Friday, March 20, 2026
Homeचैंपियन बनने के बाद विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय...

चैंपियन बनने के बाद विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय से लिया संन्यास

ब्रिजटाउनः  टी-20 विश्व कप 2024 के फाइनल में 59 गेंदों में 76 रनों की ऐतिहासि पारी खेलकर प्लेयर ऑफ द मैच बने स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने इस प्रारूप को अलविदा कह दिया। तो सुपर 8 और सेमीफाइनल में अर्धशतक जड़ने वाले हिट मैन व कप्तान रोहित शर्मा ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में टी20 क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया।

अमेरिका और वेस्टइंडीज में हुए टी20 विश्वकप में अजेय रही भारतीय टीम के लिए टूर्नामेंट के सात मैचों में केवल 75 रन बनाने वाले विराट कोहली फाइनल के हीरो बने और भारत को जीत दिलाई। बेहतरीन स्ट्रोक्स और धैर्य से भरी उनकी पारी ने भारत के कुल स्कोर को मजबूत किया और दक्षिण अफ्रीका के सामने एक मजबूत लक्ष्य रखा।

जैसे ही अंतिम गेंद फेंकी गई और भारत ने जीत हासिल की, भीड़ खुशी से झूम उठी। कोहली खड़े थे, भावुक दिख रहे थे, फिर भी शांत थे। मैच के बाद की प्रस्तुति में, उन्होंने दर्शकों और अपने प्रशंसकों को हार्दिक शब्दों से संबोधित किया।

यह अगली पीढ़ी के लिए टी-20 खेल को आगे ले जाने का समयः विराट

मैच के बाद कोहली ने कहा, “यह मेरा आखिरी टी20 विश्व कप था, यह वही है जो हम हासिल करना चाहते थे,” कोहली ने कहा, उनकी आवाज गर्व और राहत से गूंज रही थी। एक दिन आपको ऐसा लगता है कि आप रन नहीं बना सकते और ऐसा हो जाता है, भगवान महान है। यह भारत के लिए खेलने वाला मेरा आखिरी टी20 मैच था। हम वह कप उठाना चाहते थे।”

कहोली ने कहा कि यह एक खुला रहस्य था। यह अगली पीढ़ी के लिए टी-20 खेल को आगे ले जाने का समय है। यह रोहित का 9वां और मेरा छठा टी20 विश्व कप था। मैं पिछले कुछ मैचों में अच्छा नहीं कर रहा था, आज अवसर भी था और जरूरत भी। इसके लिए मैं भगवान का शुक्रिया अदा करता हूं।

विराट के बाद रोहित शर्मा ने भी टी20 से लिया संन्यास

विराट के बाद रोहित शर्मा ने भी संन्यास का ऐलान कर दिया। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित ने कहा कि “यह मेरा आखिरी टी20 मैच भी है। इससे अच्छा समय इस फॉर्मेट को अलविदा कहने का हो नहीं सकता। मैंने हर पल का लुत्फ उठाया है। मैंने भारत के लिए अपना करियर इसी फॉर्मेट से शुरू किया था और यही मैं चाहता था, मैं विश्व कप जीतना चाहता था।”

बता नहीं सकता कि मैं किन भावनाओं से गुजर रहा हूंः रोहित

भारत की 11 साल बाद पहली आईसीसी टूर्नामेंट जीत के बाद भावुक रोहित ने कहा, “मैं पूरी तरह से भावुक हूँ और ये बता नहीं सकता कि मैं किन भावनाओं से गुजर रहा हूं। इसे शब्दों में बयान नहीं कर सकता। इसे जज्ब करने दें। कल रात मैं रात मैं सो नहीं सका क्योंकि मैं बहुत हताश था और इसे जीतने की तीव्र इच्छा थी। लेकिन मैदान पर मैंने खुद को संभाल लिया।

रोहित शर्मा  भारतीय क्रिकेट इतिहास में सिर्फ तीसरे कप्तान बन गए हैं जिन्होंने वर्ल्ड कप जीता है! यह भी किसी भी फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे या टी20) में हो सकता है। उनसे पहले कपिल देव (1983) और एमएस धोनी (2007 और 2011 में) ने ये कारनामा किया था।

