Friday, March 20, 2026
Homeविश्वईरान में लापता हुए तीन भारतीय नागरिकों को तेहरान पुलिस ने बचाया,...

ईरान में लापता हुए तीन भारतीय नागरिकों को तेहरान पुलिस ने बचाया, बंधक बना मांगी गई थी 1 करोड़ की फिरौती

तेहरानः ईरानी पुलिस ने पिछले महीने लापता हुए तीन भारतीयों को बचाया है। भारत स्थित ईरानी दूतावास ने इसकी जानकारी दी। दूतावास ने स्थानीय मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए कहा कि पिछले महीने ईरान में लापता हुए तीन भारतीय नागरिकों को सफलतापूर्वक बचा लिया गया है। ये स्थानीय ट्रैवल कंपनी की ओर से आकर्षक नौकरी का वादा किए जाने के बाद ऑस्ट्रेलिया जा रहे थे। 

तीनों व्यक्तियों की पहचान जसपाल सिंह, हुसनप्रीत सिंह और अमृतपाल सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के रहने वाले हैं और पहली मई को तेहरान पहुंचने के तुरंत बाद लापता हो गए थे।

दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पुष्टि की कि तेहरान पुलिस ने लापता व्यक्तियों को मुक्त कर दिया है। ईरानी दूतावास ने पोस्ट किया, “तेहरान पुलिस ने तीन लापता भारतीय नागरिकों को मुक्त करा लिया है। ईरान में स्थानीय मीडिया का कहना है कि पुलिस ने ईरान में लापता हुए तीन भारतीयों को ढूंढ़कर रिहा करा लिया है।”

ईरान में बनाया गया था तीनों को बंधक

ईरानी समाचार एजेंसी मेहर के अनुसार, ये लोग एक स्थानीय ट्रैवल कंपनी द्वारा आकर्षक नौकरी का वादा किये जाने के बाद ऑस्ट्रेलिया जा रहे थे। तस्नीम समाचार आउटलेट के मुताबिक, तीनों को दक्षिणी तेहरान स्थित वरामिन में बंधक बनाने वालों के खिलाफ पुलिस अभियान के बाद बचाया गया। लापता व्यक्तियों के परिवार के सदस्यों द्वारा अपने रिश्तेदारों के अचानक लापता होने पर गंभीर चिंता व्यक्त करने के बाद भारतीय दूतावास ने 28 मई को एक बयान जारी किया था।

बयान में कहा गया है, “तीन भारतीय नागरिकों के परिवार के सदस्यों ने भारतीय दूतावास को सूचित किया है कि उनके रिश्तेदार ईरान की यात्रा के बाद लापता हो गए हैं। दूतावास ने इस मामले को ईरानी अधिकारियों के समक्ष जोरदार तरीके से उठाया है और अनुरोध किया है कि लापता भारतीयों का तत्काल पता लगाया जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। हम दूतावास द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में परिवार के सदस्यों को नियमित रूप से जानकारी दे रहे हैं।”

परिवार से मांगी गई थी 1 करोड़ की फिरौती

रिपोर्टों से यह भी पता चला है कि परिवारों को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एक करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की गई थी, तथा धमकी भरे कॉल पाकिस्तानी फोन नंबरों से आए थे। इसने गंभीर चिंता पैदा कर दी, जिसके परिणामस्वरूप दोनों पक्षों की ओर से कूटनीतिक बातचीत तेज हुई।

भारत में ईरानी दूतावास ने इन घटनाक्रमों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ईरान के विदेश मंत्रालय का काउंसलर मामलों का विभाग इस मामले पर करीब से नजर रख रहा है।

दूतावास ने भारतीय नागरिकों को चेतावनी भी जारी की, जिसमें उन्हें सलाह दी गई कि “अन्य देशों की यात्रा की पेशकश करने वाले अनधिकृत व्यक्तियों या अवैध भारतीय एजेंसियों के वादों से धोखा न खाएं।”

भारत ने पहले भी ईरान की यात्रा करने वाले अपने नागरिकों के लिए यात्रा परामर्श जारी किया था, जिसमें उनसे सावधानी बरतने, तेहरान स्थित भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावासों के साथ संपर्क में रहने तथा असत्यापित ट्रैवल एजेंटों या बिचौलियों से बचने का आग्रह किया गया था।

 

IANS
IANS
Indo-Asian News Service (IANS) भारत की एक निजी समाचार एजेंसी है। यह विभिन्न विषयों पर समाचार, विश्लेषण आदि प्रदान करती है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments