Homeभारतत्विषा शर्मा केस में सास गिरिबाला सिंह को CBI ने किया गिरफ्तार

त्विषा शर्मा केस में सास गिरिबाला सिंह को CBI ने किया गिरफ्तार

भोपाल: पूर्व जज और त्विषा शर्मा की सास गिरिबाला सिंह को सीबीआई ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। यह घटनाक्रम त्विषा की 12 मई को भोपाल स्थित उनके ससुराल में मृत पाए जाने के बाद सामने आया है। सीबीआई की एक टीम गुरुवार को गिरिबाला सिंह के भोपाल स्थित आवास पर पहुंची और बाद में उन्हें उनकी बहू त्विषा शर्मा की मौत से जुड़े केस के मामले में गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई मध्य प्रदेश हाई कोर्ट द्वारा गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द किए जाने के एक दिन बाद की गई है। गिरिबाला सिंह पर अपनी बहू त्विषा शर्मा को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और कथित रूप से आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप हैं।

रिपोर्ट के अनुसार सीबीआई अधिकारियों को गुरुवार को भोपाल के बाग मुगलिया एक्सटेंशन इलाके में स्थित गिरिबाला सिंह के आवास में प्रवेश करते देखा गया। इस दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा। सीबीआई की टीम सुबह 10.30 उनके घर पहुंची थी। सूत्रों के अनुसार, हाई कोर्ट के आदेश के बाद एजेंसी ने उन्हें हिरासत में लेने से पहले पूछताछ भी की। यह पूछताछ करीब 5 घंटे से ज्यादा चली। इससे पहले हाई कोर्ट ने बुधवार को दहेज मामले में गिरिबाला सिंह को दी गई अग्रिम जमानत रद्द कर दी थी। 12 मई को त्विषा अपने ससुराल में मृत पाई गई थी, जिसके महज दो दिन बाद गिरिबाला सिंह ने भोपाल की सत्र अदालत में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दी थी।

त्विषा के पति समर्थ भी हो चुके हैं गिरफ्तार

इससे पहले त्विषा शर्मा के पति समर्थ सिंह को इस मामले में करीब 10 दिनों तक फरार रहने के बाद 23 मई को भोपाल पुलिस ने जबलपुर जिला अदालत परिसर से गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी से पहले उसी दिन उन्होंने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट से अपनी अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली थी और भोपाल की निचली अदालत में आत्मसमर्पण करने का इरादा जताया था।

गिरफ्तारी के बाद भोपाल की एक अदालत ने समर्थ सिंह को दहेज उत्पीड़न और त्विषा की मौत के आरोपों के संबंध में पूछताछ के लिए सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था। जांचकर्ताओं ने बताया कि वे जांच के तहत चैट और कॉल रिकॉर्ड सहित डिजिटल सबूतों की जांच कर रहे हैं।

क्या है त्विषा शर्मा मौत का पूरा मामला?

33 साल की त्विषा शर्मा 12 मई को भोपाल स्थित अपने ससुराल में मृत पाई गईं थी। उनकी शादी रिटायर जज गिरिबाला सिंह के बेटे और पेशे से वकील समर्थ सिंह से महज पांच महीने पहले 9 दिसंबर 2025 को हुई थी। जांचकर्ताओं के अनुसार, त्विषा ने कथित तौर पर घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या की। हालांकि, उनके परिवार द्वारा उनकी मृत्यु की परिस्थितियों पर सवाल उठाने के बाद यह मामला पूरे देश में चर्चा में आ गया।

त्विषा शर्मा के माता-पिता ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद उनकी बेटी के पति और ससुराल वालों ने मानसिक उत्पीड़न और दबाव का शिकार बनाया। अदालत की कार्यवाही के दौरान, उनके वकीलों ने व्हाट्सएप चैट का हवाला दिया, जिसमें त्विषा ने कथित तौर पर अपने परिवार को बताया था कि उन्हें घुटन महसूस हो रही है और वह घर छोड़ना चाहती हैं।

परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि त्विषा पर गर्भपात का दबाव बनाया गया। परिवार ने दावा किया कि उनकी मृत्यु के बाद सबूतों को प्रभावित करने या उनमें छेड़छाड़ करने के प्रयास किए गए। उन्होंने एफआईआर दर्ज करने में देरी और परिवार पर जांच के शुरुआती दिनों में सहयोग न करने का आरोप भी लगाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी बताई गई, लेकिन हाई कोर्ट ने यह भी नोट किया कि त्विषा के शरीर पर छह से सात अतिरिक्त चोटों के निशान थे। इनमें बाएं हाथ, उंगली और सिर पर चोटें शामिल थीं। बाद की रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि ये चोटें शव को उतारने या अस्पताल ले जाने के दौरान नहीं लगी थीं।

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular