त्रिशूर: केरलम के त्रिशूर जिले के मुंडथिक्कोडु इलाके में मंगलवार (21 अप्रैल) को एक पटाखा निर्माण यूनिट में भीषण विस्फोट हो गया। इस विस्फोट में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब शहर में आयोजित होने वाले वार्षिक हिंदू मंदिर उत्सव त्रिशूर पूरम की तैयारियां चल रही थीं।
हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पिनरई विजयन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, कांग्रेस सांसद के सी वेणुगोपाल, राहुल गांधी और अन्य नेताओं ने दुख व्यक्त किया है।
समाचार एजेंसी आईएएनएस की खबर के मुताबिक, घटनास्थल पर पहुंचे राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि विस्फोट के समय यूनिट में करीब 40 लोग काम कर रहे थे क्योंकि आयोजकों द्वारा कर्मचारियों के लिए दोपहर का भोजन लाया गया था।
घटनास्थल पर बड़ी मात्रा में रखी थी विस्फोटक सामग्री
अधिकारी ने कहा, “हमें सूचना मिली है कि सात लोग वहां से भागने में सफल रहे।” बताया जा रहा है कि यह विस्फोट उस पटाखा इकाई में हुआ जहां त्रिशूर पूरम के थिरुवंबाडी गुट के लिए आतिशबाजी के सैंपल तैयार किए जा रहे थे।
आईएएनएस ने सूत्रों के हवाले से लिखा कि घटनास्थल पर बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी हुई थी जिसमें आग लगने के बाद जोरदार धमाका हुआ। प्रारंभिक जानकारी में लगभग 40 लोगों के घायल होने की बात सामने आई थी। इनमें से कम से कम आठ की हालत गंभीर बताई गई थी।
घटना के तुरंत बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और प्रशासन ने त्रिशूर मेडिकल कॉलेज सहित आसपास के अस्पतालों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए ताकि आपात स्थिति से निपटा जा सके। विस्फोट के बाद इलाके में घना धुआं और आग फैल गई, जिससे बचाव कार्यों में भी कठिनाई आई। घटनास्थल पर मौजूद अधजले और बिना फटे विस्फोटकों के कारण राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हुआ।
केरलम में त्रिशूर पूरम की तैयारियों के दौरान हुआ हादसा
इस बीच पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गईं। पटाखा फैक्ट्री में हुआ यह विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। जिससे धमाके की तीव्रता और वहां मौजूद विस्फोटक सामग्री के पैमाने का अंदाजा लगाया जा सकता है।
राज्य संचालित केआईएलए के कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने तेज धमाके की आवाज सुनी और पहले उन्हें लगा कि यह भूकंप है। एक अधिकारी ने बताया कि “बाद में जब हम चाय के लिए बाहर आए, तब हमें पता चला कि यह विस्फोट था।”
यह हादसा त्रिशूर पूरम की तैयारियों के चरम के दौरान हुआ है, जब एक दिन पहले ही ध्वजारोहण के साथ उत्सव की औपचारिक शुरुआत हुई थी।
फिलहाल विस्फोट के सटीक कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन जांच में पटाखा सामग्री के भंडारण और हैंडलिंग में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने त्रिशूर में पटाखों के विस्फोट के बाद चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए सभी सरकारी विभागों को पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने मुख्य सचिव से बात की और स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि यदि आवश्यक हो तो झुलसे पीड़ितों के उपचार के लिए राज्य के बाहर से विशेषज्ञ डॉक्टरों को बुलाया जाए।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की। पुलिस, अग्निशमन एवं बचाव, स्वास्थ्य, राजस्व और आपदा प्रबंधन विभागों के समन्वय से एक विशेष निगरानी प्रणाली के तहत बचाव अभियान जारी है।
पीएम मोदी समेत इन नेताओं ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुःख व्यक्त किया और मुआवजे का ऐलान किया है। वहीं सीएम पिनाराई विजयन ने सभी सरकारी विभागों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है।
पीएमओ की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना को लेकर दुःख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि केरल के त्रिशूर स्थित एक पटाखा कारखाने में हुई दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। पीएमओ की तरफ दी गई जानकारी के अनुसार, प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।
कांग्रेस सांसद और महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी इस घटना पर दुःख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा कि त्रिशूर में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट की खबर सुनकर मैं स्तब्ध हूं जो पूरम उत्सव से कुछ ही दिन पहले हुआ है। कई लोगों की मृत्यु की खबर सुनकर मैं बेहद दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं।
केरलम में हुई इस दुर्घटना पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन समेत अन्य लोगों ने दुख व्यक्त किया है।

