Friday, March 20, 2026
Homeभारतहैदराबाद में रोड का नाम डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर रखने का...

हैदराबाद में रोड का नाम डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर रखने का तेलंगाना सरकार का प्रस्ताव, भाजपा ने क्या कहा?

हैदराबाद शहर में अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास के सामने वाली प्रमुख सड़क का नाम ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ रखा जाएगा। इसके अलावा एक प्रमुख मार्ग का नाम ‘गूगल स्ट्रीट’ रखने का भी प्रस्ताव है।

हैदराबाद: तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद में एक प्रमुख सड़क का नाम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि भाजपा की ओर से इसकी आलोचना करते हुए इस पर विरोध जताया है। माना जा रहा है कि तेलंगाना सरकार का नाम बदलने का ताजा कदम ‘तेलंगाना राइजिंग ग्लोबल समिट’ से पहले वैश्विक ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार हैदराबाद शहर में अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास के सामने वाली प्रमुख सड़क का नाम ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ रखा जाएगा। अधिकारियों का मानना ​​है कि अमेरिका के बाहर किसी वर्तमान राष्ट्रपति के सम्मान में यह दुनिया में पहली बार ऐसा कदम उठाया जा रहा है।

इसके अलावा राज्य में उनन बड़ी वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों पर भी सड़कों के नाम रखने के प्रस्ताव हैं, जिन्होंने हैदराबाद को एक टेक हब के रूप में स्थापित करने में योगदान दिया है। इस सूची में एक प्रमुख मार्ग का नाम ‘गूगल स्ट्रीट’ रखना भी शामिल है। इसके अलावा विचाराधीन अन्य नाम ‘माइक्रोसॉफ्ट रोड’ और ‘विप्रो जंक्शन’ भी हैं। सरकार का मानना है कि इससे राज्य की इनोवेशन इमेज मजबूत होगी और ग्लोबल कंपनियों से जुड़ाव बढ़ेगा।

राज्य ने रविरयाला स्थित नेहरू आउटर रिंग रोड को प्रस्तावित फ्यूचर सिटी से जोड़ने वाली 100 मीटर लंबी ग्रीनफील्ड रेडियल रोड का नाम पद्म भूषण रतन टाटा के नाम पर रखने का भी संकल्प लिया है। रविरयाला इंटरचेंज को पहले ही ‘टाटा इंटरचेंज’ नाम दिया जा चुका है।

मुख्यमंत्री रेड्डी ने कहा कि विश्व स्तर पर प्रभावशाली हस्तियों और प्रमुख निगमों के नाम पर सड़कों का नामकरण करने से दोहरा उद्देश्य पूरा होता है। उन्होंने कहा कि यह एक उचित सम्मान है और यहां आने वाले लोगों के लिए प्रेरणा का काम करता है, साथ ही हैदराबाद को वैश्विक स्तर पर पहचान के एक नए स्तर पर पहुँचाता है।

भाजपा ने ट्रंप पर सड़क का नाम रखने की आलोचना की

केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता बंदी संजय कुमार ने रेड्डी की आलोचना करते हुए कहा कि हैदराबाद का नाम बदलकर वापस भाग्यनगर कर देना चाहिए। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, ‘अगर कांग्रेस सरकार नाम बदलने के लिए इतनी ही उत्सुक है, तो उसे किसी ऐसे नाम से शुरुआत करनी चाहिए जिसका वास्तव में इतिहास और अर्थ हो।’

उन्होंने कहा कि रेवंत रेड्डी जो भी ट्रेंड करता है, उसके नाम पर जगहों का नाम बदल रहे हैं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘महाधरना के माध्यम से सरकार से सवाल पूछने और लोगों के वास्तविक मुद्दों को उठाने वाली एकमात्र पार्टी भाजपा ही है।’

बताते चलें कि तेलंगाना राइजिंग ग्लोबल समिट की शुरुआत सोमवार (8 दिसंबर) से हुई है और यह दो दिन चलेगा। यह शिखर सम्मेलन फ्यूचर सिटी में आयोजित किया जाएगा, जो रंगा रेड्डी जिले के कंदुकुर में स्थित 100 एकड़ में फैला एक बड़ा स्थल है। आयोजकों को उम्मीद है कि उद्घाटन समारोह में 44 देशों के 154 प्रतिनिधियों सहित लगभग 2,000 विजिटर शामिल होंगे।

सोमवार दिन में दोपहर 2.30 बजे मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का मुख्य भाषण होगा। उनके भाषण में विजन 2047 की योजना, संभावित व्यावसायिक अवसर, निवेश के लिए सरकारी समर्थन, तेलंगाना की शासन रणनीतियाँ और भारत फ्यूचर सिटी की अवधारणा जैसे प्रमुख विषय शामिल होंगे।

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments