Sunday, April 5, 2026
Homeविश्वईरान में क्रैश अमेरिकी विमान का मिल गया लापता पायलट, सांसद ने...

ईरान में क्रैश अमेरिकी विमान का मिल गया लापता पायलट, सांसद ने क्या दावा किया?

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, एफ-15ई स्ट्राइक ईगल विमान को शुक्रवार को ईरान के भीतर मार गिराया गया। विमान में सवार दो सदस्यों में से एक को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि दूसरा पायलट पैराशूट के जरिए नीचे उतरने के बाद से लापता है।

वाशिंगटन/तेहरानः ईरान के ऊपर अमेरिकी लड़ाकू विमान गिराए जाने के बाद हालात तेजी से बिगड़ते दिख रहे हैं। लापता अमेरिकी पायलट की तलाश अब दोनों देशों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गई है। अमेरिकी सेना ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है, जबकि ईरान की सैन्य इकाइयां भी उसी पायलट की खोज में जुटी हुई हैं। इस घटनाक्रम ने पहले से जारी संघर्ष को और संवेदनशील बना दिया है।

इस बीच अमेरिकी सांसद ने दावा किया है कि दूसरे पायलट को भी सुरक्षित बचा लिया गया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि “यूएस एयरफोर्स के दूसरे क्रू सदस्य के सुरक्षित होने की खबर हम सभी की दुआओं का जवाब है।” बेकन ने सर्च एंड रेस्क्यू टीमों और विशेष बलों की बहादुरी को सलाम किया और उम्मीद जताई कि इस अभियान में कोई हताहत नहीं होगा। उन्होंने एफ-15ई के वेपन सिस्टम्स ऑफिसर की भी सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बेहद खतरनाक हालात में असाधारण साहस और कौशल का परिचय दिया।

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, एफ-15ई स्ट्राइक ईगल विमान को शुक्रवार को ईरान के भीतर मार गिराया गया था। विमान में सवार दो सदस्यों में से एक को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि दूसरा पायलट पैराशूट के जरिए नीचे उतरने के बाद से लापता है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, यह पांच हफ्तों से जारी संघर्ष के दौरान पहली बार है जब ईरान ने किसी अमेरिकी युद्धक विमान को गिराने का दावा किया है।

अमेरिका ने शनिवार को लापता पायलट की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि यह मिशन बेहद जोखिम भरा साबित हो रहा। बचाव अभियान में शामिल अमेरिकी हेलीकॉप्टरों पर भी फायरिंग की खबर है, जिसमें कुछ जवानों के घायल होने की सूचना है। उधर, ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दक्षिण-पश्चिमी प्रांत कोहगिलुयेह-बोयेर-अहमद के एक इलाके को घेर लिया है, जहां पायलट के उतरने की आशंका जताई जा रही है।

ईरानी सरकारी मीडिया में लापता अमेरिकी पायलट को पकड़ने के लिए इनाम की घोषणा किए जाने की भी खबर है। स्थानीय स्तर पर भी सर्च अभियान चल रहा है, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। इस बीच, एक अन्य अमेरिकी ए-10 जेट पर भी हमला हुआ, लेकिन उसका पायलट सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा और बाद में उसे बचा लिया गया।

होर्मुज को लेकर और बढ़ा ईरान-अमेरिका में तनाव

घटना के बाद दोनों देशों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को होर्मुज स्ट्रेट खोलने की चेतावनी देते हुए कहा कि अगले 48 घंटे बेहद अहम हैं। जवाब में ईरान की सेना ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि हमले जारी रहे तो नरक के दरवाजे खोल दिए जाएंगे।

तनाव का केंद्र बना होर्मुज स्ट्रेट वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद अहम मार्ग है। ईरान ने अमेरिकी और इजरायली हमलों के जवाब में इस रास्ते पर रोक लगाने के संकेत दिए हैं। ऐसे में ऊर्जा बाजार और वैश्विक राजनीति दोनों पर इसका असर पड़ने की आशंका है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिकी विमान को ईरानी सीमा के भीतर मार गिराया जाना पेंटागन के उस दावे पर भी सवाल खड़े करता है, जिसमें उसने क्षेत्र में पूर्ण हवाई बढ़त होने की बात कही थी। साथ ही, अगर लापता पायलट ईरान के हाथ लग जाता है, तो यह मामला अमेरिका के लिए सैन्य के साथ-साथ कूटनीतिक और राजनीतिक चुनौती भी बन सकता है।

इस बीच, इजरायल ने उन इलाकों में हमले रोक दिए हैं, जहां पायलट के होने की आशंका है और वह अमेरिका के साथ खुफिया जानकारी साझा कर रहा है। इस संघर्ष को करीब दो महीने होने जा रहे हैं। इसके दायरे के और फैलने के संकेत मिल रहे हैं।

ये भी पढ़ेंः ईरान ने क्या किसी अमेरिकी पायलट को पकड़ लिया है? फाइटर जेट गिराने के दावे के बीच संशय बरकरार

अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments