इजराइल ने दावा किया है कि उसने एक बड़े हवाई हमले में हमास के वरिष्ठ सैन्य कमांडर मोहम्मद ओदेह को मार गिराया है। इजराइली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने इस कार्रवाई को हमास की सैन्य संरचना के लिए बड़ा झटका बताया है।
इजराइली अधिकारियों के मुताबिक, यह ऑपरेशन इजराइल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) और आंतरिक सुरक्षा एजेंसी शिन बेट ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। अधिकारियों का कहना है कि ओदेह की कई महीनों से निगरानी की जा रही थी और सटीक जानकारी मिलने के बाद उसे निशाना बनाया गया।
प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मोहम्मद ओदेह 7 अक्टूबर 2023 के हमले के दौरान हमास की खुफिया इकाई का प्रमुख था। हाल ही में उसे अल-कसम ब्रिगेड्स का नया प्रमुख नियुक्त किया गया था।
रिपोर्टों के मुताबिक, ओदेह ने हाल में हमास की सैन्य शाखा की कमान संभाली थी। इससे पहले यह जिम्मेदारी इज्ज अल-दीन अल-हद्दाद के पास थी, जिसेके मारे जाने के बाद ओदेह को नेतृत्व सौंपा गया था।
गाजा से जुड़े हमास समर्थक सूत्रों का दावा है कि इस हमले में ओदेह के साथ उसकी पत्नी और बेटा भी मारे गए। हालांकि, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
इजराइली सेना ने क्या कहा?
इजराइली सेना का आरोप है कि ओदेह 7 अक्टूबर के हमलों की योजना बनाने और उसके समन्वय में अहम भूमिका निभाने वालों में शामिल था। आईडीएफ के अनुसार, वह हालिया संघर्ष के दौरान इजराइली बलों के खिलाफ हमलों का भी नेतृत्व कर रहा था।
आईडीएफ और शिन बेट के संयुक्त बयान में कहा गया कि गाजा सिटी में कई इमारतों को निशाना बनाया गया, जिन्हें ओदेह और उसके सहयोगी ठिकाने के तौर पर इस्तेमाल कर रहे थे।
इजराइली एजेंसियों का कहना है कि ओदेह हमास के बचे हुए शीर्ष सैन्य कमांडरों में से एक था, जिस पर 7 अक्टूबर के आतंकी हमलों की साजिश रचने और उसके संचालन में शामिल होने का आरोप था। उनका दावा है कि ओदेह की मौत से हमास की सैन्य क्षमताओं को दोबारा संगठित करने की कोशिशों को बड़ा नुकसान पहुंचेगा।
समाचार एजेंसी आईएएनएस इनपुट के साथ

