मुंबई: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2026) के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। वर्ल्ड कप से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ T20 सीरीज के लिए भी टीम का ऐलान साथ किया गया। वर्ल्ड कप के लिए चुनी गई टीम में शुभमन गिल को जगह नहीं मिली है। वे अब तक टी20 टीम के उप-कप्तान भी थे। इसके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा को भी जगह नहीं मिली है।
जितेश की जगह शानदार फॉर्म में चल रहे ईशान किशन को शामिल किया गया है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में ईशान किशन ने दमदार प्रदर्शन किया था और इसी की बदौलत उनकी टीम इंडिया में वापसी हुई है। वर्ल्ड कप में सूर्यकुमार यादव ही टीम की कप्तानी करेंगे। वहीं, उपकप्तानी की जिम्मेदारी अक्षर पटेल को मिली है। रिंकू सिंह और वाशिंगटन सुंदर को भी टीम में शामिल किया गया है।
BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया, कप्तान सूर्यकुमार यादव और चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने शनिवार को मुंबई में BCCI हेडक्वार्टर से टी20 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की।
गिल के लिए मुश्किल रहा है ये साल
गिल पैर की चोट की वजह से पिछले दो टी20 मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नहीं खेल पाए थे। यह चोट उन्हें लखनऊ में रद्द हुए टी20 मैच से पहले नेट प्रैक्टिस के दौरान लगी थी। वैसे टी20 इंटरनेशनल में गिल के लिए यह साल अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने 15 पारियों में सिर्फ 291 रन बनाए हैं। उनका औसत 24.25 और स्ट्राइक रेट 137.26 का रहा है। साथ ही उनके नाम कोई फिफ्टी या शतक भी इस साल नहीं है।
बहरहाल, वर्ल्ड कप के लिए चुनी गई टीम की बात करें तो बल्लेबाजों में अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, रिंकू और किशन जैसे आक्रामक खिलाड़ी शामिल हैं। हार्दिक पांड्या, जिन्होंने अहमदाबाद में आखिरी टी20 में 25 गेंदों पर 63 रन बनाए थे, वे शामिल हैं। बतौर ऑलराउंडर पांड्या के अलावा अक्षर, शिवम दुबे और वाशिंगटन सुंदर भी टीम में हैं।
गेंदबाजी में तीन फ्रंटलाइन फास्ट बॉलर और दो फ्रंटलाइन स्पिनर शामिल हैं। जसप्रीत बुमराह तेज गेंदबाजी अटैक की अगुवाई करेंगे, जबकि अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा अन्य दो तेज गेंदबाज हैं। स्पिनरों में वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव शामिल हैं।
भारत अभी T20 वर्ल्ड कप का मौजूदा चैम्पियन है। जाहिर है उस पर ट्रॉफी को बचाने का दबाव होगा। वर्ल्ड कप से पहले भारत अपनी जमीन पर न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन वनडे और पांच T20 खेलेगा। T20 सीरीज 21 जनवरी से 31 जनवरी तक है, जो वर्ल्ड कप जैसे बड़े इवेंट की तैयारी के लिए अहम होगी। तीन वनडे मैचों के लिए टीम बाद में घोषित की जाएगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज 11 जनवरी से 18 जनवरी तक खेले जाएंगे।
T20 World Cup-2026 और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज भारत की टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जसप्रित बुमरा, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, इशान किशन, रिंकू सिंह।
टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से हो रही है और फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा। इस दौरान फाइनल मिलाकर कुल 55 मैच खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप चरण के बाद सुपर-8 में 8 टीमें पहुंचेंगी, जिसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल में पहुंचने वाली टीमों का फैसला होगा।

