Saturday, October 11, 2025
Homeभारतउज्जैन में फुटपाथ पर महिला के साथ दिन-दहाड़े हुए कथित रेप पर...

उज्जैन में फुटपाथ पर महिला के साथ दिन-दहाड़े हुए कथित रेप पर सियासत तेज…क्या है पूरा मामला?

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन से एक वीभत्स मामला सामने आया है जहां सड़क किनारे फुटपाथ पर एक महिला के साथ शख्स बलात्कार करता रहा, जबकि आसपास से गुजर रहे लोग घटना का वीडियो बनाते रहे लेकिन किसी ने मदद करने की जहमत नहीं उठाई। इस बीच घटना को लेकर अब कांग्रेस और भाजपा बयानबाजी में उलझे हैं। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्वाचन क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

पुलिस के मुताबिक बुधवार को उज्जैन के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक कोयला फाटक में फुटपाथ पर महिला के साथ बलात्कार किया गया। पुलिस ने बताया कि घटना के दौरान राहगीरों ने इसका वीडियो भी बनाया लेकिन किसी ने भी अपराध को रोकने की कोशिश नहीं की।

महिला के साथ फुटपाथ पर रेप

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार उज्जैन के नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) ओम प्रकाश मिश्रा ने बताया, ‘कल (गुरुवार) दोपहर करीब 3.30 बजे एक महिला पुलिस स्टेशन आई और रिपोर्ट की कि उसके साथ बलात्कार हुआ है। इसके बाद तुरंत एक महिला अधिकारी को बुलाया गया और उसकी कहानी सुनी गई। साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को मामले को सूचित करने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई।’

पुलिस ने कहा कि महिला ने अपनी शिकायत में लोकेश नाम के व्यक्ति को आरोपी बनाया है। ओम प्रकाश मिश्रा के अनुसार, ‘तुरंत एक टीम को लोकेश की तलाश में भेजा गया और कल (गुरुवार) एफआईआर दर्ज होने के दो घंटे के भीतर ही हमने लोकेश को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी को पुलिस स्टेशन लाया गया और पूछताछ की गई। इस दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।’

पुलिस के अनुसार महिला का मेडिकल टेस्ट भी कराया गया और लोकेश को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसके अलावा शुक्रवार को अदालत के सामने महिला का बयान भी दर्ज किया गया है। महिला ने अदालत के समक्ष बलात्कार की घटना की पुष्टि की है। इस घटना का एक वीडियो भी पुलिस के पास पहुंचा है, जिसे सबूत के रूप में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने ‘पीड़िता से शादी करने का वादा किया, उसे शराब पिलाई और फिर बुधवार को उसके साथ बलात्कार किया।’

कानून व्यवस्था पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मध्य प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जब आरजी कर रेप-हत्या मामले को लेकर बीजेपी देशभर में विरोध प्रदर्शन कर रही है, तब मध्य प्रदेश में सीएम के कार्यकाल में एक महिला के साथ फुटपाथ पर बलात्कार किया गया।

पटवारी ने कहा, ‘बीजेपी आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में बलात्कार और हत्या की घटना के खिलाफ देश भर में विरोध प्रदर्शन कर रही है…मध्य प्रदेश में, हर दिन 18 महिलाओं के साथ बलात्कार होता है या उन्हें किसी न किसी प्रकार के उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है। हदें अब तब पार हो गईं जब मुख्यमंत्री के ही निर्वाचन क्षेत्र में फुटपाथ पर एक महिला के साथ बलात्कार किया गया। मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और पीएम मोदी चुप क्यों हैं? मध्य प्रदेश में जंगल राज है।’

वहीं, मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस इस घटना का राजनीतिकरण कर रही है। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस के पास मध्य प्रदेश सरकार को घेरने के लिए कोई मुद्दा नहीं है और इसीलिए वे इस घटना को ऐसा रंग देने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा सरकार इस प्रकार की घटनाओं के अपराधियों को मौत की सजा देने के लिए कानून लाने वाली पहली सरकार है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और राज्य सरकार सुनिश्चित करेगी कि उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।’

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा