Friday, October 10, 2025
Homeविश्वलॉस एंजेलिस में लगी आग पर डाला जा रहा 'पिंक लिक्विड' क्या...

लॉस एंजेलिस में लगी आग पर डाला जा रहा ‘पिंक लिक्विड’ क्या है? जानिए इसके बारे में सबकुछ

वाशिंगटनः लॉस एंजेलिस में लगी भीषण आग में अब तक कम से कम 25 लोगों की मौत हो चुकी है। शहर में दो बड़ी आग, पलिसैड्स और ईटन फायर, अभी भी बेकाबू हैं और तेजी से फैल रही हैं। हालांकि अग्निशमन कर्मियों ने इन आगों को काबू में लाने में सफलता हासिल की है। आग पर काबू पाने के लिए विमानों के जरिए लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है। इसके साथ ही एक पिंक लिक्विड भी आग पर गिराया जा रहा है।

फायर एजेंसियों का कहना है कि ये रसायन (पिंक लिक्विड), जो आमतौर पर जंगलों की आग बुझाने के लिए उपयोग किए जाते हैं, काफी महंगे होते हैं। लेकिन सवाल यह है कि इनमें क्या होता है और यह कितना कारगर और सुरक्षित होता हैं? आइए जानते हैं-

आग पर गिराए जाने वाला यह पिंक लिक्विड क्या है?

सोशल मीडिया पर प्रसारित कई वीडियो में लॉस एंजेलिस क्षेत्र में आग पर काबू पाने के लिए विमानों से पिंक यानी गुलाबी रंग के तरल पदार्थ का छिड़काव किया जा रहा है। सीबीसी न्यूज के मुताबिक यह गुलाबी रंग का तरल पदार्थ दरअसल फायर रिटार्डेंट है। यह कदम आग को नियंत्रित करने और उसके पड़ोसी इलाकों को नष्ट होने से बचाने के लिए उठाया गया है। इस रसायन से आग के जलने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है।

यूएससी के सिविल और पर्यावरण इंजीनियरिंग के प्रोफेसर डेनियल मैकरी के अनुसार, यह एरियल फायर सप्रेसेंट आमतौर पर पानी, अमोनियम फॉस्फेट (खाद) और आयरन ऑक्साइड का मिश्रण होता है। आयरन ऑक्साइड रसायन को दिखाई देने योग्य बनाता है। अमेरिकी फॉरेस्ट सर्विस का कहना है कि यह रसायन आग से ऑक्सीजन छीन लेता है और वनस्पति और अन्य सतहों को ठंडा व कोट करके जलने की गति को धीमा कर देता है।

हालांकि ये रसायन आमतौर पर इंसानों के लिए सुरक्षित माने जाते हैं, लेकिन वन्यजीवन पर इनके संभावित प्रभावों को लेकर चिंता बनी हुई है। फॉरेस्ट सर्विस ने जल स्रोतों और लुप्तप्राय प्रजातियों के आवासों पर इनका उपयोग प्रतिबंधित किया है, जब तक कि मानव जीवन या सार्वजनिक सुरक्षा खतरे में न हो।

प्रोफेसर मैकरी के शोध में पाया गया कि कुछ रसायनों में भारी धातुएं, जैसे क्रोमियम और कैडमियम, शामिल हो सकती हैं। हालांकि, फॉरेस्ट सर्विस का कहना है कि यह मिश्रण कैलिफोर्निया में उपयोग नहीं होता।

इस पिंक लिक्विड का उपयोग कब किया जाता है?

कैल फायर के अनुसार, आग तेजी से घाटियों और दुर्गम क्षेत्रों में फैल रही है, जहां जमीन से अग्निशमन कर्मियों का पहुंचना मुश्किल है। ऐसे में यह रसायन काफी प्रभावी होता है। लॉस एंजेलेस क्षेत्र की कई पावर कंपनियां बिजली के खंभों और लाइनों को भी आग से बचाने के लिए इन रसायनों का उपयोग कर रही हैं। लेकिन इसकी भी सीमाएं हैं।

तेज हवाओं में कम ऊंचाई पर उड़ान भरना खतरनाक हो सकता है और रसायन जमीन पर पहुंचने से पहले ही बिखर सकता है। कैल फायर के अलावा, अमेरिकी फॉरेस्ट सर्विस, लॉस एंजेलेस और वेंचुरा काउंटी के फायर डिपार्टमेंट्स, सिटी और नेशनल गार्ड सहित कई एजेंसियां फायर रिटार्डेंट और पानी का उपयोग कर रही हैं।

12,000 से अधिक इमारतें नष्ट हो गई हैं

7 जनवरी से शुरू हुई इस विनाशकारी आग ने अब तक हजारों लोगों को बेघर कर दिया है। 12,000 से अधिक इमारतें नष्ट हो गई हैं, जिनमें अरबों डॉलर के कई घर भी शामिल हैं। कैल फायर के अनुसार, मजबूत सांता एना हवाओं की वजह से आग और बेकाबू हुई जो अबतक 62 वर्ग मील क्षेत्र को जला चुकी हैं। इस बीच यूएस नेशनल वेदर सर्विस ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि बुधवार हवा की रफ्तार 120 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और इसका सीधा असर दक्षिण-पश्चिम के जंगलों पर होगा।

इन आगों को लॉस एंजेलिस के इतिहास में सबसे विनाशकारी माना जा रहा है, खासकर तबाही की वजह से नष्ट हुई इमारतों की संख्या के आधार पर। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है कि पुनर्निर्माण कार्य पर “दसियों अरब डॉलर” खर्च हो सकते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा