Friday, October 10, 2025
Homeभारतकौन हैं सुजाता सौनिक जिन्हें महाराष्ट्र की पहली महिला मुख्य सचिव बनाया...

कौन हैं सुजाता सौनिक जिन्हें महाराष्ट्र की पहली महिला मुख्य सचिव बनाया गया?

मुंबईः महाराष्ट्र को मुख्य सचिव के रूप में पहली महिला आईएएस अधिकारी मिलने वाली है। इसकी घोषणा बीते शुक्रवार को महायुति सरकार ने की। घोषणा में कहा गया कि 1987 बैच की आईएएस अधिकारी सुजाता सौनिक राज्य के वर्तमान मुख्य सचिव डाॅ. नितिन करीर की जगह लेंगी। नितिन करीर रविवार को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता वाला राज्य सामान्य प्रशासन विभाग रविवार औपचारिक आदेश जारी किया। आदेश के मुताबिक सुजाता शाम 5 बजे के बाद निवर्तमान मुख्य सचिव नितिन करीर से कार्यभार लेंगी। सुजाता सौनिक अगले साल जून में सेवानिवृत्त होंगी।

सुजाता सौनिक के अलावा राजस्व विभाग से अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश कुमारी (1987 बैच) और मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव इकबाल चहल (1989 बैच) मुख्य सचिव पद के लिए दो अन्य प्रमुख दावेदार थे।

शीर्ष सरकारी सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने सुजाता सौनिक को मुख्य सचिव के रूप में चुनने में सर्वसम्मति दिखाई। सरकार आगामी विधानसभा चुनावों से पहले महिला मतदाताओं को एक मजबूत संकेत भेजना चाहती थी। इसके अलावा उनका चयन ऐसे समय में हुआ है जब सरकार ने हाल ही में चौथी महिला नीति के कार्यान्वयन की शुरुआत की है, जिसका उद्देश्य महिलाओं का सशक्तीकरण और विकास करना है।

कौन हैं सुजाता सौनिक ?

सख्त और बेबाक अधिकारी के रूप में जानी जाने वाली सुजाता सौनिक वर्तमान में राज्य के गृह विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव का कार्यभार संभाल रही हैं। हाल ही में उन्हें कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा सचिव रैंक पर पदोन्नत किया गया था। उन्होंने सामान्य प्रशासन विभाग में भी अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर कार्य किया है। साथ ही सार्वजनिक स्वास्थ्य सहित कुछ अन्य विभागों में भी काम किया है।

सुजाता सौनिक के पास स्वास्थ्य सेवा, वित्त, शिक्षा, आपदा प्रबंधन एवं जिला, राज्य और संघीय स्तर पर शांति स्थापना और भारतीय प्रशासनिक सेवा और संयुक्त राष्ट्र के हिस्से के रूप में अंतरराष्ट्रीय संगठनों में सार्वजनिक नीति और शासन का तीन दशकों का अनुभव है।

सुजाता सौनिक के पति मनोज मुख्यमंत्री शिंदे के प्रधान सलाहकार हैं

सरकार ने उनके पति मनोज सौनिक को अप्रैल-दिसंबर 2023 तक सीएस नियुक्त किया था। वर्तमान में मनोज सौनिक मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार हैं। मनोज सौनिक के सेवानिवृत्त होने के बाद सरकार ने दूसरी बार इस पद के लिए सुजाता सौनिक पर विचार नहीं किया और 1988 बैच के उनके जूनियर नितिन करीर को मुख्य सचिव के पद पर चुन लिया।

पिछले साल 31 दिसंबर को नियुक्त किए गए करीर को इस साल मार्च में सेवानिवृत्त होना था, लेकिन लोकसभा चुनावों के मद्देनजर उन्हें तीन महीने का सेवा विस्तार दिया गया था।

-आईएएनएस इनपुट

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा