Monday, April 6, 2026
HomeभारतUP Weather: यूपी में बदला मौसम का मिजाज, 5 डिग्री गिरा पारा,...

UP Weather: यूपी में बदला मौसम का मिजाज, 5 डिग्री गिरा पारा, कई जिलों में बारिश-तेज हवाओं की चेतावनी

UP Weather: लखनऊ स्थित भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, शनिवार को राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने चेताया है कि खराब मौसम का असर जनजीवन पर पड़ सकता है।

UP Weather: उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। पूर्वांचल समेत राज्य के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहे और देरा रात होते बारिश शुरू हो गई। शनिवार सुबह पारा करीब 5 डिग्री तक गिर गया। मौसम विभाग की मानें तो हालात जल्द सामान्य होने के संकेत नहीं दिख रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य के बड़े हिस्से में घने बादल छाए हैं और अस्थिर मौसम की स्थिति बनी हुई है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई इलाकों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक का दौर जारी है, जिससे फिलहाल गर्मी पर ब्रेक लग गया है, लेकिन जनजीवन प्रभावित होने की आशंका भी बढ़ गई है।

कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

लखनऊ स्थित भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि मौसम का यह असर आम जनजीवन और यातायात पर पड़ सकता है।

पूर्वांचल और तराई क्षेत्र के आज़मगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और अंबेडकर नगर में तेज बारिश के आसार हैं। इन इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ सक्रिय बादल प्रणाली को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

‘मोहम्मद’ दीपक के खिलाफ FIR रद्द करने से उत्तराखंड हाई कोर्ट का इनकार, सोशल मीडिया पोस्ट पर लगाई रोक

रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी

आईएमडी ने कुछ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, अयोध्या, बस्ती, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी और गोंडा में ओलावृष्टि और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे फसलों, बिजली आपूर्ति और कच्चे ढांचों को नुकसान हो सकता है।

वहीं, मिर्जापुर, प्रयागराज, भदोही, वाराणसी, जौनपुर, प्रतापगढ़, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ मध्यम बारिश और बिजली गिरने की आशंका है।

पश्चिमी यूपी में बारिश, येलो अलर्ट

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, आगरा, अलीगढ़, मथुरा, बरेली और बदायूं में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा रही है। कुछ जगहों पर 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बारिश और बादलों की वजह से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कई जगहों पर अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। लखनऊ समेत मध्य और पूर्वी इलाकों में हल्की बढ़ोतरी के बावजूद, उत्तर-पश्चिमी जिलों में तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखी गई है।

ये भी पढ़ेंः दुनिया विनाश के कगार पर, बचने का रास्ता सिर्फ भारत के पास: मोहन भागवत

किसानों और यात्रियों के लिए चेतावनी

मौसम विभाग ने आगाह किया है कि कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। तेज हवाओं के कारण पेड़ों की डालियां टूट सकती हैं और बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है। किसानों और यात्रियों, खासकर खुले स्थानों में काम करने वालों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह बदलाव अस्थायी है। अगले एक से दो दिनों में मौसम धीरे-धीरे साफ हो सकता है और तापमान फिर से बढ़ने लगेगा। फिलहाल, इस बदले मौसम से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन सावधानी बरतना जरूरी है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस इनपुट के साथ

अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments