लखनऊ: उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने रविवार देर रात 40 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया। इसमें 15 जिलों के जिला मजिस्ट्रेटों (डीएम) का ट्रांसफर भी शामिल है। 5 जिलों के सीडीओ का भी ट्रांसफर हुआ है। साथ ही परिवहन आयुक्त समेत दो कमिश्नर और 1 प्रमुख सचिव और 4 विशेष सचिव के स्तर पर भी तबादला हुआ है।
इस फेरबदल के तहत परिवहन आयुक्त किंजल सिंह को माध्यमिक शिक्षा विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे आशुतोष निरंजन को नया परिवहन आयुक्त बनाया गया है।
इसके अलावा औद्योगिक विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक कुमार को लघु एवं मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। पंकज कुमार को उत्तर प्रदेश विद्युत निगम के प्रबंध निदेशक पद से हटा दिया गया है और अभी तक उन्हें कोई नया पदभार नहीं सौंपा गया है।
यूपी में IAS अफसरों का तबादला
लखीमपुर खीरी की जिला मजिस्ट्रेट दुर्गाशक्ति नागपाल को पदोन्नत कर देवीपाटन मंडल का संभागीय आयुक्त नियुक्त किया गया है। आगरा के डीएम अरविंद मल्लापा बंगारी को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव बृजेश कुमार को औरैया का डीएम बनाया गया है। सहारनपुर के डीएम मनीष बंसल को आगरा भेजा गया है।
मैनपुरी के डीएम अंजनी कुमार सिंह को लखीमपुर खीरी और औरैया के डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी को मैनपुरी का डीएम नियुक्त किया गया है।
बुलंदशहर की डीएम श्रुति को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। झांसी के डीएम मृदुल चौधरी को पर्यटन विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।
फतेहपुर के डीएम रविंद्र कुमार को ऊर्जा विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। रायबरेली की डीएम हर्षिता माथुर को महिला एवं बाल विकास विभाग में निदेशक बनाया गया है। श्रावस्ती के डीएम अश्विनी कुमार पांडे को अल्पसंख्यक विभाग में निदेशक नियुक्त किया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई जिलाधिकारियों को दूसरे जिलों में नियुक्त किया। उन्नाव के जिलाधिकारी गौरांग राठी को डीएम झाँसी के पद पर तैनात किया गया है। सुल्तानपुर के डीएम कुमार हर्ष को डीएम बुलन्दशहर बनाया गया है। शामली के डीएम अरविंद कुमार चौहान को सहारनपुर का डीएम नियुक्त किया गया है।
अमरोहा की डीएम निधि गुप्ता वत्स को डीएम फ़तेहपुर के पद पर स्थानांतरित किया गया है। हमीरपुर के जिलाधिकारी घनश्याम मीना को उन्नाव का डीएम बनाया गया है। मैनपुरी के जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह को लखीमपुर खीरी का डीएम बनाया गया है। औरैया के डीएम इंद्रमणि त्रिपाठी को डीएम मैनपुरी नियुक्त किया गया है। सहारनपुर के डीएम मनीष बंसल को आगरा का डीएम बनाया गया है।
इन अधिकारियों को पहली बार मिला जिला प्रभार
- 2014 बैच के आईएएस अधिकारी और मुख्यमंत्री के विशेष सचिव ब्रजेश कुमार को औरैया का डीएम नियुक्त किया गया है।
- 2015 बैच के आईएएस अधिकारी आलोक यादव, जो झांसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे, इन्हें शामली का डीएम बनाया गया है।
- 2016 बैच के आईएएस अधिकारी अभिषेक गोयल का तबादला खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के विशेष सचिव पद से हटाकर हमीरपुर का डीएम बनाया गया है।
- 2016 बैच के आईएएस अधिकारी इंद्रजीत सिंह को ऊर्जा विभाग के विशेष सचिव पद से हटाकर अब सुल्तानपुर का डीएम बनाया गया है।
- 2016 बैच की आईएएस अधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग का तबादला नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग के विशेष सचिव पद से श्रावस्ती के डीएम के तौर पर किया गया है।
- 2016 बैच के आईएएस अधिकारी नितिन गौड़ का तबादला हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पद से अमरोहा के डीएम के तौर पर हुआ है।
- 2016 बैच की आईएएस अधिकारी सरनजीत कौर ब्रोका का तबादला कर उन्हें रायबरेली का डीएम बनाया गया है। वे पहले महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक पद पर थीं।
यूपी में ये फेरबदल भी अहम
पंकज कुमार को मार्च 2021 से उत्तर प्रदेश विद्युत निगम लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के प्रबंध निदेशक पद पर बने रहने के बाद पद से हटाया गया है। 2002 बैच के पंकज कुमार को स्मार्ट मीटर विवाद और यूपीपीपीसीएल के अध्यक्ष आशीष गोयल सहित ऊर्जा मंत्री अरविंद शर्मा के साथ कथित मतभेदों के बीच पद से हटाया गया है। उन्हें अभी तक कोई नई पोस्टिंग नहीं मिली है। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार को उत्तर प्रदेश विद्युत निगम का नया प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा परिवहन आयुक्त किंजल सिंह का नियुक्ति के सात महीने के भीतर ही तबादला हुआ है। उन्होंने 16 सितंबर, 2025 को कार्यभार संभाला था। उन्हें माध्यमिक शिक्षा विभाग में सचिव के पद पर तैनात किया गया है। किंजल सिंह इससे पहले कानपुर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष, पंचायती राज की निदेशक, चिकित्सा शिक्षा की महानिदेशक और परिवहन आयुक्त सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुकी हैं। 2010 बैच के आईएएस अधिकारी आशुतोष निरंजन, जो हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे हैं, को नया परिवहन आयुक्त नियुक्त किया गया है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक कुमार से लघु एवं मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग का प्रभार वापस ले लिया गया है। देवीपाटन के संभागीय आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील को लघु एवं मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है।
पांच जिलों के सीडीओ भी बदले गए
सरकार ने पांच जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) का भी तबादला कर दिया है। देवरिया की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा को सीडीओ हापुड नियुक्त किया गया है। सुलतानपुर की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गामिनी सिंगला को सीडीओ सुलतानपुर बनाया गया है। आजमगढ़ के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुनील कुमार धनवता को सीडीओ बहराइच के पद पर तैनात किया गया है। चित्रकोट की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूजा साहू को सीडीओ अमेठी नियुक्त किया गया है। गाजीपुर के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर सबन्नवाद को सीडीओ झाँसी बनाया गया है।
इन अधिकारियों का भी तबादला
झांसी के सीडीओ जुनैद अहमद का तबादला कानपुर नगर के अतिरिक्त श्रम आयुक्त के रूप में किया गया है। हापुड़ के सीडीओ हिमांशु गौतम को झांसी विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बहराइच के सीडीओ मुकेश चंद्र को हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है।
अमेठी के सीडीओ सचिन कुमार सिंह को राज्य कृषि उपज बाजार बोर्ड में अतिरिक्त निदेशक के रूप में तैनात किया गया है। बदायूं के सीडीओ केशव कुमार को राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय का रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है। हाथरस के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट बसंत अग्रवाल का तबादला राज्य कर्मचारी बीमा योजना के निदेशक के रूप में कर दिया गया है।
उच्च शिक्षा विभाग की विशेष सचिव अनीता वर्मा सिंह का तबादला खाद्य एवं रसद विभाग की विशेष सचिव के रूप में कर दिया गया है। अतिरिक्त श्रम आयुक्त सौम्या पांडे से राज्य कर्मचारी बीमा योजना के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है।
यह भी पढ़ें- पीएम मोदी के राष्ट्र संबोधन पर मचा सियासी घमासान, CPI ने लिखी चुनाव आयोग को चिट्ठी

