अगर आप भी उन लोगों में से हैं जो व्हाट्सएप (WhatsApp) ग्रुप्स के सैकड़ों मैसेज देखकर घबरा जाते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। व्हाट्सएप जल्द ही एक ‘स्मार्ट समरी’ टूल पेश करने जा रहा है। दरअसल व्हाट्सएप पर अब अनपढ़े मैसेज (Unread Messages) के अंबार को मैनेज करना बेहद आसान होने वाला है।
मेटा के स्वामित्व वाली यह कंपनी एक ऐसे क्रांतिकारी एआई-पावर्ड (AI-powered) फीचर पर काम कर रही है, जो आपके दर्जनों अनपढ़े मैसेज को एक छोटे और पढ़ने में आसान समरी में बदल देगा। इस फीचर के आने के बाद यूजर्स को हर चैट को अलग से खोलकर लंबी बातचीत पढ़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
व्हाट्सएप अपडेट्स पर नजर रखने वाली वेबसाइट WABetaInfo के अनुसार, यह नया टूल विशेष रूप से उन यूजर्स के लिए डिजाइन किया गया है जो कई ग्रुप चैट्स का हिस्सा हैं या जिन्हें दिनभर में सैकड़ों मैसेज मिलते हैं। अक्सर व्यस्तता के कारण जरूरी मैसेज छूट जाते हैं, लेकिन अब यूजर सिर्फ एक टैप के जरिए सभी अनरीड मैसेज के जरूरी पाइंट्स को समझ सकेंगे।
WhatsApp का गोपनीयता और डेटा सुरक्षा पर विशेष जोर
एआई के उपयोग को लेकर अक्सर प्राइवेसी की चिंताएं रहती हैं, लेकिन व्हाट्सएप ने इसे बेहद सुरक्षित बनाने का दावा किया है। इस सिस्टम की मुख्य विशेषताएं निम्नलिखित हैं:
लोकल प्रोसेसिंग: यह फीचर ‘लोकल प्रोसेसिंग टेक्नोलॉजी’ पर आधारित है। इसका मतलब है कि मैसेज का विश्लेषण यूजर के फोन पर ही होगा, मेटा के सर्वर पर नहीं।
एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन: कंपनी के अनुसार, न तो मूल मैसेज और न ही एआई द्वारा तैयार किया गया सारांश व्हाट्सएप या मेटा के सर्वर तक पहुँचेगा।
स्वतंत्र ऑडिट: डेटा सुरक्षा के अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए इस सिस्टम का स्वतंत्र सुरक्षा ऑडिट भी कराया गया है।
कैसे काम करेगा यह फीचर?
एंड्रॉयड के बीटा वर्जन में देखे गए इस फीचर के अनुसार, यह ‘अनरीड कन्वर्सेशन’ के लिए बने एक विशेष फिल्टर में दिखाई देगा। यह सुविधा पूरी तरह से वैकल्पिक होगी और डिफॉल्ट रूप से बंद (Disabled) रहेगी।यूजर अपनी इच्छा के अनुसार इसे मैन्युअल रूप से इनेबल कर सकेंगे। इनेबल होने के बाद, एआई एन्क्रिप्टेड मैसेज का विश्लेषण करेगा और बातचीत का एक संक्षिप्त सार पेश कर देगा।
फिलहाल यह फीचर टेस्टिंग के दौर में है और इसकी सटीक लॉन्चिंग डेट या भौगोलिक क्षेत्रों की घोषणा नहीं की गई है।

