Friday, March 20, 2026
Homeभारततेज प्रताप ने लालू यादव और राबड़ी देवी के लिए लिखा भावुक...

तेज प्रताप ने लालू यादव और राबड़ी देवी के लिए लिखा भावुक पोस्ट, कहा- सिर्फ आप दोनों का प्यार चाहिए, और कुछ नहीं

पटनाः राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से निष्कासन और पिता लालू प्रसाद यादव द्वारा सार्वजनिक रूप से त्यागे जाने के एक सप्ताह बाद, तेज प्रताप यादव ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने अपने माता-पिता लालू प्रसाद और राबड़ी देवी से पुनः अपनाने की गुहार लगाई और अपने निष्कासन के लिए राजनीतिक साजिशों को जिम्मेदार ठहराया।

तेज प्रताप यादव ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर अपने माता-पिता लालू यादव और राबड़ी देवी के लिए भावुक संदेश लिखा है। तेज प्रताप यादव ने पोस्ट में अपने माता-पिता को सर्वोपरि बताया है और कहा कि उन्हें किसी राजनीतिक पद की कोई लालसा नहीं है। उन्हें सिर्फ अपने माता-पिता का प्यार और आशीर्वाद चाहिए।

तेज प्रताप यादव ने एक्स पर पोस्ट में लिखा- “मेरे प्यारे मम्मी पापा….मेरी सारी दुनिया बस आप दोनों में ही समाई है। भगवान से बढ़कर हैं आप और आपका दिया कोई भी आदेश। आप है तो सबकुछ है मेरे पास। मुझे सिर्फ आपका विश्वास और प्यार चाहिए ना कि कुछ और।”

तेज प्रताप ने आगे लिखा, “पापा आप अगर नहीं होते तो ना ये पार्टी होती और ना मेरे साथ राजनीति करने वाले कुछ जयचंद जैसे लालची लोग। बस मम्मी पापा आप दोनों स्वस्थ और खुश रहें हमेशा।”

इससे पहले छोटे भाई तेजस्‍वी यादव के पुत्र होने के बाद भी तेज प्रताप यादव ने ‘एक्‍स’ पोस्‍ट किया था, जिसमें उन्‍होने नवजात को आशीर्वाद देते हुए लिखा था, “श्री बांके बिहारी जी की असीम कृपा व आशीर्वाद से नवजात शिशु के आगमन ( पुत्ररत्न की प्राप्ति ) पर मुझे बड़े पापा बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। छोटे भाई तेजस्वी प्रसाद यादव एवं राज श्री यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं…भतीजे को मेरा स्नेहिल आशीर्वाद एवं शुभ प्यार।”

तेज प्रताप का यह भावुक पोस्ट उस फैसले के कुछ दिन बाद आया है जिसमें लालू प्रसाद यादव ने उन्हें छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। लालू यादव के बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव पहले से शादीशुदा हैं। तेज प्रताप यादव की शादी ऐश्‍वर्या राय से हुई थी। हालांकि दोनों के बीच तलाक का मामला अभी कोर्ट में चल रहा है। ऐसे में अचानक एक महिला के साथ तेज प्रताप यादव की तस्‍वीर वायरल होने के बाद खलबली मच गई है। बाद में उन्होंने दावा किया कि उनका अकाउंट हैक किया गया था। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने इस मामले में एक्‍शन लेते हुए सामाजिक न्‍याय का हवाला दिया उन्हें पार्टी और परिवार से बाहर का रास्‍ता दिखा दिया।

राजद प्रमुख ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि तेज प्रताप का आचरण “पारिवारिक मूल्यों के खिलाफ” है। लालू ने 26 मई को अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था, “निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अनदेखी हमारी सामाजिक न्याय की सामूहिक लड़ाई को कमजोर करती है। मेरे बड़े बेटे का व्यवहार और सार्वजनिक आचरण परिवार की मर्यादा के अनुरूप नहीं है। ऐसे में मैं उन्हें पार्टी और परिवार से बाहर कर रहा हूँ।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि तेज प्रताप अपने निजी जीवन में सही-गलत का निर्णय खुद कर सकते हैं, लेकिन जो लोग उनके साथ जुड़ना चाहते हैं, वे अपनी मर्जी और जिम्मेदारी पर जुड़ें।

तेजस्वी यादव ने कहा था निजी और राजनीतिक जीवन अलग

इस पूरे घटनाक्रम पर तेज प्रताप के छोटे भाई और बिहार में RJD का चेहरा तेजस्वी यादव ने मीडिया से कहा, “पार्टी का रुख स्पष्ट है निजी और राजनीतिक जीवन अलग हैं। हम ऐसे आचरण को बर्दाश्त नहीं कर सकते। मेरे बड़े भाई के लिए व्यक्तिगत फैसले उनके अधिकार में हैं, लेकिन राजनीति में संयम और अनुशासन जरूरी है।”

 

 

अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments