Friday, March 20, 2026
Homeसाइंस-टेककौन थीं YouTube की पूर्व सीईओ सुसान वोज्स्की जिनकी कैंसर से हुई...

कौन थीं YouTube की पूर्व सीईओ सुसान वोज्स्की जिनकी कैंसर से हुई मौत?

यूट्यूब की पूर्व सीईओ सुसान वोज्स्की का निधन हो गया है। सुसान दो साल से फेफड़े की कैंसर से जूझ रही थीं। उनके पति डेनिस ट्रॉपर ने फेसबुक पर एक भावुक पोस्ट के जरिए यह खबर दी। सुसान वोज्स्की 56 साल की थीं।

सुसान वोज्स्की ने 2014 से 2023 की शुरुआत तक अल्फाबेट की सहायक कंपनी यूट्यूब का नेतृत्व किया। फरवरी 2023 में सुसान वोज्स्की के गूगल के स्वामित्व वाली कंपनी छोड़ने के बाद भारतीय-अमेरिकी नील मोहन को यूट्यूब का नया सीईओ नियुक्त किया गया था।

गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने सुसान वोज्स्की कामों को याद कर श्रद्धांजलि दी

गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने शनिवार को एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए भावुक पोस्ट किया। सुंदर पिचाई ने पोस्ट में लिखा कि ”सुसान वोज्स्की, जो कभी गूगल के इतिहास की एक प्रमुख हस्ती थीं, कैंसर से दो साल की लड़ाई के बाद उनका निधन हो गया। वोज्स्की ने यूट्यूब के विकास में अहम भूमिका निभाई थीं।

उन्होंने आगे लिखा ”वो गूगल के शुरुआती कर्मचारियों में से एक थीं और उन्हें एडसेंस बनाने के लिए ‘गूगल फाउंडर्स अवार्ड’ मिला था। यूट्यूब के सीईओ के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान यह प्लेटफॉर्म एक वैश्विक पावरहाउस के रूप में विकसित हुआ, जिससे लाखों कंटेट क्रिएटर्स और अरबों दर्शकों पर असर पड़ा।

कौन थीं सुसान वोज्स्की?

सुसान वोज्स्की का करियर गूगल, जो अब अल्फाबेट इंक है, के उभार से गहराई से जुड़ा हुआ था। 1998 में, उन्होंने अपना गैरेज गूगल के सह-संस्थापकों लैरी पेज और सर्गेई ब्रिन को किराए पर दिया, जहां इसका शुरुआती दफ्तर बना। सुसान वोज्स्की 1999 में गूगल की 16वीं कर्मचारी बनी थीं और पहली मार्केटिंग कार्यकारी बनीं। वह 25 साल तक जुड़ी रहीं।

गूगल में अपने समय के दौरान, सुसान वोज्स्की ने एडवर्ड्स, एडसेंस, डबल क्लिक और गूगल एनालिटिक्स सहित प्रमुख विज्ञापन और विश्लेषण उत्पादों को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने गूगल इमेज और गूगल बुक्स जैसे कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के निर्माण का भी नेतृत्व किया।

2014 में सुसान वोज्स्की को यूट्यूब का सीईओ नियुक्त किया गया। इस पद पर वह 2023 की शुरुआत तक रहीं। उनके नेतृत्व में, यूट्यूब का व्यूअर बेस बढ़कर 2.5 बिलियन मासिक हो गया था। वह 2006 में 1.65 बिलियन डॉलर में गूगल द्वारा यूट्यूब के अधिग्रहण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थीं।

सुसान वोज्स्की का निधन हाल के समय में उनके परिवार के लिए दूसरी त्रासदी है। उनके सबसे बड़े बेटे, 19 वर्षीय मार्को ट्रोपर का इस साल की शुरुआत में कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले में निधन हो गया था।

अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments