Homeकारोबारतत्काल टिकट बुकिंग से लेकर ITR, LPG, बैंकिंग तक… आज से हुए...

तत्काल टिकट बुकिंग से लेकर ITR, LPG, बैंकिंग तक… आज से हुए ये कई अहम बदलाव

इस महीने आयकर रिटर्न (आईटीआर) दाखिल करने की अंतिम तारीख, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक, रेलवे के तत्काल टिकट बुकिंग नियमों में बदलाव, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की नई कीमतें और कई बैंकों के डेबिट व क्रेडिट कार्ड नियमों में संशोधन जैसे बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।

नई दिल्ली: अगस्त 2026 की शुरुआत के साथ ही आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और जेब से जुड़े कई अहम नियम बदल गए हैं। इस महीने आयकर रिटर्न (आईटीआर) भरने की आखिरी तारीख, आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक, रेलवे के तत्काल टिकट बुकिंग नियम, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतें और कई बैंकों के डेबिट-क्रेडिट कार्ड से जुड़े नियमों में बदलाव लागू हो गए हैं। इनका असर टैक्स भरने वालों, बैंक ग्राहकों, कारोबारियों और ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ सकता है। आइए जानते हैं इस महीने क्या-क्या बदला है।

आईटीआर दाखिल करने की आखिरी तारीख 31 अगस्त: अगर आप आईटीआर-3 या आईटीआर-4 फॉर्म भरते हैं और आपके खातों का टैक्स ऑडिट जरूरी नहीं है, तो आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 अगस्त 2026 है। यह नियम खासतौर पर स्वरोजगार करने वाले पेशेवरों, फ्रीलांसरों, छोटे कारोबारियों और प्रिजम्प्टिव टैक्सेशन स्कीम (धारा 44एडी और 44एडीए) चुनने वाले करदाताओं पर लागू होता है।

समय पर रिटर्न दाखिल नहीं करने पर आयकर अधिनियम की धारा 234एफ के तहत 5,000 रुपये तक का जुर्माना लग सकता है। अगर टैक्स बकाया है तो धारा 234ए के तहत ब्याज भी देना पड़ सकता है।

3 से 5 अगस्त तक होगी आरबीआई की एमपीसी बैठक: भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक 3 से 5 अगस्त तक होगी। बैठक के बाद 5 अगस्त को रेपो रेट और अन्य नीतिगत फैसलों की घोषणा की जाएगी।

हालांकि तुरंत कोई नया नियम लागू होने की संभावना नहीं है, लेकिन रेपो रेट में बदलाव होने पर आने वाले समय में होम लोन, कार लोन, पर्सनल लोन की ईएमआई और फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) की ब्याज दरों पर असर पड़ सकता है।

रेलवे में तत्काल टिकट के लिए टोकन सिस्टम लागू: भारतीय रेलवे ने 1 अगस्त से रिजर्वेशन काउंटरों पर तत्काल टिकट बुकिंग के लिए टोकन सिस्टम शुरू कर दिया है। इसका उद्देश्य लंबी कतारों को कम करना और टिकट बुकिंग को अधिक व्यवस्थित बनाना है।

इसके अलावा रेलवे ने एक और नई व्यवस्था लागू की है। रेलवे ने यात्रियों के लिए एक नई डिजिटल सुविधा भी शुरू की है। अब ट्रेन टिकट बुक करते समय ही अतिरिक्त सामान (लगेज) की ऑनलाइन बुकिंग और भुगतान किया जा सकेगा। इससे यात्रियों को अलग से पार्सल कार्यालय जाकर सामान बुक कराने की जरूरत नहीं होगी।

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर हुआ 200 रुपये से ज्यादा सस्ता: तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 200 रुपये से अधिक की कटौती की है।

नई दरों के मुताबिक दिल्ली में सिलेंडर 202 रुपये और कोलकाता में 209 रुपये सस्ता हो गया है। हालांकि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पढ़ें पूरी खबरः सस्ता हुआ कमर्शियल LPG सिलेंडर, दिल्ली में 202 और कोलकाता में 209 रुपये की कटौती

एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड नियमों में बदलाव: एक्सिस बैंक ने अपने बर्गंडी मैग्नस क्रेडिट कार्ड के कई फीचर्स में बदलाव किया है। 28 अगस्त से डायनेमिक करेंसी कन्वर्जन (डीसीसी) शुल्क 1.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 2 प्रतिशत कर दिया जाएगा।

इसके अलावा टोल भुगतान और गिफ्ट कार्ड खरीदने पर मिलने वाले रिवॉर्ड पॉइंट्स बंद हो जाएंगे। घरेलू एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस से जुड़े कुछ नियमों में भी बदलाव किया गया है।

एक्सिस बैंक डेबिट कार्ड पर भी नए नियम: एक्सिस बैंक के प्रेस्टाइज डेबिट कार्ड पर मिलने वाले कॉम्प्लिमेंट्री इंश्योरेंस का नियम भी बदल गया है। अब बीमा का लाभ लेने के लिए ग्राहकों को बीमा घटना से पहले के 30 दिनों के भीतर कम से कम एक पात्र डेबिट कार्ड ट्रांजैक्शन करना होगा। पहले यह अवधि 90 दिन थी।

इसके अलावा 28 अगस्त से डेबिट कार्ड पर डायनेमिक करेंसी कन्वर्जन (डीसीसी) शुल्क 1.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 3.5 प्रतिशत कर दिया जाएगा।

कोटक महिंद्रा बैंक ने भी बढ़ाया विदेशी लेनदेन शुल्क: कोटक महिंद्रा बैंक ने 1 अगस्त से अपने डेबिट कार्ड पर डायनेमिक करेंसी कन्वर्जन (डीसीसी) शुल्क बढ़ा दिया है। अब विदेश में या अंतरराष्ट्रीय व्यापारियों के यहां किए गए लेनदेन पर ग्राहकों को 3.5 प्रतिशत + जीएसटी शुल्क देना होगा। पहले यह शुल्क 1 प्रतिशत + जीएसटी था।

बैंकिंग सेवाओं के कुछ शुल्क भी बदले: उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक ने एसएमएस अलर्ट का शुल्क संशोधित किया है। अब ग्राहकों से प्रति एसएमएस 30 पैसे लिए जाएंगे। हालांकि इस पर मासिक सीमा भी तय की गई है।

इसके अलावा कई बैंकों ने डेबिट कार्ड के वार्षिक शुल्क, ट्रांजैक्शन फीस और अन्य बैंकिंग सेवाओं में भी बदलाव किए हैं। ऐसे में ग्राहकों को अपने बैंक से नए शुल्कों की जानकारी जरूर लेनी चाहिए।

समाचार एजेंसी आईएएनएस इनपुट

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
Anil Sharma, Anil Anuj, Anil anuj articles, bole bharat, बोले भारत, अनिल शर्मा, अनिल अनुज,
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular