Sunday, April 26, 2026
Homeमनोरंजनमई 2026: जानिए कौन सी फिल्में सिनेमाघरों में देंगी दस्तक और किसका...

मई 2026: जानिए कौन सी फिल्में सिनेमाघरों में देंगी दस्तक और किसका इंतजार हुआ लंबा?

साल 2026 का मई महीना सिनेप्रेमियों के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं होने वाला है। इस महीने बॉक्स ऑफिस पर हर जॉनर की फिल्में दस्तक देने को तैयार हैं। जहां महीने की शुरुआत छत्रपति शिवाजी महाराज की वीरता से होगी, वहीं युवाओं के लिए रोमांटिक कॉमेडी और अध्यात्म के शौकीनों के लिए पौराणिक कथाएं भी कतार में हैं।

मई 2026 बॉलीवुड के लिए बेहद व्यस्त महीना रहने वाला है। अगले महीने सिनेमाघरों में ऐतिहासिक ड्रामा, रोमांटिक फिल्में, पौराणिक कहानियां, फैमिली एंटरटेनर और मसाला कॉमेडी फिल्मों की लंबी लाइन लगी है। खास बात यह है कि कई बड़ी फिल्में एक ही दिन रिलीज हो रही हैं, जिससे बॉक्स ऑफिस पर सीधी टक्कर देखने को मिलेगी। वहीं कुछ मोस्ट अवेटेड फिल्मों की रिलीज डेट टलने से कैलेंडर में बदलाव भी हुआ है।

नीचे जानिए मई 2026 की रिलीज फिल्मों का पूरा शेड्यूल, क्लैश और टली फिल्मों की वजहें।

1 मई को रिलीज होने वाली फिल्में

राजा शिवाजी: रितेश देशमुख की मोस्ट अवेटेड पीरियड ड्रामा फिल्म ‘राजा शिवाजी’ 1 मई को रिलीज होगी। यह फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित है। रितेश देशमुख निर्देशन के साथ मुख्य भूमिका में भी हैं। फिल्म में अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, संजय दत्त और भाग्यश्री जैसे बड़े नाम नजर आएंगे। रिपोर्टों के अनुसार, फिल्म में सलमान खान का एक विशेष कैमियो भी दर्शकों को देखने को मिलेगा। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर सामने आया है जिसको फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। ट्रेलर को देख फिल्ममेकर सुभाष घई ने कहा कि ट्रेलर इतना दमदार है तो फिल्म कैसी होगी।

एक दिन: आमिर खान प्रोडक्शन की फिल्म ‘एक दिन’ भी 1 मई को सिनेमाघरों में आएगी। फिल्म में जुनैद खान और साई पल्लवी मुख्य भूमिका में हैं। जापान की पृष्ठभूमि पर बनी यह रोमांटिक ड्रामा फिल्म एक भावनात्मक प्रेम कहानी बताई जा रही है। फिल्म एक ऐसे जोड़े की इमोशनल जर्नी को दिखाती है जो याददाश्त से जुड़ी एक दुर्लभ बीमारी का सामना करते हैं।

7 मई को रिलीज होने वाली फिल्में

कृष्णावतारम भाग 1: द हार्ट: भगवान कृष्ण के जीवन पर आधारित यह एक ट्रिलॉजी (तीन फिल्मों की शृंखला) का पहला भाग है। हार्दिक गज्जर के निर्देशन में बनी इस पौराणिक फिल्म में सिद्धार्थ गुप्ता और संस्कृति जयना मुख्य किरदारों में नजर आएंगे। पौराणिक और आध्यात्मिक फिल्मों के दर्शकों के लिए यह खास रिलीज मानी जा रही है।

8 मई को रिलीज होने वाली फिल्में

दादी की शादी: सरथ कुमार द्वारा निर्देशित यह एक फैमिली एंटरटेनर फिल्म है। इसमें नीतू कपूर, कपिल शर्मा, सादिया खतीब और रिद्धिमा कपूर साहनी जैसे कलाकार शामिल हैं। यह फिल्म आधुनिक और पुरानी पीढ़ी के रिश्तों के बीच के अंतर को हास्य के पुट के साथ दिखाएगी।

आखिरी सवाल: संजय दत्त स्टारर यह राजनीतिक ड्रामा 8 मई को रिलीज होगी। संजय दत्त और समीरा रेड्डी स्टारर यह फिल्म एक गंभीर राजनीतिक ड्रामा है। अभिजीत मोहन वारंग के निर्देशन में बनी यह मूवी उन सामाजिक मुद्दों को उठाती है जिन पर अक्सर मुख्यधारा के सिनेमा में कम चर्चा की जाती है।

15 मई को रिलीज होने वाली फिल्में

पति पत्नी और वो 2: मुदस्सर अजीज के निर्देशन में बनी इस रोमांटिक कॉमेडी में आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, रकुल प्रीत सिंह और वामिका गब्बी नजर आएंगे। पहले यह होली पर आने वाली थी, लेकिन अब इसे बीच मई के लिए तय किया गया है।

VVAN – Force of the Forest: सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की यह एक सर्वाइवल थ्रिलर फिल्म है। यह एक ऐसे आधुनिक व्यक्ति की कहानी है जो अपने पैतृक गांव लौटता है और अनजाने में एक प्राचीन दैवीय शक्ति (देवी) के रहस्यमयी जाल में फंस जाता है।

22 मई को रिलीज होने वाली फिल्में

है जवानी तो इश्क होना है: डेविड धवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह एक शुद्ध कमर्शियल रोमांटिक कॉमेडी है, जो गर्मियों की छुट्टियों के माहौल के हिसाब से बनाई गई है।

बंदर: बॉबी देओल की चर्चित फिल्म ‘बंदर’ 22 मई को रिलीज होगी। बॉबी देओल इस फिल्म में एक टीवी सुपरस्टार की भूमिका में हैं, जिसकी छवि एक गंभीर आरोप के बाद धूमिल हो जाती है। सान्या मल्होत्रा और राज बी शेट्टी की मुख्य भूमिकाओं वाली इस फिल्म को अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में काफी सराहना मिली है।

चांद मेरा दिल: विवेक सोनी द्वारा निर्देशित इस रोमांटिक ड्रामा में अनन्या पांडे और लक्ष्य मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म युवाओं के अनुभव, कॉलेज लाइफ और दोस्ती के इर्द-गिर्द घूमती है।

तारीखफिल्ममुख्य कलाकार
1 मईराजा शिवाजीरितेश देशमुख, अभिषेक बच्चन
1 मईएक दिनजुनैद खान, साई पल्लवी
7 मईकृष्णावतारम भाग 1सिद्धार्थ गुप्ता, संस्कृति जयना
8 मईदादी की शादीनीतू कपूर, कपिल शर्मा
15 मईपति पत्नी और वो 2आयुष्मान खुराना, सारा अली खान
15 मईVVANसिद्धार्थ मल्होत्रा, तमन्ना भाटिया
22 मईहै जवानी तो इश्क…वरुण धवन, मृणाल ठाकुर
22 मईबंदरबॉबी देओल, सान्या मल्होत्रा

बॉक्स ऑफिस पर क्लैश होने वाली मई की बड़ी फिल्में

1 मई का क्लैश

मई की शुरुआत ही दिलचस्प मुकाबले से होगी। 1 मई को रितेश देशमुख की भव्य ऐतिहासिक फिल्म ‘राजा शिवाजी’ और जुनैद खान-साई पल्लवी स्टारर रोमांटिक ड्रामा ‘एक दिन’ एक साथ रिलीज होंगी। एक तरफ बड़े पैमाने पर बनी ऐतिहासिक कहानी है, तो दूसरी तरफ भावनाओं से भरी प्रेम कहानी। दोनों फिल्मों का दर्शक वर्ग अलग है, लेकिन पहले वीकेंड के कलेक्शन पर इसका असर जरूर देखने को मिल सकता है।

8 मई का क्लैश

8 मई को दो बिल्कुल अलग तरह की फिल्में आमने-सामने होंगी। संजय दत्त की ‘आखिरी सवाल’ जहां राजनीतिक और गंभीर मुद्दों पर आधारित फिल्म है, वहीं ‘दादी की शादी’ फैमिली एंटरटेनर अंदाज में हल्का-फुल्का मनोरंजन परोसने की कोशिश करेगी। ऐसे में दर्शकों की पसंद किस तरफ जाती है, यह देखना दिलचस्प रहेगा।

15 मई का क्लैश

महीने के मध्य में 15 मई को ‘पति पत्नी और वो 2’ और ‘VVAN – Force of the Forest’ के बीच मुकाबला होगा। आयुष्मान खुराना की फिल्म रिश्तों, हास्य और आधुनिक लाइफस्टाइल पर आधारित कॉमेडी है, जबकि ‘VVAN’ रहस्य, जंगल और अलौकिक शक्तियों की दुनिया में ले जाने वाली फिल्म बताई जा रही है। यानी दोनों फिल्मों का टेस्ट बिल्कुल अलग है।

22 मई का सबसे बड़ा क्लैश

22 मई को मई महीने का सबसे बड़ा बॉक्स ऑफिस युद्ध देखने को मिल सकता है। इस दिन बॉबी देओल की ‘बंदर’, अनन्या पांडे की ‘चांद मेरा दिल’ और वरुण धवन की ‘है जवानी तो इश्क होना है’ एक साथ रिलीज होंगी। तीनों फिल्में अलग-अलग जॉनर की हैं, इसलिए दर्शकों के पास विकल्प भी ज्यादा होंगे और मुकाबला भी कड़ा रहेगा।

सनी देओल की गबरू की टली रिलीज

सनी देओल की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘गबरू’ पहले 13 मार्च 2026 को रिलीज होने वाली थी। बाद में इसकी रिलीज डेट 8 मई 2026 तय की गई, लेकिन अब रिपोर्ट्स हैं कि फिल्म को फिर टाल दिया गया है।

बताया जा रहा है कि रणवीर सिंह स्टारर धुरंधर 2 की मजबूत बॉक्स ऑफिस पकड़ और मई महीने में बड़ी फिल्मों की भीड़ को देखते हुए मेकर्स ने यह फैसला लिया। अब इसे जून के आखिर या जुलाई की शुरुआत में रिलीज किए जाने की चर्चा है, हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है।

ये भी पढ़ेंः बीआर चोपड़ाः सिनेमा को समाज का आईना बनाने वाला विजनरी फिल्मकार

अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular