दक्षिण भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सुपरस्टार थलपति विजय की बहुप्रतीक्षित और उनके राजनीतिक सफर से पहले की अंतिम फिल्म ‘जन नायकन’ (Jana Nayagan) रिलीज से पहले ही पाइरेसी का शिकार हो गई है। फिल्म के मुख्य दृश्य और टाइटल क्रेडिट्स सोशल मीडिया पर लीक होने के बाद पूरे फिल्म जगत में उबाल है।
इस घटना ने एक बार फिर करोड़ों रुपये के बजट और हजारों लोगों की मेहनत पर पानी फेरने वाली पाइरेसी की समस्या को केंद्र में ला दिया है। फिल्म के लीक होने पर सबसे पहले निर्माण कंपनी केवीएन प्रोडक्शंस ने एक आधिकारिक बयान जारी किया और इस कृत्य को गंभीर आपराधिक अपराध बताया है।
मेकर्स ने क्या कहा?
कंपनी ने कहा कि फिल्म के सीन और क्लिप्स को अवैध रूप से एक्सेस, कॉपी और सर्कुलेट किया गया है, जो कॉपीराइट कानून का स्पष्ट उल्लंघन है। मेकर्स ने साफ चेतावनी दी कि व्हाट्सएप, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम, एक्स, यूट्यूब या किसी भी प्लेटफॉर्म पर इस तरह के कंटेंट को डाउनलोड, शेयर या फॉरवर्ड करना आपराधिक अपराध है और ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त सिविल और क्रिमिनल कार्रवाई की जाएगी।
प्रोडक्शन हाउस के मुताबिक, इस मामले में फॉरेंसिक जांच समेत जरूरी कदम उठाए जा चुके हैं और लीक के पूरे नेटवर्क की पहचान की जा रही है। बयान में यह भी कहा गया, “हर डिजिटल गतिविधि ट्रेस की जा सकती है। अगर आपके पास ऐसा कोई कंटेंट आए, तो उसे तुरंत डिलीट करें और शेयर न करें।”
कमल हासन, चिरंजीवी से लेकर देवरकोंडा और ऋषभ शेट्टी तक ने जताई नाराजगी
बड़े बजट की इस फिल्म के अहम दृश्य और क्लिप्स सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद न सिर्फ मेकर्स की चिंता बढ़ी है, बल्कि साउथ के दिग्गज कलाकार भी खुलकर विरोध जता रहे हैं। दिग्गज अभिनेता और फिल्म निर्माता कमल हासन ने इस घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए इसे ‘सिस्टम की नाकामी’ करार दिया है। उन्होंने सीधे तौर पर सेंसर बोर्ड और सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
कमल हासन ने कहा, “जन नायकन का लीक होना कोई संयोग नहीं है। अगर सही प्रक्रिया समय पर पूरी हो जाती, तो हम इस स्थिति में नहीं होते। सर्टिफिकेशन में हुई अत्यधिक देरी ने पाइरेसी के लिए माहौल तैयार कर दिया। जब कानूनी रास्ते बंद हो जाते हैं, तो गैर-कानूनी रास्ते हावी हो जाते हैं। यह सैकड़ों कलाकारों, टेक्नीशियनों की मेहनत और ईमानदारी से टैक्स देने वाले प्रोड्यूसर्स व थिएटर मालिकों के निवेश को खतरे में डालती है। जब सिस्टम फेल हो जाता है, तो क्रिएटर्स की रक्षा कौन करता है?”
सुपरस्टार चिरंजीवी ने भी विजय का समर्थन करते हुए सिनेमा को बचाने की भावुक अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “जन नायकन के दुर्भाग्यपूर्ण लीक से मैं बहुत चिंतित हूँ। सिनेमा विश्वास, मेहनत और कई लोगों के सामूहिक सपनों पर टिका है। ऐसी घटनाएं हम सभी को प्रभावित करती हैं और याद दिलाती हैं कि अपनी रचनात्मक कृतियों की रक्षा करना कितना महत्वपूर्ण है। आइए हम सब मिलकर सिनेमा का सम्मान करें। पाइरेसी को खत्म करो, सिनेमा बचाओ।”
अपनी फिल्म ‘डियर कॉमरेड’ के दौरान पाइरेसी का दंश झेल चुके विजय देवरकोंडा ने इस घटना को एक व्यक्तिगत क्षति की तरह बताया। उन्होंने कहा, “इस लीक से मुझे बहुत गुस्सा आ रहा है। मैंने इस तरह की घटना का दर्द झेला है। ऐसा लगता है जैसे आप निशाने पर हैं, उम्मीदें खत्म हो गई हैं। यह सिर्फ मेरे बारे में नहीं, बल्कि मेरे साथ काम करने वाले कलाकारों और निर्माताओं के सपने भी दांव पर लगे हैं। इस मामले को जल्द सुलझाया जाना चाहिए और इसके पीछे के लोगों की पहचान होनी चाहिए, वरना यह व्यवस्था की विफलता होगी।”
वहीं अभिनेता-फिल्ममेकर ऋषभ शेट्टी ने भी इस घटना को बेहद गंभीर और अस्वीकार्य बताया। उन्होंने लिखा, “सिनेमा जुनून, सपनों और प्रेम पर बना होता है। जब कोई इस मेहनत से छेड़छाड़ करता है, तो यह हम सभी को प्रभावित करता है। दर्शकों से अपील है कि लीक फुटेज को फैलाना बंद करें और सिनेमा को बचाएं।” उन्होंने फिल्म की पूरी टीम और प्रोडक्शंस के साथ एकजुटता जताई।
पूजा हेगड़े भी भड़कीं
फिल्म में लीड एक्ट्रेस पूजा हेगड़े ने भी इस लीक पर गहरी निराशा जताई। उन्होंने लिखा, “एक फिल्म अनगिनत घंटों की मेहनत, जोखिम और त्याग का परिणाम होती है। इसका इस तरह लीक होना सिर्फ मेरे लिए नहीं, बल्कि पूरी टीम के लिए दुखद है।”
उन्होंने आगे कहा, “यह सिर्फ आंकड़ों का मामला नहीं है, बल्कि उस सम्मान का है जिसके हर कलाकार और तकनीशियन हकदार हैं। क्या हम सभी को यह हक नहीं कि हम विजय सर की आखिरी फिल्म को थिएटर में सही तरीके से एक साथ देखें?”
पूजा ने दर्शकों से अपील की कि वे फिल्म के रिलीज होने का इंतजार करें और पाइरेसी को बढ़ावा न दें।
फिल्ममेकर अरविंद श्रीनिवासन ने इस लीक की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि एडिट रेफरेंस वॉटरमार्क्ड फुटेज का लीक होना बेहद चिंताजनक और अस्वीकार्य है। फिल्म निर्माण के हर चरण में भारी मेहनत, भरोसा और रचनात्मकता लगती है, और ऐसी घटनाएं पूरी प्रक्रिया की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाती हैं।
उन्होंने आगे कहा कि संबंधित तकनीकी टीम को इस चूक की जिम्मेदारी लेनी चाहिए और लीक के स्रोत का पता लगाना चाहिए। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस तरह के फुटेज को न शेयर करें और रिपोर्ट करें।
ये बड़ी फिल्में भी पाइरेसी का हुईं शिकार
यह पहली बार नहीं है जब साउथ सिनेमा की बड़ी फिल्मों को इस तरह निशाना बनाया गया है। ‘जन नायकन’ से पहले कई ब्लॉकबस्टर फिल्में इस आग में झुलस चुकी हैं।
1. पुष्पा 2: द रूल
अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2: द रूल’ ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए, लेकिन यह फिल्म भी पाइरेसी से अछूती नहीं रही। रिलीज के कुछ ही घंटों के भीतर फिल्म का हाई-डेफिनिशन (HD) संस्करण टेलीग्राम और विभिन्न अवैध टॉरेंट साइटों पर अपलोड कर दिया गया था। मेकर्स ने खुद सोशल मीडिया पर स्वीकार किया था कि इस लीक के कारण फिल्म के शुरुआती कलेक्शन पर गहरा प्रभाव पड़ा, क्योंकि फिल्म तक लोगों की पहुंच अवैध रूप से आसान हो गई थी।
2. केजीएफ चैप्टर 2
यश और संजय दत्त अभिनीत ‘केजीएफ चैप्टर 2’ को पाइरेसी ने दोहरे स्तर पर चोट पहुंचाई। फिल्म का आधिकारिक ट्रेलर आने से पहले ही इसका पोस्टर और टीजर लीक हो गया था। फिल्म की रिलीज के बाद, इसके छोटे-छोटे महत्वपूर्ण सीन सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इतना ही नहीं, आधिकारिक ओटीटी रिलीज से काफी पहले ही फिल्म का एचडी प्रिंट अलग-अलग अवैध प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध हो गया था, जिससे इसके डिजिटल बिजनेस को नुकसान पहुंचा।
3. आरआरआर (RRR)
एसएस राजामौली की इस मास्टरपीस को तैयार होने में 5 साल का लंबा समय लगा। 500 करोड़ रुपये के विशाल बजट में बनी इस फिल्म की सुरक्षा के लिए मेकर्स ने कड़े इंतजाम किए थे, फिर भी फिल्म रिलीज के तुरंत बाद पाइरेसी का शिकार हो गई। फिल्म के मुख्य गानों की झलक रिलीज से पहले ही सोशल मीडिया पर लीक हो गई थी और बाद में पूरी फिल्म का एचडी प्रिंट ऑनलाइन आ गया, जिसने मेकर्स की रातों की नींद उड़ा दी थी।
4. बाहुबली फ्रैंचाइजी
पाइरेसी के खिलाफ सबसे कड़ा रुख ‘बाहुबली’ के समय देखने को मिला था। जब फिल्म के महत्वपूर्ण क्लाइमेक्स सीन सोशल मीडिया पर लीक हुए, तो राजामौली ने सुरक्षा सुनिश्चित होने तक पोस्ट-प्रोडक्शन का काम बीच में ही रोक दिया था। इस मामले में कानूनी कार्रवाई भी देखने को मिली। आंध्र प्रदेश पुलिस ने फुटेज चोरी करने के आरोप में विजयवाड़ा से एक ग्राफिक डिजाइनर को गिरफ्तार किया था।
बता दें ये फिल्में सिर्फ बनागी भर हैं। इससे पहले भी कई बॉलीवुड की फिल्में तमिलरॉकर्स के जरिए पाइरेसी का शिकार हुईं हैं। मेकर्स हर बार इसको लेकर चेतावनी देते हैं, कुछ कानूनी कार्रवाई भी होती है लेकिन यह बदस्तूर जारी रहता है।

