Friday, October 10, 2025
Homeभारतपति के कर्ज के बदले महिला को पेड़ से बांधकर पीटा गया,...

पति के कर्ज के बदले महिला को पेड़ से बांधकर पीटा गया, वीडियो वायरल के बाद CM नायडू ने लिया संज्ञान

अमरावतीः आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले के नारणायनपुरम गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 25 वर्षीय एक महिला सिरीषा को उसके पति द्वारा लिए गए कर्ज ना चुका पाने पर पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। यह घटना सोमवार को घटी, लेकिन मंगलवार को सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। गौरतलब बात है कि यह घटना मुख्यंत्री चंद्रबाबू नायडू के विधानसभा क्षेत्र में हुई।

पीड़िता के पति तिम्मारायप्पा ने तीन साल पहले गांव के एक व्यक्ति मुनिकन्नप्पा से 80,000 रुपये का कर्ज लिया था। कर्ज चुकाने में असमर्थ होकर वह पत्नी और बच्चों को छोड़कर गांव से भाग गया। इसके बाद अकेली सिरीषा बच्चों की परवरिश और कर्ज चुकाने के लिए बेंगलुरु में दिहाड़ी मजदूरी कर रही थी।

सोमवार को जब वह नारणायनपुरम स्थित स्कूल से अपने बेटे का ट्रांसफर सर्टिफिकेट लेने आई, तो आरोपी मुनिकन्नप्पा, उसकी पत्नी मुनम्मा, बेटा राजा और बहू जगदेश्वरी ने उसे रास्ते में घेर लिया। उसे पीटते हुए एक नीम के पेड़ से बांध दिया और सामने मौजूद बेटे के सामने ही बुरी तरह मारा-पीटा। इस दौरान जिसने वीडियो बनाने की कोशिश की, उसे भी धमकाया गया। 

वीडियो वायरल होने पर एक्शन में पुलिस, सीएम ने भी लिया संज्ञान

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कुप्पम पुलिस मौके पर पहुंची और सिरीषा को मुक्त कराकर उसकी शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। आरोपी मुनिकन्नप्पा, उसकी पत्नी, बेटा और बहू को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी मुनिकन्नप्पा का संबंध तेलुगू देशम पार्टी से बताया जा रहा है।

यह घटना राज्य के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के कुप्पम विधानसभा क्षेत्र में हुई, जिस पर उन्होंने गंभीर संज्ञान लिया। उन्होंने चित्तूर के एसपी से बात कर तत्काल और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रशासन को पीड़िता और उसके परिवार को हरसंभव सहायता देने का आदेश भी दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा, “यह अमानवीय और बर्बर कृत्य है। दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाएगी। महिलाओं के खिलाफ ऐसी क्रूरता को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” गृह मंत्री वंगलपुडी अनिता और टीडीपी के एमएलसी कंचरला श्रीकांत ने वीडियो कॉल के जरिए पीड़िता से बात की, उसे ढांढस बंधाया और हर संभव सरकारी मदद का भरोसा दिलाया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा