Homeकारोबार'57% निर्यात पर कोई टैरिफ नहीं', पीएम मोदी के दौरे से पहले...

‘57% निर्यात पर कोई टैरिफ नहीं’, पीएम मोदी के दौरे से पहले ट्रेड डील पर क्या बोले न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री

पीएम नरेंद्र मोदी 10-11 जुलाई को दो दिनों के न्यूजीलैंड दौरे पर होंगे। यह दौरा इसलिए भी अहम है क्योंकि करीब चार दशक बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की न्यूजीलैंड की यह पहली राजकीय यात्रा होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की होने जा रही न्यूजीलैंड यात्रा से एक दिन पहले न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने दोनों देशों के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि इस समझौते के लागू होते ही न्यूजीलैंड से भारत को होने वाले 57 फीसदी निर्यात पर पहले ही दिन से कोई टैरिफ नहीं लगेगा।

क्रिस्टोफर लक्सन ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भारत के साथ हुआ यह व्यापार समझौता न्यूजीलैंड के कारोबार के लिए नए अवसर लेकर आएगा और भारतीय बाजार तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा, ‘भारत के साथ हमारा व्यापार समझौता न्यूजीलैंड के कारोबार को नई गति देने जा रहा है। भारत को हमारा 57 फीसदी निर्यात पहले ही दिन से टैरिफ मुक्त होगा।’

पीएम मोदी का न्यूजीलैंड दौरा

लक्सन की ओर से ट्रेड समझौते को लेकर ताजा घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 10 से 11 जुलाई तक प्रस्तावित दो दिवसीय न्यूजीलैंड यात्रा से ठीक पहले की गई है। पीएम मोदी को न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने आधिकारिक निमंत्रण दिया था। पीएम मोदी का यह दौरा इसलिए भी अहम है क्योंकि करीब चार दशक बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की न्यूजीलैंड की यह पहली राजकीय यात्रा होगी।

ऑकलैंड दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के बीच द्विपक्षीय वार्ता होने की उम्मीद है। दोनों नेता भारत-न्यूजीलैंड संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे, जिसमें व्यापार, वाणिज्य और रक्षा सहयोग पर विशेष जोर रहेगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी प्रमुख उद्योगपतियों और खेल जगत की हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे। साथ ही भारतीय समुदाय को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है।

पीएम मोदी की यात्रा की घोषणा करते हुए इससे पहले पिछले हफ्ते क्रिस्टोफर लक्सन ने एक्स पर लिखा था कि उन्हें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह अपनी पहली आधिकारिक न्यूजीलैंड यात्रा करेंगे। उन्होंने कहा था कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और न्यूजीलैंड की आर्थिक समृद्धि के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

लक्सन ने कहा कि अप्रैल में हस्ताक्षरित न्यूजीलैंड-भारत मुक्त व्यापार समझौते के जरिए दोनों देशों के संबंधों को नए स्तर पर ले जाया जा रहा है। उनके अनुसार यह समझौता न्यूजीलैंड में अधिक रोजगार, निर्यात में बढ़ोतरी और मजबूत आर्थिक विकास को बढ़ावा देगा।

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समझौता उनके देश के सामान और सेवाओं के लिए 1.4 अरब लोगों के विशाल बाजार के द्वार खोलेगा। इससे न्यूजीलैंड के स्थानीय समुदायों में अधिक आय आएगी, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और लोगों की आय बढ़ेगी।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच इसी साल हुआ ट्रेड डील

भारत और न्यूजीलैंड ने इसी वर्ष मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर किए थे। इस समझौते का उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार को मजबूत करना, निवेश बढ़ाना और वस्तुओं एवं सेवाओं के क्षेत्र में सहयोग का विस्तार करना है। समझौते के तहत भारत से न्यूजीलैंड जाने वाले सभी निर्यात को ड्यूटी-फ्री बाजार पहुंच मिलेगी।

ऐसे में भारत के लिए यह समझौता प्रशांत क्षेत्र की एक उच्च आय वाली अर्थव्यवस्था तक बेहतर पहुंच प्रदान करेगा। साथ ही यह भारत की व्यापक इंडो-पैसिफिक आर्थिक रणनीति के भी अनुरूप होगा। वहीं न्यूजीलैंड के लिए यह समझौता वैश्विक व्यापार अनिश्चितताओं के बीच दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करेगा।

यह भी पढ़ें- Iran-US War: तनाव फिर चरम पर! उत्तरी गोलिस्तान में अमेरिका ने बरसाए बम, ईरान का कुवैत-बहरीन पर अटैक

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular