Friday, May 1, 2026
Homeकारोबारबड़ा झटका! कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में ₹993 का भारी इजाफा,...

बड़ा झटका! कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में ₹993 का भारी इजाफा, जानें अपने शहर के नए दाम

कमर्शियल गैस के बढ़े दाम के बीच राहत की बात है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 1 मई से एलपीजी बुकिंग और डिलीवरी सिस्टम में भी बदलाव लागू किए जाने की तैयारी है।

नई दिल्लीः 1 मई को तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर के दाम में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी की है। इस वृद्धि के बाद दिल्ली में 19 किलो का सिलेंडर अब 3,071.50 रुपये का हो गया है।

हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं को राहत मिली है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को इससे बचाए रखा है।

कमर्शियल गैसः लगातार तीसरी बार बढ़े दाम

पिछले कुछ महीनों में यह तीसरी बार है जब व्यावसायिक एलपीजी के दाम बढ़ाए गए हैं। मार्च में 144 रुपये और 1 अप्रैल को करीब 200 रुपये की बढ़ोतरी के बाद अब यह बड़ा इजाफा हुआ है। इसका सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे खान-पान व्यवसायों पर पड़ने की संभावना है, क्योंकि ये पूरी तरह एलपीजी पर निर्भर हैं।

पश्चिम एशिया में जारी तनाव, खासकर अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच 28 फरवरी से चल रहे टकराव ने वैश्विक ऊर्जा बाजार को प्रभावित किया है। यह संघर्ष अब आठवें सप्ताह में पहुंच चुका है। इसके चलते होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में अस्थिरता देखी जा रही है।

डीजल और एटीएफ भी महंगे

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने थोक डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) यानी विमान ईंधन के दामों में भी बढ़ोतरी की घोषणा की है। हालांकि, कंपनी ने नई दरों का खुलासा नहीं किया है।

कंपनी के अनुसार, कीमतों में यह संशोधन सीमित औद्योगिक क्षेत्रों तक ही रखा गया है, जो कुल खपत का एक छोटा हिस्सा हैं और जिनमें अंतरराष्ट्रीय कीमतों के आधार पर हर महीने बदलाव किया जाता है।

कंपनी ने बताया कि थोक और व्यावसायिक एलपीजी, भारत की कुल खपत का सिर्फ 1% हिस्सा है। देश में एलपीजी की सालाना खपत लगभग 3.3 करोड़ टन है।

तेल कंपनियों ने कहा है कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी सिलेंडर (14.2 किलो) की खुदरा कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, ताकि आम लोगों पर महंगाई का असर न पड़े।

देश के प्रमुख शहरों में कमर्शियल एलपीजी की नई दरें (1 मई से प्रभावी)

शहरनई कीमत (₹)
चेन्नई₹3,237
कोलकाता₹3,202
लखनऊ₹3,195.50
बेंगलुरु₹3,152
अहमदाबाद₹3,091
पुणे₹3,084
दिल्ली₹3,071.50
मुंबई₹3,024

डिलीवरी के नियमों में भी बदलाव

कीमतों के अलावा, 1 मई से एलपीजी बुकिंग और डिलीवरी सिस्टम से जुड़े नए नियम भी लागू होने की संभावना है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, तेल कंपनियां अब ‘ओटीपी-आधारित डिलीवरी’ (OTP-based delivery) को अनिवार्य बनाने और बुकिंग अंतराल में बदलाव करने की तैयारी कर रही हैं।

लखनऊ में कीमतों का रुझान (पिछले 3 महीने)

महीनाघरेलू (14.2 kg)कमर्शियल (19 kg)
मई 2026₹950.5 (अपरिवर्तित)₹3,195.50
अप्रैल 2026₹950.5₹2,201
मार्च 2026₹950.5₹2,007

ये भी पढ़ेंः मध्य प्रदेश: जबलपुर में बड़ा हादसा, नाव डूबने से 4 की मौत; 18 लापता

अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular