नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप-2026 का आगाज शनिवार (7 फरवरी) से होने जा रहा है। इस वर्ल्ड कप से पहले ही कई विवाद छाए हुए हैं। बांग्लादेश के प्रकरण के बाद पाकिस्तान के भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज में नहीं खेलने के फैसले ने विवाद और गहरा दिया है। भारत और पाकिस्तान दोनों टीमें ग्रुप-ए में हैं और इन्हें 15 फरवरी को कोलंबो में भिड़ना है। पाकिस्तान की टीम को अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलने हैं क्योंकि भारत के साथ राजनयिक तनातनी के बीच दोनों टीमें एक-दूसरे के घर में नहीं खेल रही हैं।
पिछले कुछ सालों से आईसीसी के इवेंट वाले भारत-पाकिस्तान के मैच न्यूट्रल वैन्यू पर खेले जाते रहे हैं। हालांकि, अब पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ नहीं खेलने का फैसला लेकर एक नई लकीर खींच दी है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इसे अपनी सरकार का फैसला बता रहा है। आईसीसी इन घटनाक्रमों पर क्या एक्शन लेगी, ये बात की बात है लेकिन फिलहाल सवाल ये भी है कि अगर टूर्नामेंट में पाकिस्तान पर ग्रुप स्टेज से ही बाहर होने का खतरा मंडराने लगा तो क्या तब भी वो भारत के खिलाफ नहीं खेलने के फैसले पर कायम रहेगी।
भारत से नहीं खेलना कहीं महंगा न पड़ जाए!
ग्रुप-ए को देखें तो इसमें पाकिस्तान और भारत के अलावा नीदरलैंड, अमेरिका और नामीबिया जैसी टीमें हैं। कुल मिलाकर देखा जाए तो अभी ग्रुप से पाकिस्तान और भारत के ही अगले चरण यानी सुपर-8 में पहुंचने की संभावना है। हालांकि, तस्वीर बदल भी सकती है। अमेरिका की टीम टेक्सास में 2024 के वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को सुपर ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में हरा चुकी है। उस मैच में पाकिस्तानी टीम बाबर आजम, फखर जमान, उस्मान खान, नसीम शाह, शादाब खान और शाहीन शाह अफरीदी जैसे सितारे थे।
इसके अलावा नीदरलैंड्स का भी अपने से मजबूत प्रतिद्वंद्वियों को हराने का इतिहास रहा है। खासकर 2022 में दक्षिण अफ्रीका जैसी टीम को हराना इसका एक उदाहरण है। ऐसे में यदि पाकिस्तान टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार जारी रखता है, तो उसे अपने बाकी ग्रुप मैचों में एक भी हार भारी पड़ सकती है। पाकिस्तान अगर भारत से नहीं खेलता है तो इसका सीधा फायदा टीम इंडिया को होगा। उन्हें दो अंक मिलेंगे।
इसके अलावा, श्रीलंका में बारिश की भी संभावना है, जहां पाकिस्तान को अपने सभी मैच खेलने हैं। पाकिस्तान का पहला मैच 7 फरवरी को है। वह नीदरलैंड्स से भिड़ेगा। इसके बाद पाकिस्तान की टीम 10 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ खेलेगी। इन दो मैचों में पाकिस्तान टीम अगर जीत हासिल करती है तो जाहिर है भारत के खिलाफ मैच को वो टालने का जोखिम आराम से उठा सकती है। हालांकि, बारिश या हार उसकी मुश्किलें बढ़ा देगी।
हमारी फ्लाइट बुक है: सूर्यकुमार यादव
भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में मैच खेला जाना है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस मामले पर गुरुवार को कहा कि भारतीय खिलाड़ियों की फ्लाइट बुक है। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार नहीं किया है।
सूर्यकुमार यादव ने गुरुवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 कैप्टन्स डे प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से कहा, ‘हमने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना नहीं किया, बल्कि उन्होंने मना किया है। मुझे लगता है कि मानसिकता काफी साफ है। हमने मैच खेलने से मना नहीं किया है। यह दूसरी तरफ से आया है। आईसीसी ने आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। बीसीसीआई और सरकार ने आईसीसी के साथ मिलकर एक न्यूट्रल वेन्यू तय किया है। हमारी फ्लाइट कोलंबो के लिए बुक है। इसलिए हम निश्चित रूप से जा रहे हैं। टीम में चर्चा हुई है कि हम पहले 7 फरवरी को खेलेंगे, फिर वहां जाएंगे।’
दूसरी ओर पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा का भी बयान आया है। उन्होंने कहा, ‘यह हमारा फैसला नहीं है, हम कुछ नहीं कर सकते। हमारी सरकार और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष जो भी कहेंगे, हम वही करेंगे।’
इससे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार को इस बात की पुष्टि की कि विश्व कप से बांग्लादेश को हटाए जाने के बाद उसके साथ एकजुटता दिखाने का एक तरीका बहिष्कार था।
बताते चलें कि भारत के साथ न खेलने का पाकिस्तान का रुख आईसीसी के टी20 वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने के फैसले के बाद आया है। सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में खेलने से मना करने के बाद बांग्लादेश को बाहर कर दिया गया था।
वहीं, आईसीसी ने पाकिस्तान सरकार के अपनी क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने के निर्देश देने के फैसले पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा था कि चुनिंदा भागीदारी की यह स्थिति एक ग्लोबल स्पोर्ट्स इवेंट के मूल सिद्धांत के साथ मेल नहीं खाती, जहां सभी क्वालिफाइड टीमों से इवेंट शेड्यूल के अनुसार बराबर शर्तों पर मुकाबला करने की उम्मीद की जाती है।
श्रीलंका बोर्ड ने पीसीबी को लिखा पत्र
इन सबके बीच हाईवोल्टेज मैच के कैंसिल होने से श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) को भी भारी आर्थिक नुकसान होगा। बोर्ड ने इसे लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को पत्र लिखा है। रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीलंका अपने होने वाले आर्थिक नुकसान को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सामने यह मुद्दा उठाने जा रहा है।
श्रीलंका क्रिकेट ने पीसीबी को कोलंबो में भारत के साथ न खेलने के पाकिस्तान के फैसले के बाद हुए बड़े नुकसान के बारे में बताते हुए कहा है कि इस मैच को लेकर सभी इंतजाम पूरे हो चुके हैं।
एसएलसी ने पीसीबी को लिखे अपने पत्र में कहा है कि कोलंबो में बड़े पैमाने पर होटल की बुकिंग कैंसिल होने की भी खबरें आई हैं, जिससे टूरिज्म सेक्टर पर असर पड़ा है। इस पत्र में मुश्किल समय में पाकिस्तान को श्रीलंका के पिछले सपोर्ट को याद किया गया है और इस पर दोबारा सोचने की गुजारिश की गई है।
खबर है कि इस बड़े मैच के लिए एडवांस बुकिंग की वजह से कोलंबो के होटलों में ज्यादा बुकिंग हुई थी। अब जब मैच पर शक है, तो कैंसलेशन बढ़ने की उम्मीद है। एयरलाइंस पर भी दबाव पड़ सकता है, क्योंकि इस हाई-प्रोफाइल मैच के आस-पास बनाए गए खास ट्रैवल प्लान पर फिर से विचार किया जा रहा है। टूर ऑपरेटर और लोकल बिजनेस, जिन्होंने विजिटर की संख्या में बढ़ोतरी के लिए तैयारी की थी, उन्हें अब नुकसान हो सकता है। इंडस्ट्री के जानकारों ने चेतावनी दी है कि अगर हालात नहीं सुलझे तो टूरिज्म सेक्टर को काफी नुकसान हो सकता है।

