नई दिल्ली: आईपीएल में गुरुवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ लखनऊ सुपर जाएंट्स की सनसनीखेज जीत की इबारत लिखने वाले मुकुल चौधरी चर्चा में हैं। मूल रूप से राजस्थान के झुंझुनू से आने वाले मुकुल चौधरी ने केकेआर के खिलाफ 27 गेंदों पर 54 रनों की नाबाद पारी खेली जिसमें 7 छक्के और दो चौके शामिल रहे।
मुकुल चौधरी 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे, तब लखनऊ को 43 गेंदों पर 78 रनों की जरूरत थी। 16 ओवर के बाद स्कोर 7 विकेट पर 128 रन था। 182 रनों का लक्ष्य था। निचले क्रम में चौधरी अकेले बल्लेबाज बचे थे। ऐसे में लखनऊ की हार लगभग तय लग रही थी। लेकिन मुकुल ने हार नहीं मानी। मुकुल की विस्फोटक पारी का ही नतीजा था कि एक समय लखनऊ को 10 गेंदों पर 30 रन और आखिरी ओवर में 14 रनों की जरूरत रह गई थी। आखिरकार उन्होंने टीम को जीत तक पहुंचाकर ही दम लिया।
शुरुआत में 6 गेंदों पर 2 रन बनाकर खेल रहे मुकुल चौधरी ने 17वें ओवर में 11 रन बनाए। इसमें 1 छक्का और 1 चौका शामिल था। चौधरी ने स्ट्राइक अपने पास रखी थी। आखिरी 3 ओवर में एलएसजी को जीत के लिए 43 रन चाहिए थे। 18वें ओवर में मुकुल चौधरी ने कार्तिक त्यागी को 2 छक्के सहित 13 रन मारे और फिर स्ट्राइक अपने पास रखी। 19वां ओवर कैमरन ग्रीन लेकर आए। मुकुल ने इस ऑस्ट्रेलियाई के ओवर में 2 छक्के और 1 चौका सहित 16 रन बनाए। लखनऊ ने मैच तीन विकेट से जीता।
‘भारत का सबसे खतरनाक बल्लेबाज…’
मुकुल चौधरी की शानदार मैच-विनिंग पारी के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह मुकुल चौधरी को ‘भारत का सबसे खतरनाक नंबर 6 या 7 बल्लेबाज’ बनाने की बात कह रहे हैं। यह पहले का वीडियो है लेकिन ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स पर रोमांचक जीत के बाद वायरल हो रहा है।
लखनऊ सुपर जाएंट्स द्वारा साझा किए गए इस वीडियो में लैंगर ट्रेनिंग सेशन के दौरान मुकुल से कहते नजर आते हैं, ‘अगले चार महीनों में, मैं तुम्हें भारत का सबसे खतरनाक नंबर 6 या 7 बल्लेबाज बना दूंगा।’ मुकुल की इस शानदार पारी के बाद, यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
‘हर दिन 100 से 150 छक्के लगाने का अभ्यास’
मुकुल के लगाए छक्कों और मैच को फिनिश करने की उनकी क्षमता के देख कई लोग उनकी तुलना पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से कर रहे हैं। दिलचस्प ये भी था कि धोनी को ही अपना आदर्श मानने वाले मुकुल चौधरी ने उनका लोकप्रिय हेलीकॉप्टर शॉट भी इस मैच लगाया लगाया।
मैच के बाद अपने छक्के लगाने की क्षमता मुकुल चौधरी ने कहा, ‘मेरा शरीर थोड़ा ताकतवर है, और यह मुझमें नैचुरली आ गया है। मैं हर दिन 100-150 छक्के मारने का अभ्यास करता हूं, इसलिए अगर आप ऐसा करते रहें तो बैट की गति बढ़ती है। मैं पिछले पांच-छह महीनों से बहुत अभ्यास कर रहा हूं, इसलिए यह मेरे गेम में आ गया है।’
हेलीकॉप्टर शॉट पर मुकुल ने कहा, ‘मैंने बचपन से ही उस शॉट का अभ्यास किया है। मुझे हमेशा वह पसंद था, और जिस तरह से धोनी पारी खत्म करते थे। वह यॉर्कर पर भी छक्का मारते थे। अगर आप उस तरह की गेंद पर भी छक्का मारते हैं, तो गेंदबाज कुछ अलग करने के बारे में सोचता है।’
वहीं, लखनऊ सुपर जाएंट्स के कोच जस्टिन लैंगर ने कहा, ‘उन्हें विश्वास है कि चौधरी और भी ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं। वह बहुत युवा है, और उनकी आंखों में वह चमक है। वह भूखा है। जब आप पहली बार आते हैं, तो आप बहुत मेहनत करते हैं, और उसकी जिंदगी और उसके करियर का एक बहुत बड़ा पल साबित होगा।’
राजस्थान से आते हैं मुकुल चौधरी
मैच के बाद मुकुल ने अपनी कहानी सुनाते हुए बताया कि उनका क्रिकेटर बनना उनके पिता का सपना था। उन्होंने कहा, ‘मेरा सफर तब शुरू हुआ जब मेरे पापा की शादी भी नहीं हुई थी, उनका सपना था कि उनका बेटा क्रिकेट खेले।’
महेंद्र सिंह धोनी को अपना आदर्श मानने वाले मुकुल ने कहा कि उन्हें बचपन से छक्के लगाना पसंद है। वह जमीनी शॉट खेलना कम पसंद करते हैं। बताया जाता है कि मुकुल कड़ी मेहनत करते हैं और प्रतिदिन 100-150 छक्के लगाने का अभ्यास करते हैं। इसी वजह से उनकी पावर-हिटिंग क्षमता निखरी है।
दाएं हाथ के इस बल्लेबाज के क्रिकेट करियर में उनके पिता का बड़ा योगदान रहा है। उनके पिता दलीप चौधरी ने उन्हें क्रिकेटर बनाने के लिए अपनी नौकरी तक छोड़ दी और आर्थिक जोखिम उठाए। उनकी मां सुनीता ने भी पूरा समर्थन दिया।
राजस्थान के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले इस खिलाड़ी के करियर की शुरुआत पहले मध्यम गति के तेज गेंदबाज के रूप में सिक्किम में हुई थी। बाद में उन्होंने विकेटकीपिंग और आक्रामक बल्लेबाजी पर ध्यान केंद्रित किया और दिल्ली और गुरुग्राम जाकर मैच खेले और खुद को निखारा। 2023 में उन्होंने राजस्थान के लिए प्रथम श्रेणी और टी20 में, जबकि 2025 में लिस्ट ए में डेब्यू किया था।
2025-26 सीजन में सीके नायडू ट्रॉफी में 617 रन बनाकर उन्होंने खुद को साबित किया। इसके बाद सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन ने उन्हें आईपीएल तक पहुंचा दिया। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने 198.85 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे।
अनकैप्ड मुकुल को उनके घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन के आधार पर एलएसजी ने आईपीएल 2026 के लिए हुई मीनी नीलामी में 2.6 करोड़ में खरीदा था।
(समाचार एजेंसी IANS इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- IPL 2026: CSK ने इस ऑलराउंडर को खरीदने में खर्चे थे 14.20 करोड़, पर नहीं करा रहे गेंदबाजी; क्या है माजरा?

