T20 World Cup 2026: सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 7 रन से मात दे कर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया है। टी20 विश्वकप का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च (रविवार) को अहमदाबाद में खेला जाएगा।
भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में काफी रोमांच बना रहा। अंततः भारतीय टीम को जीत मिली। वहीं, पहले सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया था।
इस मुकाबले के लिए संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया है। सैमसन ने 42 गेंदों में 89 रनों की शानदार पारी खेली। इस पारी में सैमसन ने 8 चौके और 7 छक्के जड़े। वहीं इंग्लैंड के खिलाड़ी जैकब बेथल ने शानदार शतकीय पारी खेली। हालांकि, वह टीम को जीत नहीं दिला सके। बेथल ने 48 गेंदों में 8 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 105 रन बनाए।
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का किया फैसला
गौरतलब है कि सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए और इंग्लैंड के सामने विशाल लक्ष्य रखा।
भारतीय टीम की तरफ से सर्वाधिक रन संजू सैमसन (89) ने बनाए। शिवम दुबे ने 25 गेंदों में 43 रन, ईशान किशन ने 18 गेंदों में 39 रन बनाए। हालांकि, सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का बल्ला एक बार फिर से जम नहीं पाया और वह मात्र 9 रन बनाकर आउट हुए।
वहीं हार्दिक पांड्या ने 27 और तिलक वर्मा ने 21 रन बनाए। इंग्लैंड की तरफ से विल जैक्स और आदिल रशीद ने 2-2 विकेट झटके। वहीं, जोफ्रा आर्चर को एक विकेट मिला।
बेथेल की शतकीय पारी भी नहीं दिला सकी जीत
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और सिर्फ 13 रन के स्कोर पर फिलिप साल्ट चलते बने। वहीं, 38 रन पर दूसरा विकेट के रूप में हैरी ब्रुक और 64 रन के स्कोर पर जोश बटलर का विकेट गिरा।
95 रन के स्कोर पर टॉम बैंटन आउट हुए। हालांकि, इस बीच जैबक बेथेल एक छोर पर टिके रहे और तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए शतक ठोंका। बेथल ने 48 गेंदों में 105 रन बनाए। अगर बेथल रनआउट न हुए होते तो शायद मैच का अंत कुछ और होता।
इंग्लैंड की तरफ से विल जैक्स ने 35 और टॉम बैंटन ने 17 रनों की पारी खेली। वहीं आर्चर ने 19 और सैम करन ने 18 रनों की पारी खेली।
भारतीय टीम की तरफ से हार्दिक पांड्या ने 4 ओवर में 38 रन देकर 2 विकेट झटके। वहीं, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने 1-1 विकेट लिया। वरुण चक्रवर्ती सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए और 4 ओवर में 64 रन खरचे।
वहीं, जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 33 रन दिए और एक विकेट मिला। इसी के साथ बुमराह ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 500 विकेट पूरे किए।
टी20 विश्व कप में भारत की इस जीत के साथ फाइनल का टिकट पक्का कर लिया है। भारतीय टीम का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को न्यूजीलैंड से होगा। गौरतलब है कि भारत टी20 विश्व कप का डिफेंडिंग चैंपियन भी है। 2024 के टी20 विश्व कप में भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को हराकर खिताब हासिल किया था।

