Friday, March 20, 2026
Homeविश्वUS-Bangladesh Tariff Deal: बांग्लादेश ने अमेरिकी निर्यातकों के लिए खोला डेयरी, बीफ...

US-Bangladesh Tariff Deal: बांग्लादेश ने अमेरिकी निर्यातकों के लिए खोला डेयरी, बीफ और पोल्ट्री सेक्टर

इस व्यापक समझौते के तहत बांग्लादेश ने लगभग 3.5 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य के अमेरिकी कृषि उत्पादों जिनमें गेहूं, सोया, कपास और मक्का शामिल हैं, की खरीद के लिए भी प्रतिबद्धता जताई है।

ढाका: अमेरिका ने बांग्लादेश के साथ एक व्यापार समझौता करने का ऐलान किया है। इसके तहत अमेरिका अब बांग्लादेशी उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 19 प्रतिशत करेगा। डील के तहत बांग्लादेश डेयरी, बीफ और मुर्गी पालन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में अमेरिकी उत्पादों की पहुंच बढ़ाने पर राजी हो गया है।

इस समझौते के तहत अमेरिका में बनी कारें, मोटरसाइकिलें, मोटर वाहन और उनके पुर्जे, चिकित्सा उपकरण, मशीनरी, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी उपकरण, ऊर्जा उत्पाद और सोया आधारित वस्तुओं को भी बांग्लादेश में महत्वपूर्ण बाजार पहुंच प्राप्त होगी।

एक संयुक्त बयान के अनुसार, बदले में अमेरिका में उत्पादित कपास और कृत्रिम रेशों से बांग्लादेश में बने कुछ वस्त्रों और परिधानों को अमेरिकी बाजार में टैरिफ से छूट मिलेगी। खास बात यह है कि इस समझौते से बांग्लादेश के रेडीमेड गारमेंट्स क्षेत्र पर दबाव कम हुआ है, जो अमेरिका द्वारा प्रस्तावित उच्च टैरिफ के कारण अनिश्चितता का सामना कर रहा था।

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने कहा कि अमेरिका ने एक ऐसा तंत्र स्थापित करने पर सहमति जताई है जिसके तहत अमेरिकी कच्चे माल से बने चुनिंदा बांग्लादेशी वस्त्र और परिधान उत्पादों पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। उन्होंने कहा कि यह समझौता पिछले साल अप्रैल में शुरू हुई बातचीत के 9 महीने बाद हुआ है।

अमेरिकी कृषि और खाद्य पदार्थों पर टैरिफ जीरो

समझौते के लागू होने के बाद बांग्लादेश कई अमेरिकी कृषि और खाद्य उत्पादों पर टैरिफ घटाकर शून्य कर देगा। इसमें मुर्गी, समुद्री भोजन, चावल, मक्का और अन्य अनाज शामिल हैं।

वाशिंगटन ने कहा कि वह पात्रता और लागू कानूनों के अधीन रहते हुए अमेरिकी निजी फर्मों के साथ साझेदारी में अमेरिका के एक्सपोर्ट-इंपोर्ट बैंक और अमेरिकी अंतर्राष्ट्रीय विकास वित्त निगम जैसे संस्थानों के माध्यम से बांग्लादेश के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निवेश वित्तपोषण की संभावनाओं का पता लगाएगा।

इस व्यापक समझौते के तहत बांग्लादेश ने लगभग 3.5 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य के अमेरिकी कृषि उत्पादों, जिनमें गेहूं, सोया, कपास और मक्का शामिल हैं, की खरीद के लिए प्रतिबद्धता जताई है। इस समझौते में 15 वर्षों में लगभग 15 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य के ऊर्जा आयात और विमानों की खरीद भी शामिल है।

अमेरिकी टैरिफ में कमी लाने के उद्देश्य से एक संबंधित कदम के तहत बांग्लादेश ने बोइंग से 25 विमान खरीदने पर सहमति व्यक्त की है, जिसका अनुमानित मूल्य 30,000-35,000 करोड़ टका है।

गार्मेंट सेक्टर पर बांग्लादेश का पूरा जोर

बांग्लादेश की कुल निर्यात आय में रेडीमेड कपड़ों के उद्योग का योगदान 80 प्रतिशत से अधिक है। यह उद्योग लगभग 40 लाख लोगों को रोजगार प्रदान करता है और देश के सकल घरेलू उत्पाद में लगभग 10 प्रतिशत का योगदान देता है। एक्सपोर्ट प्रोमोशन ब्यूरो के अनुसार संयुक्त राज्य अमेरिका बांग्लादेश का सबसे बड़ा निर्यात बाजार बना हुआ है।

बांग्लादेश ने पिछले साल अगस्त में अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ को 20 प्रतिशत तक लाने में कामयाबी हासिल कर ली थी, जो पहले प्रस्तावित 37 प्रतिशत था। अब टैरिफ में और कटौती के साथ बांग्लादेश भारत के साथ कड़ी प्रतिस्पर्धा करने की स्थिति में है, जिस पर डील के बाद 18 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा अमेरिका ने की है।

समझौते के तहत, बांग्लादेश ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त श्रम अधिकारों का पालन करने और पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करने का भी संकल्प लिया है।

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments