Wednesday, March 25, 2026
Homeभारतपश्चिम बंगालः भाजपा ने जारी की उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट, आरजी कर...

पश्चिम बंगालः भाजपा ने जारी की उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट, आरजी कर पीड़िता की मां को बनाया उम्मीदवार

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी की है। पार्टी ने आरजी कर पीड़िता की मां को उम्मीदवार बनाया है।

कोलकाताः भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए तीसरी सूची जारी की है। इस लिस्ट में आरजी कर मेडिकल कॉलेज छात्रा की माता को भी भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है। उन्हें पानीहाटी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। आरजी कर मेडिकल कॉलेज की छात्रा का रेप कर हत्या कर दी गई थी।

राज्य की 294 विधानसभा सीटों के लिए भाजपा ने तीसरी सूची में 19 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे। पहला चरण 23 अप्रैल और दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा।

भाजपा की तीसरी सूची

इससे पहले बीते गुरुवार को भाजपा ने 111 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की थी। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक को माताभांगा सीट और पूर्व राज्यसभा सांसद रूपा गांगुली को सोनारपुर दक्षिण सीट से उम्मीदवार बनाया गया।

इससे पहले भाजपा ने अपनी पहली सूची में 144 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। इस सूची में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी को नंदीग्राम से उम्मीदवार बनाया गया। पिछले चुनाव में अधिकारी ने इसी सीट से ममता बनर्जी को हराया था। सुवेंदु को इस बार भवानीपुर से भी उम्मीदवार घोषित किया गया है, जहां से ममता बनर्जी उम्मीदवार हैं।

टीएमसी को हराने के लिए भाजपा में हुईं शामिल

आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप पीड़िता की मां ने भाजपा की तीसरी सूची जारी करने से पहले कहा था कि वह आगामी चुनाव में चुनाव लड़ने के लिए भाजपा के साथ बातचीत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि शुरू में वह हिचकिचा रही थीं लेकिन अंततः ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली कांग्रेस को “उखाड़ फेंकने” के लिए पार्टी में शामिल हो गईं।

इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि ” यह कोई आखिरी फैसला नहीं था। शुरुआत से ही वे हमें बता रहे थे लेकिन मैं तैयार नहीं थी। लेकिन फिर मुझे एहसास हुआ कि महिलाओं की सुरक्षा और बंगाल के हर पहलू में फैले भ्रष्टाचार से कोई भी खुश नहीं है और इसलिए टीएमसी को उखाड़ फेंकने के लिए मैं भाजपा में शामिल हो गई। “

उन्होंने कहा कि ” मैंने सिर्फ फोन करके कहा था कि मैं उम्मीदवार बनना चाहती हूं। न्याय की लड़ाई कठिन हो गई है। सभी पार्टियों ने प्रस्ताव दिए हैं लेकिन न्याय पाने के लिए हमें भाजपा के साथ रहना होगा। हम सीबीआई से अभी भी नाखुश हैं क्योंकि वे काम नहीं कर रहे हैं। मैं नहीं चाहती कि मेरी बेटी के साथ जो हुआ वह किसी और महिला के साथ हो। “

अमरेन्द्र यादव
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments