Trump dinner shooting: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को निशाना बनाने के इरादे से व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में गोलीबारी करने वाले हमलावर कोल टॉमस एलन को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच में सामने आया है कि 31 वर्षीय एलन ने हमले से कुछ ही मिनट पहले अपने परिवार को एक ‘एंटी-ट्रंप मेनिफेस्टो’ भेजा था, जिसमें उसने खुद को ‘फ्रेंडली फेडरल असैसिन’ यानी दोस्ताना संघीय हत्यारा बताया था।
कैलिफोर्निया का रहने वाला आरोपी एलन एक उच्च शिक्षित ट्यूटर और एमेच्योर वीडियो गेम डेवलपर है। उसका कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, लेकिन वह ट्रंप प्रशासन की नीतियों का कट्टर विरोधी रहा है। ‘न्यूयॉर्क पोस्ट’ द्वारा सार्वजनिक किए गए मेनिफेस्टो के अनुसार, एलन के निशाने पर केवल ट्रंप प्रशासन के अधिकारी थे।
हमलावर एलन की हिट लिस्ट में कौन थे?
कानून प्रवर्तन अधिकारियों के अनुसार, एलन ने अपनी हिट-लिस्ट में शीर्ष पदों से लेकर निचले रैंक के अधिकारियों को शामिल किया था, हालांकि उसने एफबीआई निदेशक काश पटेल को इस सूची से बाहर रखा था। हालांकि इसमें एफबीआई निदेशक काश पटेल का नाम शामिल नहीं था।
हमलावर ने अपने घोषणापत्र में बेहद तीखी और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया है। उसने लिखा, ‘वह अब एक पेडोफाइल, रेपिस्ट और गद्दार के अपराधों का हिस्सा बनने को तैयार नहीं है।’ हैरानी की बात यह है कि अपने मेनिफेस्टो के अंत में आरोपी ने कथित तौर पर अपने कदम पर पछतावा भी जताया। उसने लिखा कि अगर कोई यह जानने के लिए उत्सुक है कि ऐसा करने पर कैसा महसूस होता है, तो यह भयानक है। उसे उल्टी और रोने जैसा लग रहा है। साथ ही उसने छात्रों से अपील की कि वे उसके रास्ते से प्रेरित न हों और पढ़ाई पर ध्यान दें।
हमलावर ने अपनी साजिश को अंजाम देने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को भी उजागर करने की कोशिश की।जांच एजेंसियों का मानना है कि हमलावर ने पहले से कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था का अध्ययन किया था। कथित दस्तावेज में उसने लिखा कि उसने पहले जगह की रेकी की थी और सुरक्षा इंतजामों में कमियां बताई थीं।
आरोपी ने एक काल्पनिक ईरानी एजेंट का उदाहरण देते हुए तर्क दिया कि कार्यक्रम की सुरक्षा कितनी ढीली है और इसे आसानी से भेदा जा सकता है। इसके साथ ही उसने अपनी रणनीति के बारे में बताते हुए लिखा कि वह दीवारों को नुकसान से बचाने के लिए ‘स्लग’ के बजाय ‘बकशॉट’ का उपयोग करेगा, लेकिन उसने यह भी जोड़ा कि अगर जरूरत पड़ी तो वह कमरे में मौजूद अन्य लोगों के बीच से भी आगे बढ़ जाएगा।
ट्रंप ने आरोपी को लेकर क्या कहा?
इस मेनिफेस्टो के सामने आने के बाद ’60 मिनट्स’ को दिए एक इंटरव्यू में राष्ट्रपति ट्रंप ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने हमलावर के मेनिफेस्टो को “कट्टरपंथी” करार दिया और मीडिया पर भी निशाना साधा। ट्रंप ने कहा कि उस बीमार व्यक्ति ने जो लिखा वह बकवास है। मेरा इन सब बातों से कोई लेना-देना नहीं है। मैं पूरी तरह निर्दोष साबित हो चुका हूं।
ट्रंप ने कहा कि संदिग्ध की सोच समय के साथ बदलती रही। उन्होंने कहा कि वह पहले ईसाई आस्था वाला था, फिर ईसाई विरोधी बन गया और उसमें कई बदलाव आए। उन्होंने यह भी दावा किया कि आरोपी के परिवार ने पहले ही उसकी हरकतों को लेकर चिंता जताई थी। ट्रंप ने कहा, “उसके भाई ने शिकायत की थी और पुलिस को भी बताया था। उसकी बहन ने भी चिंता जताई थी। परिवार परेशान था।”
क्या हुआ था शनिवार की रात?
शनिवार रात आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, मशहूर हस्तियां और राजनीतिक हस्तियां शामिल थीं। तभी बाहर गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई।
सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत राष्ट्रपति ट्रंप, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, विदेश मंत्री मार्को रुबियो समेत अन्य अधिकारियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। ट्रंप इस घटना में सुरक्षित रहे। प्रत्यक्षदर्शियों ने पांच से आठ गोलियां चलने की आवाज सुनने का दावा किया है। हालांकि अधिकारियों के अनुसार फायरिंग बॉलरूम के बाहर हुई और संदिग्ध को सीढ़ियों के पास हिरासत में लिया गया। पूरी खबर यहां पढ़ें- ट्रंप के व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान फायरिंग, बाल-बाल बचे; जानें 10 बड़ी बातें
रिपोर्ट्स के मुताबिक, संदिग्ध के दस्तावेज में ट्रंप विरोधी नाराजगी और “नो किंग्स” जैसे प्रदर्शनों का जिक्र भी था। ट्रंप ने कहा कि इसी तरह के माहौल से ऐसे लोग पैदा होते हैं। उन्होंने कहा कि मैं कोई राजा नहीं हूं।
गौरतलब है कि व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर अमेरिका का एक प्रतिष्ठित आयोजन माना जाता है, जो प्रेस की स्वतंत्रता का सम्मान करने और मीडिया तथा राजनीतिक नेतृत्व को एक मंच पर लाने के लिए आयोजित किया जाता है। 1914 में स्थापित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन अमेरिकी राष्ट्रपति को कवर करने वाले पत्रकारों का प्रतिनिधित्व करता है और प्रेस की पहुंच तथा पारदर्शिता की वकालत करता है। इसका वार्षिक डिनर अमेरिका में मीडिया और सत्ता के रिश्तों का एक अहम प्रतीक माना जाता है।

