आश भोसले मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें शनिवार शाम अस्पताल ले जाया गया था। शुरुआती खबरों में उनके कार्डियक अरेस्ट की बात कही गई थी, लेकिन बाद में परिवार ने स्पष्ट किया कि उन्हें अत्यधिक थकान और सीने में इन्फेक्शन के कारण अस्पताल ले जाया गया है।
गायिका की पोती जनाई भोसले ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए बताया कि उनकी दादी का इलाज जारी है और उन्होंने लोगों से निजता का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा, “मेरी दादी को अत्यधिक थकान और सीने में इन्फेक्शन की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाज चल रहा है और हमें उम्मीद है कि सब ठीक हो जाएगा। हम जल्द ही सकारात्मक अपडेट साझा करेंगे।”
शनिवार रात ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टर प्रतीत समदानी ने एक बयान में जानकारी दी थी कि आशा जी को कार्डियक अरेस्ट के बाद इमरजेंसी मेडिकल सर्विसेज यूनिट में भर्ती किया गया है। हालांकि परिवार का कहना है कि उन्हें सीने में इन्फेक्शन हुआ है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार 92 वर्षीय गायिका की हालत अब पहले से बेहतर है और वह धीरे-धीरे स्वस्थ हो रही हैं। हालांकि, अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। डॉक्टरों की एक टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है।
पीएम मोदी ने जताई चिंता, जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी आशा भोसले के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वह उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं और उनके अच्छे स्वास्थ्य व जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।
आशा भोसले के अस्पताल में भर्ती होने की खबर से फिल्म और संगीत जगत में चिंता की लहर दौड़ गई है। प्रशंसक और उनके सहकर्मी लगातार उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। आशा भोसले को पिछले कुछ सालों में उम्र के कारण स्वास्थ्य संबंधी कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वे अभी भी सक्रिय हैं और संगीत कार्यक्रमों में शामिल होती रहती हैं।
गौरतलब है कि आशा भोसले ने अपने करियर की शुरुआत 1940 के दशक में की थी और दशकों तक हिंदी सिनेमा सहित कई भाषाओं में अपनी आवाज का जादू बिखेरा है। उम्र के इस पड़ाव पर भी वह संगीत कार्यक्रमों में सक्रिय नजर आती रही हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने कहा कि आशा भोसले की स्थिति को लेकर आगे जानकारी दी जाएगी।

