Friday, October 10, 2025
HomeभारतWeather Update 20th May: यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान, बेंगलुरु...

Weather Update 20th May: यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान, बेंगलुरु के लिए IMD का येलो अलर्ट

Weather Update 20th May: देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, बिहार जैसे कई राज्यों में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार बंगाल में की खाड़ी में बने सर्कुलेशन और पश्चिमी विक्षोभ की वजह से कई राज्यों में बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। पश्चिम में महाराष्ट्र सहित दक्षिण की ओर से कर्नाटक, केरल जैसे राज्यों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। खासकर बेंगलुरु में आज भी तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। महाराष्ट्र के कई इलाकों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर भारत में ज्यादातर राज्यों में बारिश की स्थिति 22 या 23 मई तक बनी रह सकती है।

अरब सागर के ऊपर चक्रवाती सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी गुजरात से लेकर उत्तर-पूर्वी अरब सागर तक समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर ऊपर एक चक्रवाती हवा का पैटर्न विकसित हुआ है। इस वजह से 23 मई तक कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश पर प्रभाव पड़ने की उम्मीद है। 22 मई को अरब सागर में एक और चक्रवाती सिस्टम भी बन सकता है, जिससे मौसम की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।

आईएमडी ने आने वाले दिनों में इन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। कर्नाटक के कुछ हिस्सों में 22 मई तक बारिश और आंधी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें तापमान 20 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। 

बेंगलुरू में रविवार शाम से इसका असर दिख रहा है। 19 मई को सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटे की अवधि में शहर में 105.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। यह पिछले दो सालों में मई में बेंगलुरु में हुई सबसे भारी बारिश है, हालांकि यह 1909 में दर्ज 153.9 मिमी के सर्वकालिक रिकॉर्ड से कम है।

वहीं, दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के कारण केरल को 24 मई तक ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है, जिससे तेज हवाएं, बिजली गिरने और भारी बारिश होने की संभावना है।

उत्तर भारत में बादल, बारिश और ठंडी हवाएं

उत्तर भारत में ज्यादातर राज्यों में आसमान में बादल छाए रहने सहित कुछ जगहों पर तेज बारिश की संभावना है। यूपी, हरियाणा, उत्तराखंड, बिहार जैसे राज्यों में यह स्थिति रहेगी। दिल्ली-एनसीआर में मध्यम बारिश, धूल भरी आंधी की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। खासकर लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज जैसे शहरों में मध्यम से भारी बारिश तक देखने को मिल सकती है। पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश, धूल भरी तेज हवा चल सकती है। ऐसे ही बिहार में हल्की बारिश के आसार हैं।

मध्य प्रदेश की बात करें तो भोपाल, इंदौर, ग्वालियर जैसे शहरों में आंधी और मध्यम बारिश की संभावना है। चक्रवाती हवाओं की वजह से तेज हवाएं चलेंगी।

राजस्थान में लू का अलर्ट

इन सबके बीच राजस्थान में लोगों को गर्मी से खास राहत नहीं मिलने की संभावना है। जैसलमेर, बीकानेर जैसी जगहों पर लू और गर्म हवाएं चलने की स्थिति बनी हुई है। कुछ जगहों पर तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है। पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर हल्की बारिश और तेज हवाएं देखने को मिल सकती हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

वहीं, देश के पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी है। असम, मेघालय में आज और कल मूसलाधार बारिश देखने को मिल सकती है। हिमाचल प्रदेश में ऊना, शिमला जैसी जगहों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बिलासपुर, मंडी, सोलन जैसी जगहों के लिए येलो अलर्ट है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा