नई दिल्लीः दिल्ली की राजनीति में अरविंद केजरीवाल के नए सरकारी आवास को लेकर घमासान तेज हो गया है। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने केजरीवाल को “दिल्ली का रहमान डकैत” बताते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने दूसरा ‘शीश महल’ तैयार किया है। इसके साथ ही उन्होंने कुछ तस्वीरें भी दिखाईं, जिन्हें उन्होंने केजरीवाल के नए घर की तस्वीरें बताया।
हालांकि आप ने इन आरोपों को तुरंत खारिज कर दिया। पार्टी सांसद संजय सिंह ने तस्वीरों को फर्जी बताया। उन्होंने कहा कि प्रवेश वर्मा और इन्हें दिखाने वाले टीवी चैनलों को मानहानि मुकदमों के लिए तैयार रहना चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रवेश वर्मा ने कहा कि भाजपा अब “दिल्ली का शीश महल-2” जनता को दिखाने जा रही है। प्रवेश वर्मा ने कुछ तस्वीरें जारी किए, जिनके बारे में उनका दावा है कि वे केजरीवाल के 95, लोधी एस्टेट स्थित नए बंगले का है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो नेता कभी सादगी और आम आदमी की राजनीति की बात करते थे, वही अब आलीशान जीवनशैली जी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल हाल ही में 95, लोधी एस्टेट स्थित सरकारी बंगले में शिफ्ट हुए हैं। वर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि जो व्यक्ति खुद को आम आदमी बताता था, वह अब बेहद भव्य घर में रह रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जब वह पहले कथित ‘शीश महल’ को देखने गए थे तो हैरान रह गए कि कोई इतना आलीशान घर बनाकर कैसे रह सकता है।
पंजाब में भी एक ‘शीश महल‘
प्रवेश वर्मा ने यह भी दावा किया कि पंजाब में भी एक शीश महल है। उन्होंने कहा कि दिल्ली चुनाव में हार के बाद केजरीवाल पंजाब चले गए और वहां मुख्यमंत्री भगवंत मान की मुश्किलें बढ़ा दीं। उन्होंने दावा किया कि भगवंत मान के सरकारी आवास के आसपास कई सरकारी मकानों में आप के बड़े नेता रह रहे थे।
भाजपा नेता ने कहा कि एक आवास में केजरीवाल, दूसरे में पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन, तीसरे में राज्यसभा सांसद संजय सिंह और चौथे में पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया रह रहे थे।
भाजपा नेता ने कहा कि “आजाद भारत के इतिहास में सबसे खर्चीले शौक वाला कोई व्यक्ति है, तो वह अरविंद केजरीवाल हैं। जो सादगी का हलफनामा देते थे, वे आज राजाओं जैसी जिंदगी जी रहे हैं। केजरीवाल ने कभी हलफनामा देकर कहा था कि वह सरकारी घर, बंगला और गाड़ी नहीं लेंगे, लेकिन बाद में सरकारी बंगला लेकर उसे आलीशान आवास में बदल दिया गया।
उन्होंने पूछा कि इस घर पर कितना पैसा खर्च हुआ, पैसा कहां से आया, किन कंपनियों ने काम किया और क्या जनता को यह घर देखने दिया जाएगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी का नाम बदलकर “आलीशान आदमी पार्टी” कर देना चाहिए।”
AAP ने तस्वीरों को बताया फर्जी, मानहानि की दी चेतावनी
इन आरोपों पर पलटवार करते हुए राज्यसभा सांसद संजय सिंह और आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि भाजपा द्वारा जारी तस्वीरें पूरी तरह फर्जी हैं। संजय सिंह ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उपराज्यपाल वीके सक्सेना और प्रवेश वर्मा को चुनौती दी कि वे अपने-अपने सरकारी आवास जनता के लिए खोलें। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल भी अपना घर जनता के लिए खोल देंगे, तब लोगों को पता चल जाएगा कि वास्तव में किसका घर ज्यादा आलीशान है।
आप नेता आतिशी ने भी कहा कि भाजपा द्वारा जारी तस्वीरों का केजरीवाल के घर से कोई संबंध नहीं है। आतिशी ने एक्स पोस्ट में लिखा, प्रवेश वर्मा द्वारा जारी की गई सभी तस्वीरें नकली हैं। वे केजरीवाल जी के घर की तस्वीरें नहीं हैं… रेखा गुप्ता और दिल्ली के एलजी को अपने घर खोलने चाहिए और केजरीवाल जी अपना घर खोलेंगे। जनता खुद फैसला करेगी।”

यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब आम आदमी पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों के इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने की खबरों के बीच भाजपा ने केजरीवाल पर हमले तेज कर दिए हैं।भाजपा ने सोशल मीडिया पर भी केजरीवाल को निशाना बनाते हुए एक पोस्ट साझा किया, जिसमें आप के भीतर असंतोष और नेताओं के पार्टी छोड़ने का संकेत देने की कोशिश की गई।
स्वाति मालिवाल ने शनिवार कहा कि हर कोई परेशान है। बहुत जल्द इस पार्टी का अंत हो जाएगा। अब यह बस समय की बात है क्योंकि हर कोई दुखी है। उन्होंने कहा कि मैं सबके संपर्क में हूं और ज्यादातर लोगों से बात करती हूं और वे सभी नाखुश हैं। ऐसा कोई नहीं है जो अरविंद केजरीवाल से संतुष्ट हो। मुझे तो यह भी लगता है कि वे खुद भी अपने आप से बहुत नाखुश हैं।
ये भी पढ़ेः यूपी में भीषण लू का सितम, कई जिलों में ‘येलो अलर्ट’, 27 अप्रैल से बारिश लेकर आएगी राहत

