UPSC CSE Result 2025: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सर्विसेज एग्जामिनेशन 2025 के लिए रिजल्ट जारी किया है। अनुज अग्निहोत्री ने इस परीक्षा में टॉप किया है। टॉपर अनुज अग्निहोत्री ने एक कोचिंग संस्थान के साथ अपने मॉक इंटरव्यू में खुलासा किया कि उन्होंने एम्स जोधपुर से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की है।
वहीं, राजेश्वरी सुवे ने इस परीक्षा में दूसरी रैंक हासिल की है। राजेश्वरी सुवे इंजीनियर हैं। वहीं, अकांश धुल को तीसरी रैंक मिली है। धुल ने श्रीराम कॉमर्स कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है। जामिया मिल्लिया इस्लामिया की आरसीए से ए आर मोहाइद्दीन ने सातवीं रैंक हासिल की है। सुरभि यादव की 14वीं और इफरा शम्स अंसारी की 24वीं रैंक आई है।
UPSC ने 958 अभ्यर्थियों का किया चयन
यूपीएससी ने इस परीक्षा के लिए कुल 958 अभ्यर्थियों का चयन किया है। वहीं, जामिया मिल्लिया इस्लामिया की रेसिडेंशियल कोचिंग एकेडमी (RCA) ने एक बार फिर से परचम लहरा दिया है। इस कोचिंग से इस बार कुल 38 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इनमें से 15 लड़कियां हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी आरसीए ने परचम लहराया है। बीते कुछ सालों से इस कोचिंग से 30 से ज्यादा अभ्यर्थियों का चयन यूपीएससी की परीक्षा के लिए हुआ है।
यूपीएससी द्वारा योग्यता के आधार पर तैयार की गई सूची अगली पीढ़ी के अधिकारियों के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और ग्रुप ‘ए’ और ग्रुप ‘बी’ के तहत विभिन्न केंद्रीय सेवाओं में शामिल होने का मार्ग प्रशस्त करती है।
मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर तैयार मेरिट
यूपीएससी सीएसई 2025 परीक्षा की मुख्य परीक्षा और व्यक्तित्व परीक्षण में प्राप्त अंकों के आधार पर यूपीएससी सीएसई की अंतिम मेरिट सूची पीडीएफ तैयार की गई है। UPSC CSE 2025 परीक्षा का रिजल्ट आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर घोषित कर दिया गया है। UPSC CSE 2025 का अंतिम परिणाम PDF फॉर्मेट में जारी किया गया है जिसमें सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवारों के नाम और रोल नंबर शामिल हैं। परिणाम की घोषणा के साथ ही आयोग UPSC टॉपर्स लिस्ट 2025 भी जारी करेगा।
भारत की सर्वोच्च प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के लिए कुल 180 रिक्तियां उपलब्ध हैं, जिनमें से 74 सामान्य वर्ग के लिए, 47 ओबीसी के लिए, 28 एससी के लिए, 18 ईडब्ल्यूएस के लिए और 13 एसटी वर्ग के लिए हैं।
इसी प्रकार भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) में कुल 55 रिक्तियां हैं जिनमें से 22 सामान्य वर्ग के लिए, 15 ओबीसी के लिए, 8 अनुसूचित जाति के लिए, 6 अल्पसंख्यक वर्ग के लिए और 4 अनुसूचित जनजाति के लिए हैं। सभी नियुक्तियां इन उपलब्ध पदों और सिविल सेवा परीक्षा नियम 2025 में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार अंतिम रूप दी जाएंगी।
आयोग के अनुसार, इस बार कुल 958 उम्मीदवारों को नियुक्ति के लिए चुना गया है। इनमें सामान्य वर्ग के 317, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, यानी ईडब्ल्यूएस, के 104, अन्य पिछड़ा वर्ग के 306, अनुसूचित जाति के 158 और अनुसूचित जनजाति के 73 उम्मीदवार शामिल हैं। इसके साथ ही, दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों को भी अलग-अलग श्रेणियों में शामिल किया गया है। कुल मिलाकर, इन विभिन्न श्रेणियों में कई दिव्यांग उम्मीदवार भी सिविल सेवाओं के लिए चयनित हुए हैं।

