नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ठंड और कोहरे को लेकर अगले 24 घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसमें उत्तर भारत के बड़े हिस्सों में घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। साथ ही शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी और आसपास (दिल्ली-एनसीआर) के इलाकों में हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ कैटेगरी में बनी रही।
IMD के अनुसार उत्तर प्रदेश और बिहार में बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में आज बहुत ज्यादा ठंड वाला दिन रहने की भी संभावना जताई गई है। 19 और 20 दिसंबर को पंजाब, उत्तराखंड और बिहार में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश और हरियाणा में सुबह के शुरुआती घंटों में ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो से तीन दिनों तक कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है, जिससे कम विजिबिलिटी, यात्रा में देरी और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
दिल्ली में कई फ्लाइट हुए रद्द
वहीं, एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया है कि गुरुवार को पूरे दिन फ्लाइट ऑपरेशन पर असर पड़ा जिसमें दो इंटरनेशनल फ्लाइट समेत 79 डिपार्चर कैंसिल हुए, और दो इंटरनेशनल सर्विस समेत 73 अराइवल कैंसिल हुए। यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट जाने से पहले लेटेस्ट अपडेट के लिए अपनी-अपनी एयरलाइंस से संपर्क करें।
देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने शुक्रवार को यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि कम दृश्यता के कारण कई उड़ानों के शेड्यूल प्रभावित हो सकते हैं। एयरलाइन ने यात्रियों से आग्रह किया है कि एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले फ्लाइट की लेटेस्ट स्टेटस जांच लें, क्योंकि मौसम के चलते उड़ान समय में बदलाव, देरी या रद्द होने की स्थिति बन सकती है।
दिल्ली में खतरनाक प्रदूषण की स्थिति भी बनी हुई है। आनंद विहार समेत कई इलाकों में घना स्मॉग छाया रहा। इस बीच बढ़ते प्रदूषण के स्तर को रोकने के लिए एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन ने दिल्ली-NCR में GRAP स्टेज IV के तहत सभी उपायों को लागू कर दिया है।
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के डेटा के मुताबिक दिल्ली में गाजीपुर में एयर क्वालिटी इंडेक्स 442, ITO में 409 और पालम में 447 था, जिससे ये इलाके ‘गंभीर’ कैटेगरी में आ गए हैं। सुबह 7.47 बजे शहर का ओवरऑल AQI 330 था, जबकि पहले की रीडिंग में सुबह के समय यह लेवल 358 तक था। सुबह करीब 8 बजे, दिल्ली का ओवरऑल AQI 387 रिकॉर्ड किया गया, जो ‘बहुत खराब’ कैटेगरी में आता है।
उत्तर भारत में कोहरे और ठंड की मार
उत्तर भारत के हिस्से में पहाड़ी से लेकर मैदानी इलाकों तक में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले दो दिन (20 से 22 दिसंबर) के दौरान हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 21 दिसंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश/बर्फबारी की भी आशंका जताई गई है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में शीत लहर और भीषण ठंड पड़ने की संभावना है। उत्तर भारत के कई राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।
पटना में बढ़ती ठंड के बीच स्कूलों के समय में बदलाव
कड़ाके की ठंड और बढ़ते शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने आदेश जारी करते हुए जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों, प्री-स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में निर्धारित समय से पहले और बाद की शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है।
डीएम की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 19 दिसंबर से 25 दिसंबर तक सुबह 9 बजे से पहले और शाम 4:30 बजे के बाद किसी भी कक्षा की पढ़ाई नहीं कराई जाएगी। आदेश में साफ कहा गया है कि ठंड के दौरान सुबह व शाम के समय तापमान में भारी गिरावट हो रही है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी की संभावना
जम्मू-कश्मीर में दो महीने से ज्यादा समय तक सूखे के बाद अगले 48 घंटों के दौरान बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 20 दिसंबर की देर शाम से ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश का अनुमान जताया है। 20 और 21 दिसंबर की दरमियानी रात को केंद्र शासित प्रदेश के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश होने की उम्मीद है। यह 21 दिसंबर की देर दोपहर तक जारी रह सकती है।
अधिकारी ने बताया कि गांदरबल, बांदीपोरा और कुपवाड़ा जिलों के कुछ ऊंचे इलाकों में खासकर 21 दिसंबर को भारी बर्फबारी हो सकती है। बारामूला, कुपवाड़ा, बांदीपोरा और गांदरबल जिलों के अधिकारियों ने एडवाइजरी जारी कर ऊंचे इलाकों में रहने वाले लोगों से बर्फबारी के दौरान अपने घरों से बाहर न निकलने को कहा है। सूबे में कड़ाके की सर्दी का 40 दिन का समय जिसे ‘चिल्लई कलां’ कहा जाता है, 21 दिसंबर से शुरू होगा और 30 जनवरी को खत्म होगा।