इसके अलावा, रोहित एक और रिकॉर्ड बनाने में कामयाब रहे हैं।  वह दुनिया के पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं जिन्होंने किसी टीम को 50 टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में जीत दिलाई है। गौर करने वाली बात ये है कि उनकी 50वीं जीत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वर्ल्ड कप फाइनल ही थी! 2021 टी20 वर्ल्ड कप में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद रोहित को ही कप्तानी सौंपी गई थी। उन्होंने टीम को शानदार वापसी दिलाई और इस बार वर्ल्ड कप चैंपियन बना दिया।

रोहित-विराट के संन्यास पर BCCI अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने क्या कहा?

रोहित शर्मा और विराट कोहली के टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने पर बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने कहा, “वे शानदार रहे हैं…उनकी जगह तुरंत किसी और को लाना बहुत मुश्किल होगा…इस समय यह बहुत बड़ी क्षति होगी। उम्मीद है कि हमें कुछ अच्छे युवा क्रिकेटर मिलेंगे…यह आसान नहीं होगा…”

महेंद्र सिंह धोनी ने कहा- जन्मदिन को तोहफा मिल गया

भारतीय टीम के टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीतने के बाद, पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, “चैंपियंस 2024। मेरी दिल की धड़कने बढ़ गई थी। शांत रहकर, आत्मविश्वास के साथ आप लोगों ने जो किया, उसके लिए बधाई। सभी भारतीयों की ओर से और दुनिया भर में हर जगह से विश्व कप घर लाने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। बधाई। अरे, जन्मदिन के अनमोल उपहार के लिए धन्यवाद।” बता दें कि 7 जुलाई को धोनी का जन्मदिन पड़ता है।

महेंद्र सिंह धोनी की इंस्टाग्राम पोस्ट पर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा, “वे एक शानदार खिलाड़ी हैं। उन्होंने हमारे और देश के लिए बहुत कुछ किया। मुझे अच्छा लगा कि उन्होंने हमारी सराहना की…”

विराट और रोहित के टी20 आंकड़ें

जून 2010 में टी20 अंतरराष्ट्रीय में पदार्पण करने वाले विराट कोहली ने 14 वर्षों में कुल 125 टी20 मैच खेले। जिनमें उन्होंने 4188 रन बनाए। इसमें एक शतक और 38 अर्धशतक शामिल हैं। खेल के प्रति उनके अथक समर्पण और जुनून ने उन्हें अपने साथी रोहित शर्मा के बाद टी20 में दूसरा सबसे ज्यादा रन बनाने वाला खिलाड़ी बना दिया। वहीं 2007 में पदार्पण करने वाले रोहित शर्मा ने 159 टी-20 मैच में 4231 रन बनाए हैं। इनमें 5 शतक और 32 अर्धशतक शामिल हैं।

आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में भारत

टूर्नामेंट परिणाम विरुद्ध कप्तान
1983 वनडे विश्व कप जीत वेस्टइंडीज कपिल देव
2000 चैंपियंस ट्रॉफी हार न्यूज़ीलैंड सौरव गांगुली
2002 चैंपियंस ट्रॉफी संयुक्त विजेता श्रीलंका सौरव गांगुली
2003 वनडे विश्व कप हार ऑस्ट्रेलिया सौरव गांगुली
2007 टी-20 विश्व कप जीत पाकिस्तान महेंद्र सिंह धोनी
2011 वनडे विश्व कप जीत श्रीलंका महेंद्र सिंह धोनी
2013 चैंपियंस ट्रॉफी जीत इंग्लैंड महेंद्र सिंह धोनी
2014 टी-20 विश्व कप हार श्रीलंका महेंद्र सिंह धोनी
2017 चैंपियंस ट्रॉफी हार पाकिस्तान विराट कोहली
2021 टेस्ट चैंपियनशिप हार न्यूजीलैंड विराट कोहली
2023 वनडे विश्व कप हार ऑस्ट्रेलिया रोहित शर्मा
2023 टेस्ट चैंपियनशिप हार ऑस्ट्रेलिया रोहित शर्मा
2024 टी-20 विश्व कप जीत द. अफ्रीका रोहित शर्मा
अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments