले 13 अप्रैल 2023 को उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स ने झांसी के पास मुठभेड़ में अतीक अहमद के 19 वर्षीय बेटे असद अहमद और उसके कथित सहयोगी गुलाम को मार गिराया था। दोनों पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। दोनों वकील उमेश पाल हत्याकांड में वांछित थे।

24 फरवरी 2023 को प्रयागराज के धूमनगंज इलाके में उमेश पाल और उनके दो पुलिस सुरक्षा कर्मियों की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उमेश पाल 2005 में बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के प्रमुख गवाह थे।

पुलिस ने इस मामले में असद अहमद के अलावा अरमान, गुलाम, गुड्डू मुस्लिम और साबिर को भी आरोपी बनाया था। पुलिस के अनुसार, गुलाम के खिलाफ पहले से आठ आपराधिक मामले दर्ज थे।

असद के एनकाउंटर के दो दिन बाद अतीक और अशरफ की हत्या

असद अहमद की मुठभेड़ में मौत के महज दो दिन बाद 15 अप्रैल 2023 को अतीक अहमद और उसके भाई खालिद अजीम उर्फ अशरफ की प्रयागराज में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

यह घटना उस समय हुई थी जब पुलिस अपनी हिरासत में दोनों भाइयों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जा रही थी। इसी दौरान पत्रकार बनकर पहुंचे तीन हमलावरों ने बेहद करीब से उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी थी।

हमलावरों ने खुद को मीडियाकर्मी बताते हुए अतीक और अशरफ के करीब पहुंचने की कोशिश की थी। गोलीबारी के तुरंत बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया था। अब झांसी में हुए सड़क हादसे में अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद की मौत के साथ परिवार एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। बताते चलें कि सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले अबान की मां शाइस्ता परवीन पिछले तीन साल से फरार चल रही है। वहीं, उसकी चाची जैनब (अतीक के भाई अशरफ की पत्नी) भी वांछित हैं।

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular