Friday, March 20, 2026
Homeखेलकूदटी20 विश्व कप: श्रीलंका में पाकिस्तानी खिलाड़ी ने होटल की महिला कर्मचारी...

टी20 विश्व कप: श्रीलंका में पाकिस्तानी खिलाड़ी ने होटल की महिला कर्मचारी के साथ किया था दुर्व्यवहार, जुर्माना लगा

रिपोर्ट के अनुसार कथित दुर्व्यवहार करने वाले खिलाड़ी के पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की अनुशासनात्मक समिति के समक्ष पेश होने की संभावना है और उसे आगे की सजा भी मिल सकती है।

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी पाकिस्तान की क्रिकेट टीम एक बार फिर सुर्खियों में है। ऐसी खबरें सामने आई हैं कि आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप मैचों के लिए श्रीलंका के कैंडी स्थित एक होटल में ठहरने के दौरान पाकिस्तान टीम के एक खिलाड़ी ने महिला स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार किया था। महिला स्टाफ की शिकायत के बाद टीम मैनेजर ने खिलाड़ी पर जुर्माना भी लगाया। हालांकि, खिलाड़ी का नाम सामने नहीं आया है।

यह घटना मेजबान श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान के आखिरी सुपर 8 मैच से पहले हुई थी। टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट की रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और टीम के अंदरूनी हलकों में इसकी दबी-दबी चर्चा हो रही है।

रिपोर्ट में टीम सूत्रों के हवाले से बताया गया है, ‘श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान के सुपर-8 के आखिरी मैच से पहले पाकिस्तानी विश्व कप टीम के एक खिलाड़ी ने होटल की एक महिला कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार किया। कर्मचारी ने चिल्लाकर मदद मांगी, जिसके बाद एक होटल स्टाफ उसकी मदद के लिए पहुंचा और मामले की जानकारी पाकिस्तान टीम के मैनेजर नवेद चीमा को दी।’

टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट की रिपोर्ट में कहा गया है, ‘गोल्डन क्राउन होटल के शीर्ष प्रबंधन ने मामले से सख्ती से निपटाने की मांग की थी, लेकिन चीमा ने खिलाड़ी की ओर से माफी मांग ली और दुर्व्यवहार के लिए उस पर जुर्माना लगाया।’

रिपोर्ट के अनुसार कथित दुर्व्यवहार करने वाले खिलाड़ी को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की अनुशासनात्मक समिति के समक्ष पेश होने की संभावना है और उसे आगे की सजा भी मिल सकती है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों और बैक रूम स्टाफ का दूसरे देशों में दौरों के दौरान दुर्व्यवहार और अभद्रता का इतिहास रहा है। युवा पाकिस्तानी बल्लेबाज हैदर अली को पिछले साल मैनचेस्टर पुलिस ने इंग्लैंड दौरे पर बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया था। रिपोर्ट के अनुसार, हैदर अदालत में पेश हुआ, लेकिन सबूतों के अभाव में उसे रिहा कर दिया गया।

ऐसे ही पाकिस्तान टीम में मसाज देने वाले मलंग अली पर भी कुछ साल पहले मलेशिया दौरे पर एक महिला कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा था और उन पर जुर्माना लगाया गया था।

वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का प्रदर्शन

पाकिस्तान का इस टी20 विश्व कप में प्रदर्शन बहुत उत्साहजनक नहीं रहा है और बड़े मैचों में टीम बुरी तरह से फेल रही। ग्रुप मैचों में पाकिस्तान को भारत से 61 रनों की बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, नीदरलैंड्स सहित अमेरिका और नामिबिया से मुकाबले जीत टीम सुपर-8 में पहुंचने में कामयाब रही थी।

सुपर-8 में पाकिस्तान को पहला मुकाबला न्यूजीलैंड से खेलना था। यह मैच बारिश की वजह से रद्द करना पड़ा था, जिसके बाद पाकिस्तान के लिए मुश्किलें बढ़ गई थी। इसके बाद दूसरे मैच में इंग्लैंड के खिलाफ भी पाकिस्तान को 2 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

वहीं, पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ सुपर-8 का अपना आखिरी मैच पांच रन से जीत लिया, लेकिन नेट रन-रेट के आधार पर टीम सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाई। इसके बाद रविवार और सोमवार को अलग-अलग ग्रुप में टीम के खिलाड़ी अपने देश लौट गए।

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments