थाईलैंड के नखोन रत्चासिमा प्रांत में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। निर्माणाधीन हाई-स्पीड रेल परियोजना में लगा एक क्रेन अचानक गिर पड़ा और चलती यात्री ट्रेन से टकरा गया। हादसे में अब तक कम से कम 22 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 30 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं। कई यात्री डिब्बों में फंसे रहे, जिन्हें निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान चलाया गया।
यह दुर्घटना नाखोन रैचसीमा प्रांत के सिखियो जिले में सुबह करीब 9:05 बजे हुई। ट्रेन राजधानी बैंकॉक से देश के उत्तर-पूर्वी हिस्से की ओर उबोन रैचथानी जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, हाई-स्पीड रेल ब्रिज के निर्माण के दौरान लगा क्रेन अचानक गिरा और सीधे गुजरती ट्रेन पर आकर गिर पड़ा।
टक्कर के बाद ट्रेन पटरी से उतर गई और आग लग गई
टक्कर के बाद ट्रेन पटरी से उतर गई और कुछ डिब्बों में आग भी लग गई। हालांकि आग पर जल्दी काबू पा लिया गया। थाई अधिकारियों ने बताया कि कई यात्री ट्रेन के भीतर फंस गए थे, जिन्हें निकालने के लिए कई बचाव दल मौके पर तैनात किए गए।
थाईलैंड सरकार के जनसंपर्क विभाग ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर कहा कि हादसे में बड़ी संख्या में यात्री घायल हुए हैं और राहत कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। पुलिस और प्रशासन ने पूरे इलाके को घेर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।
थाईलैंड में निर्माण और रेल हादसों का पुराना रिकॉर्ड
थाईलैंड में सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण पहले भी इस तरह के कई खतरनाक हादसे हो चुके हैं। पिछले साल मार्च 2025 को बैंकॉक के रामा II रोड पर एक निर्माणाधीन टोलवे पर क्रेन गिरने से चार मजदूरों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया था कि जब मजदूर वहां सीमेंट डालने का काम कर रहे थे, तब अचानक जोर के धमाकों के साथ क्रेन गिर पड़ी। इससे पहले अगस्त 2025 में भी बैंकॉक जा रही एक ट्रेन कुई बुरी जिले में पटरी से उतर गई थी, जिसमें कई यात्री घायल हुए थे।
इतना ही नहीं, नवंबर 2024 में समुत साखोन में क्रेन हादसे में तीन श्रमिकों की मौत हुई थी और मार्च 2024 में एक फैक्ट्री में इसी तरह की घटना में सात लोगों की जान गई थी। साल 2023 में भी बैंकॉक में एक निर्माणाधीन सड़क पुल गिरने से दो लोगों की मौत हुई थी।

