चेन्नईः तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के बीच सीट शेयरिंग फाइनल हो गई है। राज्य की 234 सीटों पर अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (AIADMK) 178 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं, भारतीय जनता पार्टी गठबंधन में छोटे भाई की तरह चुनाव लड़ेगी। पार्टी 27 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।
वहीं, गठबंधन के अन्य दलों में शामिल पीएमके को 18 सीट और एएमएमके 11 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगी। एआईएडीएमके नेता एडप्पाडी के पलानीस्वामी (ईपीएस) ने कहा कि गठबंधन के भीतर बातचीत सुचारू रूप से हुई। उन्होंने पुष्टि की कि सीटों का आधिकारिक रूप से निर्धारण हो चुका है। उन्होंने आगे कहा कि अन्य पार्टियों के साथ बातचीत अभी जारी है। जल्द ही उनकी सीटों का आवंटन किया जाएगा।
AIADMK के नेता ने NDA की जीत का किया दावा
ईपीएस ने गठबंधन की संभावनाओं पर विश्वास व्यक्त करते हुए एनडीए को “विजयी गठबंधन” बताया। उन्होंने दावा किया कि यह सभी सीटों पर जीत हासिल करेगा और एआईएडीएमके सरकार बनाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि AIADMK ने भाजपा के साथ गठबंधन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वे दिल्ली जाते हैं तो उनके खिलाफ “अपमानजनक बयान” फैलाए जाते हैं। ईपीएस ने दावा किया कि मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को उनकी राष्ट्रीय राजधानी यात्राओं से डर लगता है।
इस दौरान उन्होंने गठबंधन की गतिशीलता पर भी बात की और कहा कि साझेदारों का मिलना आम बात है। उन्होंने सवाल किया कि कनिमोझी राहुल गांधी से मिलने दिल्ली क्यों गईं?
यह भी पढ़ें – Cyber Scam: कर्नाटक में ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर 81 वर्षीय कारोबारी से 15.45 करोड़ की ठगी
इस बीच जब उनसे गठबंधन की सरकार को लेकर सवाल पूछा गया तो जवाब दिया कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि AIADMK अकेले ही सरकार बनाएगी।
भाजपा तमिलनाडु प्रभारी पीयूष गोयल क्या बोले?
भाजपा के तमिलनाडु प्रभारी और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में तमिलनाडु की जनता डीएमके-कांग्रेस गठबंधन को उसी तरह नकार देगी, जैसे महाराष्ट्र, हरियाणा, बिहार और दिल्ली के मतदाताओं ने इंडिया ब्लॉक को नकार दिया था।
गोयल ने कहा कि लोग सुशासन, विकासशील राजनीति, एक अच्छे भविष्य और युवाओं और महिलाओं के लिए अवसरों की ओर देख रहे हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तमिलनाडु नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनाने को तैयार है।
यह भी पढ़ें – सोनम वांगचुक की हिरासत के खिलाफ याचिका सुप्रीम कोर्ट ने की खारिज, पत्नी ने मामले को लंबित रखने की रखी थी मांग
गौरतलब है कि राज्य की सभी 234 सीटों के लिए एक ही चरण में चुनाव 23 अप्रैल को होंगे। वहीं इसके नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। राज्य में 5.69 करोड़ मतदाता पंजीकृत हैं।
2021 के विधानसभा चुनाव में डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद डीएमके नेता एमके स्टालिन सीएम बने।

