Friday, March 20, 2026
HomeखेलकूदPAK क्रिकेटर अबरार अहमद को खरीदने पर मुश्किल में सनराइजर्स! विवाद पर...

PAK क्रिकेटर अबरार अहमद को खरीदने पर मुश्किल में सनराइजर्स! विवाद पर BCCI ने क्या कहा?

सनराइजर्स लीड्स ने ट्रेंट रॉकेट्स से अधिक बोली लगाते हुए पाकिस्तानी खिलाड़ी अबरार अहमद को खरीदा है। अबरार को खरीदने को लेकर फ्रेंचाइजी के अधिकारियों ने कहा कि चयन पूरी तरह क्रिकेट की काबिलियत और टीम की जरूरतों के आधार पर किया गया।

नई दिल्ली: इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) द्वारा संचालित ‘द हंड्रेड’ में खिलाड़ियों की नीलामी के बाद भारत में बड़ा विवाद खड़ा होता नजर आ रहा है। नीलामी का आयोजन 12 मार्च को किया गया था। इसमें भारतीय सन ग्रुप की स्वामित्व वाली सनराइजर्स लीड्स ने नीलामी में पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद को खरीदा। इसी को लेकर पूरा विवाद शुरू हुआ है। भारत में कई क्रिकेट फैंस सनराइजर्स के इस कदम को देश विरोधी बता रहे हैं।

सनराइजर्स लीड्स दरअसल आईपीएल की सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़ी है। फ्रेंचाइजी की कमान उद्योगपति कलानिधि मारन के सन ग्रुप के पास है। ऐसे में सोशल मीडिया पर फैंस आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद का बहिष्कार करने की धमकी दे रहे हैं। आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ काव्या मारन हैं, इसलिए वे भी निशाने पर हैं।

आलोचकों का कहना है कि ऐसे खिलाड़ी को खरीदना, जिसने कथित तौर पर 2025 में भारतीय सेना का मजाक उड़ाने वाला पोस्ट सोशल मीडिया पर किया था, टीम मालिकों की पैसा कमाने की प्राथमिकताओं को देश की भावनाओं पर तरजीह देने जैसा है।

सनराइजर्स वे अबरार अहमद को कितने में खरीदा?

सनराइजर्स लीड्स ने ट्रेंट रॉकेट्स से अधिक बोली लगाते हुए अबरार को साइन किया है। अबरार के लिए दोनों फ्रेंचाइजी में प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। अबरार की बेस प्राइस करीब 92.5 लाख रुपये थी। लंबी बोली के बाद आखिरकार सनराइजर्स ने उन्हें 2.34 करोड़ रुपये में खरीदा।

नीलामी से पहले यह अनुमान लगाया जा रहा था कि द हंड्रेड में शामिल चार भारतीय स्वामित्व वाली टीमें- सनराइजर्स लीड्स, एमआई लंदन, मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और सदर्न ब्रेव पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर बोली लगाने से बचेंगी।

हालांकि ईसीबी ने नीलामी से पहले सभी आठ टीमों को चेतावनी दी थी कि राष्ट्रीयता के आधार पर खिलाड़ियों को न लेना यूके के एंटी-डिस्क्रिमिनेशन कानूनों का उल्लंघन है। वैसे, भारतीय स्वामित्व वाली टीमें एसए20 और आईएलटी 20 जैसी अन्य लीगों में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को साइन नहीं करती हैं।

अबरार को खरीदने को लेकर फ्रेंचाइजी के अधिकारियों ने कहा कि चयन पूरी तरह क्रिकेट की काबिलियत और टीम की जरूरतों के आधार पर किया गया। शैडो-बैन की आशंकाओं को इस साइनिंग से समाप्त किया गया, लेकिन अब उन्हें भारत में अपने मुख्य कमर्शियल मार्केट में पीआर संकट का प्रबंधन करने की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।

बीसीसीआई ने पूरे विवाद पर क्या कहा?

पूरे विवाद पर बीसीसीआई की ओर से भी प्रतिक्रिया आई है। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि यह मामला बोर्ड के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। राजीव शुक्ला ने समाचार एजेंसी ANI से कहा, ‘यह हमारे अधिकार क्षेत्र में नहीं है। उन्होंने ऐसा किसी विदेशी लीग के लिए किया है। उन्हें ही फैसला लेना होगा। हम इसमें कुछ नहीं कर सकते।’

दूसरी ओर सनराइजर्स लीड्स के कोच डेनियल विटोरी ने अबरार की खरीद की रणनीति को लेकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी की पहली पसंद इंग्लैंड के आदिल रशीद थे। हालांकि, नीलामी में उन्हें साउदर्न ब्रेव ने खरीद लिया। इसके बाद सनराइजर्स ने स्पिन गेंदबाजी के लिए दूसरे विकल्पों पर ध्यान दिया और अबरार को टीम में शामिल करने का फैसला हुआ।

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments