अहमदाबाद: संजू सैमसन (89), अभिषेक शर्मा (52) और ईशान किशन (54) की दमदार बल्लेबाजी और फिर बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराते हुए लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया है। यह पहली बार है जब किसी टीम ने लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया है। साथ ही ये भी पहली बार है जब किसी टीम ने अपनी ही जमीन पर टी20 वर्ल्ड कप जीता है।
भारत के नाम अब सबसे ज्यादा तीन टी20 वर्ल्ड कप खिताब हो गए हैं। भारत ने पहला टी20 वर्ल्ड कप 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में जीता था। वह टी20 वर्ल्ड कप का पहला संस्करण भी थी। इसके बाद ये करिश्मा टीम इंडिया ने 2024 में दोहराया। उस समय कप्तान रोहित शर्मा थे।
न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 256 रनों का लक्ष्य था लेकिन कीवी टीम 19 ओवर में 159 रनों पर सिमट गई। न्यूजीलैंड की ओर से टिम सेफर्ट ने सबसे अधिक 52 रनों की पारी खेली। भारत की ओर से अक्षर पटेल ने तीन और जसप्रीत बुमराह ने चार वकेट झटके। इसके अलावा हार्दिक पंड्या और वरुण चक्रवर्ती को भी एक-एक सफलता मिली। अभिषेक शर्मा को भी एक सफलता मिली।
भारत की ओर से रखे गए विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही। न्यूजीलैंड को पहला झटका 31 के स्कोर पर तीसरे ओवर में लगा। फिन एलेन केवल 9 रन बनाकर अक्षर पटेल का शिकार उस समय हुए जब तिलक वर्मा ने उन्हें बाउंड्री लाइन पर लपका। इसके बाद अगले ही ओवर की पहली गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने कीवी टीम को झटका दिया। रचिन रवींद्र केवल एक रन बनाकर आउट हुए। इशान किशन ने उनका बेहतरीन कैच पकड़ा।
पांचवें ओवर में ग्लेन फिलिप्स (5) पवेलियन लौटे। उनका विकेट अक्षर पटेल ने लिया। इसके बाद 8वें ओवर में मार्क चैपमैन को भी हार्दिक पांड्या के ओवर में पवेलियन लौटना पड़ा।
बीच के ओवरों में डेरिल मिचेल (17) और कप्तान मिशेल सैंटनर (27 गेंदों पर 36) ने छठे विकेट के लिए 28 गेंदों पर 52 रनों की साझेदारी जरूर की। हालांकि सैंटनर के आउट होते ही न्यूजीलैंड पूरी तरह से मुकाबले से बाहर हो गया।
भारत की दमदार बल्लेबाजी
इससे पहले संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की तूफानी पारियों के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड को जीत के लिए 256 रन का विशाल टारगेट दिया। खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। इसके जवाब में टीम इंडिया ने 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए।
भारत को संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 7.1 ओवरों में 98 रन की साझेदारी की। अभिषेक 21 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 52 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
यहां से संजू सैमसन ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 105 रन जुटाकर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। संजू ने लगातार तीसरी पारी में अर्धशतक लगाया। खिताबी मैच में उन्होंने 46 गेंदों में 8 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 89 रन बनाए।
टीम इंडिया को 16वें ओवर की पहली गेंद पर सैमसन के रूप में दूसरा झटका लगा। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर ईशान (54) और अंतिम गेंद पर कप्तान सूर्यकुमार यादव (0) भी पवेलियन लौट गए। ईशान ने 25 गेंदों में 4 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 54 रन बनाए।
टीम इंडिया 204 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो चुकी थी। यहां से तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने हार्दिक पंड्या (18) के साथ 22 रन और शिवम दुबे (नाबाद 26) के साथ 29 रन की अटूट साझेदारी करते हुए भारत को 255 रन तक पहुंचाया, जो टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट का सबसे बड़ा स्कोर भी है।
कीवी टीम की तरफ से जेम्स नीशम ने 4 ओवरों में 46 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि रचिन रवींद्र और मैट हैनरी ने 1-1 विकेट निकाला।
(समाचार एजेंसी IANS के इनपुट के साथ)

