Saturday, October 11, 2025
Homeखेलकूदसुनील छेत्री...भारत के इस स्टार फुटबॉलर के 10 बड़े कारनामों के बारे...

सुनील छेत्री…भारत के इस स्टार फुटबॉलर के 10 बड़े कारनामों के बारे में क्या आप जानते हैं?

दिल्ली: भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री ने संन्यास लेने का ऐलान किया है। वह कुवैत के खिलाफ फीफा विश्व कप क्वालीफायर के बाद अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल को अलविदा कह देंगे। 39 साल के इस दिग्गज स्ट्राइकर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर 10 मिनट का एक वीडियो जारी करते हुए अपने सफर को याद किया और संन्यास की ऐलान किया। भारत जैसे देश में जहां क्रिकेट के आगे सभी खेल और खिलाड़ियों की पहचान कहीं ज्यादा धुंधली नजर आती है, इसके बावजूद छेत्री ने वो मुकाम हासिल किया, जिसके लिए कहा जा सकता है कि उनका मैदान को अलविदा कहना भारतीय फुटबॉल में एक युग के खत्म हो जाने के बराबर है। सुनील छेत्री क्यों खास हैं, इसका जवाब उनके बारे में इन 10 हैरान कर देने वाले तथ्यों को जानकर मिल जाएगा।

1. दुनिया में तीसरे सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी: आपको हैरानी होगी पर ये सच है! अभी सक्रिय फुटबॉल खिलाड़ियों में भारत के सुनील छेत्री इंटरनेशननल मैचों में गोल करने के मामले में तीसरे स्थान पर हैं। उनसे आगे पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो (128) और लियोनेल मेसी (108) हैं। छेत्री ने भारत के लिए 94 गोल किये हैं।

2. भारत के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी: इस स्टार स्ट्राइकर ने 12 जून 2005 को पाकिस्तान के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू किया। इस मैच में उन्होंने गोल भी दागा। अपने करीब दो दशक लंबे करियर में छेत्री ने भारत के लिए 150 मैच खेले हैं।

3. भारत के लिए कई टूर्नामेंट जीते: सुनील छेत्री 2008 में एएफसी चैलेंज कप, 2011 और 2015 में सैफ चैंपियनशिप… 2007, 2009 और 2012 में नेहरू कप में खिताब जीतने वाली भारतीय टीमों का हिस्सा रहे हैं। साथ ही 2017 और 2018 में इंटरकांटिनेंटल कप में वो भारतीय टीम का हिस्सा रहे।

4. तीन महाद्वीपों में खेलने वाले पहले भारतीय: सुनील छेत्री तीन अलग-अलग महाद्वीपों पर खेलने वाले एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। उन्होंने एशिया, यूरोप (स्पोर्टिंग क्लब डी पुर्तगाल) और उत्तरी अमेरिका (कैनसस सिटी विजार्ड्स) में खेला है।

5. खेल रत्न अवॉर्ड: सुनील छेत्री युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा प्रतिष्ठित खेल रत्न पुरस्कार प्राप्त करने वाले एकमात्र फुटबॉलर हैं। उन्हें 2021 में यह सम्मान मिला।

6. सबसे ज्यादा AIFF अवॉर्ड: सुनील छेत्री सबसे ज्यादा बार AIFF प्लेयर ऑफ द ईयर अवॉर्ड जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी भी हैं। उन्हें सात बार यह अवॉर्ड मिला है। छेत्री को 2007, 2011, 2013, 2014, 2017, 2019 और 2022 में यह अवॉर्ड मिला।

7. मेजर लीग सॉकर खेलने वाले पहले भारतीय: साल 2010 में कैनसस सिटी विजार्ड्स के लिए खेलने के बाद सुनील छेत्री मेजर लीग सॉकर खेलने वाले पहले भारतीय बने।

8. एशियन आइकन अवॉर्ड: साल 2018 में एशियाई फुटबॉल महासंघ ने सुनील छेत्री को ‘एशियाई आइकन’ की उपाधि से सम्मानित किया।

9. आईएसएल की पहली हैट्रिक: सुनील छेत्री इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) में हैट्रिक बनाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी थे। उन्होंने 2015 में मुंबई सिटी एफसी के लिए खेलते हुए यह उपलब्धि हासिल की थी। उनकी पहली आईएसएल हैट्रिक नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के खिलाफ आई।

10. FIFA ने रिलीज किया था छेत्री पर डॉक्यूमेंट्री: फीफा ने भी मैदान पर सुनील छेत्री की उपलब्धियों की सराहना की है। विश्व फुटबॉल नियामक ने 2022 में ‘कैप्टन फैंटास्टिक’ नाम से एक डॉक्यूमेंट्री जारी किया जिसमें छेत्री के फुटबॉल के मैदान पर कारनामों और उनके शानदार खेल शैली की बात की गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा